दो हफ्तों में हाथियों के हमलों में 23 लोगों की मौत, विधानसभा में उठी मुआवजा बढ़ाने की मांग टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बीते दो हफ्तों के भीतर हाथियों के हमलों में 23 लोगों की मौत ने पूरे राज्य को चिंता में डाल दिया है। बढ़ती घटनाओं को लेकर विधानसभा में जोरदार बहस हुई और सरकार से ठोस नीति बनाने, मुआवजा बढ़ाने तथा हाथी-मानव संघर्ष को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गयी। सदन में क्या उठे मुद्दे? ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने कहा कि लगातार हो रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि हाथियों को लेकर एक स्पष्ट और दीर्घकालिक नीति बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह केवल लोगों की सुरक्षा का सवाल नहीं, बल्कि वन्यजीवों के संरक्षण से भी जुड़ा मुद्दा है। अगर समय रहते संतुलन नहीं बनाया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। मुआवजा बढ़ाने की मांग उरांव ने बताया कि झारखंड में हाथी के हमले में मौत होने पर 4 लाख रुपये का मुआवजा मिलता है, जबकि पड़ोसी ओडिशा में यह राशि 10 लाख रुपये तक है। उन्होंने राज्य सरकार से मुआवजा राशि बढ़ाने पर विचार करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक मदद मिल सके। रेस्क्यू सेंटर और मोबाइल यूनिट की जरूरत विधायक ने सवाल उठाया कि क्या राज्य में एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर बनाया जायेगा और घायल हाथियों के इलाज के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट शुरू की जायेगी। उन्होंने कहा कि जब हाथियों का झुंड आबादी में घुस आता है तो कई बार पश्चिम बंगाल से विशेषज्ञ टीम बुलानी पड़ती है, जिससे देरी होती है और नुकसान बढ़ जाता है। सरकार का जवाब राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार ने माना कि हालात चिंताजनक हैं और सरकार इस दिशा में कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड अन्य राज्यों जैसे असम और ओडिशा की नीति का अध्ययन कर मुआवजा राशि तय करने पर विचार कर रहा है। मंत्री ने बताया कि राज्य में एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की कमी को दूर करने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (दफळ) बनायी जा रही है। इसके अलावा दो मोबाइल वेटरनरी यूनिट शुरू करने की भी योजना है, ताकि घायल हाथियों का समय पर इलाज हो सके। मुख्यमंत्री ने जतायी चिंता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पर्यावरण में बदलाव के कारण हाथियों के व्यवहार में परिवर्तन आया है। सरकार इस मुद्दे को समग्र दृष्टिकोण से देख रही है और जल्द ही एक विस्तृत एसओपी तैयार की जायेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी घटना के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाये। साथ ही एलिफेंट कॉरिडोर में अवैध खनन पर सख्ती बरती जायेगी। मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि जंगली हाथियों को नियंत्रित करने के लिए तमिलनाडु से छह कुनकी हाथी मंगाये जा रहे हैं। ये प्रशिक्षित हाथी होते हैं, जिनकी मदद से रेस्क्यू आपरेशन सुरक्षित तरीके से किया जाता है।
क्रम संख्या 7 पर बक्शा छाप पर मुहर लगाने का अपील एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद (पलामू)। नगर निकाय चुनाव के तहत आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थमने के साथ ही शहर में सियासी गतिविधियों पर विराम लग जायेगा। इससे पहले अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शशि कुमार चुनाव चिन्ह झ्र क्रम संख्या 7, बक्शा छाप ने समर्थकों के साथ अंतिम चरण का जनसंपर्क अभियान चलाया। प्रचार के अंतिम दिन उन्होंने विभिन्न वार्डों और प्रमुख इलाकों में लोगों से मुलाकात कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में जिन योजनाओं की शुरुआत हुई थी, उन्हें पूर्ण रूप से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता रहेगी। दिनभर चले संपर्क अभियान के दौरान समर्थकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कई स्थानों पर नागरिकों ने उनका स्वागत किया और नगर की मूलभूत सुविधाओं—साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और प्रकाश व्यवस्था—से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। शशि कुमार ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बैलेट पेपर में क्रम संख्या 7, बक्शा छाप के समक्ष मतदान करने का अनुरोध किया।शाम होते-होते शहर में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर रही, वहीं निर्धारित समय के बाद सभी दलों और प्रत्याशियों द्वारा आचार संहिता के तहत प्रचार गतिविधियां बंद कर दी जायेंगी। अब नजरें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जहां जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर की अगली तस्वीर तय करेगी।
पोलिंग पार्टी डिस्पैच 22 फरवरी को, मतदान 23 फरवरी को एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 की तैयारियों को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में हुई। बैठक में उपायुक्त ने पोलिंग पार्टी डिस्पैच को लेकर सभी कोषांगों को आवश्यक निर्देश दिये। कार्मिक कोषांग को सभी मतदान कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरण करने, सामग्री कोषांग को डिस्पैच से पूर्व सभी सामग्रियां हस्तगत करा देने व मतपेटिकाएं तैयार रखने, मतपत्रों की व्यवस्था, वाहन कोषांग को वाहनों की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। पोलिंग पार्टियां 22 फरवरी (रविवार) को सुबह 8।30 बजे से समाहरणालय परिसर लोहरदगा में रिपोर्ट करेंगी। वहां पोलिंग पार्टियों का मिलान कर व उन्हें आवश्यक मतदान सामग्री हस्तगत कर उनके सेक्टर पुलिस पदाधिकारी के साथ रवाना किया जायेगा।जोनल मजिस्ट्रेट लगातार मतदान पर नजर रखेंगे उपायुक्त ने कहा कि मतदान (23 फरवरी) शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए दो जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। दोनों जोनल मजिस्ट्रेट निर्वाचन कार्य को शांतिपूर्ण संपन्न कराएंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत सूचना देंगे। सभी निवार्ची पदाधिकारी व सहायक निवार्ची पदाधिकारी भी अपने-अपने संबंधित वार्ड में नजर बनाये रखेंगे। मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी हेतु सभी मतदान केंद्रों में सीसीटीवी अधिष्ठापित किये गए हैं। आज की बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जोनल दण्डाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा सभी सेक्टर दंडाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी व सभी कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
23 फरवरी को मताधिकार का प्रयोग करने की अपील एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 अंतर्गत मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होना है जिसके तहत अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान हेतु आज बाईक रैली के माध्यम जागरूक किया गया। उपायुक्त डॉ ताराचंद द्वारा बाईक रैली को हरी झंडी दिखायी गयी। मौके पर उन्होंने 23 फरवरी को मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सपरिवार अपने बूथ पर पहुंचे और वोट करें। आज की बाईक रैली समाहरणालय परिसर से प्रारंभ हुई जो कचहरी मोड़, ब्लॉक मोड़, पावरगंज, मैना बगीचा होते हुए वापस समाहरणालय परिसर में संपन्न हुई। आज इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, आइटीडीए परियोजना पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेंग समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रोड शो में सैकड़ों महिलाओं ने दिखाया समर्थन एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा शहरी क्षेत्र के वार्ड 8 से वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी एवं पूर्व वार्ड पार्षद अविनाश कौर ने चुनाव प्रचार के तहत शनिवार को वार्ड क्षेत्र में भव्य रोड शो किया। इस दौरान सैकड़ों महिलाएं उनके साथ मौजूद रहीं और पूरे उत्साह के साथ उनका समर्थन किया। रोड शो के दौरान अविनाश कौर ने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर मतदाताओं से संपर्क किया और अपने पक्ष में समर्थन देने की अपील की। मौके पर अविनाश कौर ने कहा कि वह वार्ड के संपूर्ण विकास के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी हैं। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास हमेशा उनके साथ रहा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार भी वार्ड की जनता विकास के लिए उन्हें ही चुनेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों को गति देना उनका मुख्य उद्देश्य है।वार्ड के मतदाता जानते हैं कि सुख-दुख में कौन उनके साथ खड़ा होता है और कौन अवसर की राजनीति कर रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वार्ड संख्या 8 के चुनाव में क्रम संख्या 2 पर बेबी वॉकर चुनाव चिह्न पर मोहर लगाकर उन्हें विजयी बनायें। अविनाश कौर ने कहा कि एक बेटी, बहन और बहू के रूप में वह वार्ड के लोगों के अधिकारों की रक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। रोड शो के दौरान समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया और लोगों ने अविनाश कौर को जीत का आशीर्वाद देने का भरोसा दिलाया।
झारखंड में मौसम का यू-टर्न : रांची, खूंटी, हजारीबाग सहित कई जिलों में बारिश के आसार, 3 दिन रहें सावधान! टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और सक्रिय होते पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों के भीतर बारिश की प्रबल संभावना जतायी गयी है। पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ रहने के कारण बढ़ रही तपिश के बीच, बादलों की आवाजाही शुरू हो गयी है, जो जल्द ही गरज-चमक के साथ फुहारों में बदल सकती है। मौसम विभाग के संकेतों ने साफ कर दिया है कि अब लोगों को अपनी छतरियां तैयार रख लेनी चाहिए। इन जिलों में बरसेंगे बादल मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का सबसे ज्यादा असर राज्य के मध्य और दक्षिणी जिलों में देखने को मिलेगा। इनमें राजधानी रांची, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़ के साथ-साथ दक्षिणी हिस्से के जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। विशेषकर जमशेदपुर और सरायकेला जैसे इलाकों में जहां फरवरी में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है, वहां यह बारिश लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आयेगी। आंशिक बादलों के कारण दोपहर की चिलचिलाती धूप से भी थोड़ी निजात मिलने की उम्मीद है। तापमान का उतार-चढ़ाव और गर्मी की तपिश बारिश से पहले, यानी 21 से 23 फरवरी के बीच राज्य के लोगों को कड़ाके की धूप और हल्की गर्म हवाओं का सामना करना होगा। दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं, राज्य के वे जिले जो आमतौर पर ठंडे माने जाते हैं जैसे पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा और गढ़वा वहां भी पारे में तेजी से उछाल देखा जा रहा है।इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जो पहले 10 डिग्री से नीचे था, अब बढ़कर 13 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं अधिकतम तापमान भी 31 डिग्री को पार कर चुका है। कुल मिलाकर, झारखंड में इस समय मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ दोपहर की झुलसाने वाली धूप गर्मी का अहसास करा रही है, तो दूसरी तरफ आने वाली बारिश प्री-मानसून जैसा अहसास कराने को बेताब है।
द रांची प्रेस क्लब की वूमेंस वेलफेयर कमेटी की महिला पत्रकारों ने मंत्री दीपिका व नेहा शिल्पी तिर्की को दिया वसंत मेला में आने का आमंत्रण द रांची प्रेस क्लब की वूमेंस वेलफेयर कमेटी कर रही है दिवसीय बसंत मेले का आयोजन टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब में 27 और 28 फरवरी को दो दिवसीय वसंत मेला का आयोजन किया जा जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर वूमेंस वेलफेयर कमिटी जोर शोर से लगी हुई है। इसी क्रम में आज द रांची प्रेस क्लब की वूमेंस वेलफेयर कमेटी की वरिष्ठ पत्रकार रेखा पाठक, प्रतिमा सिंह और नेहा वारसी ने ग्रामीण विकास एवं पंचयती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की को मेला में आने का आमंत्रण विधान सभा परिसर के कार्यालय में दिया। इन्होंने मेला में शिरकत करने का आश्वासन दिया है। आयोजन को सफल और व्यवस्थित रूप देने के लिए एक सब-कमेटी का गठन भी क्लब में किया गया है। इसमें राजन बॉबी, अशोक गोप, चंदन वर्मा और विजय गोप शामिल हैं। दो दिवसीय इस मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाये जायेंगे। मेले में लगभग 35 स्टॉल लगाये जायेंगे। आगंतुकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल, आकर्षक परिधानों और हस्तशिल्प से सजे बुटीक स्टॉल, हेल्थ एवं वेलनेस से संबंधित काउंटर, बच्चों और युवाओं के लिए गेम्स जोन सहित कई अन्य स्टॉल उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा महिलाओं और परिवारों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जायेगा, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा। स्टॉल बुकिंग के इच्छुक व्यवसायी और उद्यमी रांची प्रेस क्लब कार्यालय अथवा सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। स्टाल बुकिंग 24 फरवरी तक जारी रहेगा, उसके उपरांत लॉटरी सिस्टम से स्टॉल धारको को स्टॉल आवंटित किया जायेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगर परिषद वार्ड 8 की प्रत्याशी अविनाश कौर ने शुक्रवार को जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सभी मोहल्ले में डोर-टू-डोर सभी लोगों से मिली। इस दौरान उन्होंने कहा की मतदाता यह अच्छी तरह से जानते हैं कि झूठ बेचा नहीं जा सकता और सच खरीद नहीं जा सकता। इसमें कोई संदेह नहीं कि मतदाताओं का प्रेम उनके साथ है।लोग चाहे जितना भी मतदाताओं को बरगलाने की कोशिश करें, लेकिन मतदाता हिलने वाले नहीं हैं। वह सुख-दुख में हमेशा सभी के साथ खड़ी हैं और आगे भी खड़ी रहेंगी। जाति-धर्म की राजनीति उन्होंने कभी सीखी नहीं है। हर मतदाता उनके लिए समान है। वार्ड का विकास ही हमारा उद्देश्य है और हम लोग वार्ड की सेवा करने के लिए ही खड़े हुए हैं। पिछले 10 वर्षों में हमने जहां तक हुआ वार्ड वासियों की पूरी सेवा की है और आने वाले समय में हमारी जीत पक्की है। वार्ड वासियों के साथ मिलकर पुन: वार्ड का विकास होगा एवं इसे आदर्श वार्ड बनाने का जो हमारा सपना है। वह पूरा होगा। इस जनसंपर्क अभियान में उनके साथ दर्जनों महिलाएं एवं समर्थक मौजूद थे।
पक्ष-विपक्ष के बीच जमकर चले शब्दबाण टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का शुक्रवार को तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का मुद्दा गरमा गया। इस पर पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना रांची विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि एसआईआर पूरे देश में हो रहा है। पश्चिम बंगाल में भी यह प्रक्रिया चल रही है और झारखंड में भी होगी। यह भारत का संवैधानिक प्रावधान है और इसे कराने का अधिकार चुनाव आयोग को है। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस इससे क्यों भाग रही है। सीपी सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने एसआईआर का विरोध कर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश की, लेकिन देश की जनता एसआईआर के पक्ष में है और उसका स्वागत कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इसका विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि इससे उसकी चोरी रुक जायेगी। जेडीयू ने एसआईआर को बताया चुनाव आयोग का काम जमशेदपुर से जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि एसआईआर का विरोध करने वाले लोग सुप्रीम कोर्ट तक गये, लेकिन वहां से उन्हें निराशा ही हाथ लगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए दूसरे देशों से आकर गलत तरीके से यहां रह रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाये जायेंगे। यह चुनाव आयोग का काम है। राजद ने लगाया गरीबों का वोट काटने का आरोप वहीं राजद विधायक संजय सिंह यादव ने एसआईआर का विरोध करते हुए कहा कि यह गलत प्रक्रिया है और इससे गरीबों के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इसका विरोध सड़क से लेकर सदन तक करेगी। झारखंड में भी होगा एसआईआर नेता प्रतिपक्ष सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रत्येक दस वर्षों में एसआईआर होता है। यह पूरे देश में चल रही प्रक्रिया है और झारखंड में भी लागू होगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। जो लोग मर चुके हैं या यहां से कहीं और चले गए हैं, उनके नाम सूची से हटाये जायेंगे। साथ ही, जो लोग दूसरे देश से अवैध रूप से यहां बसे हैं, उनके नाम भी हटाये जायेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को इससे राजनीतिक नुकसान हो रहा है, इसलिए वह इसका विरोध कर रही है। अन्य मुद्दों को भी विधायक ने उठाया इसके अलावा, आजसू के तिवारी महतो और बड़कागांव से भाजपा विधायक ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू और पूर्व विधायक निर्मला देवी की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि यह सब नौटंकी है और मीडिया में बने रहने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और उनकी ही पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गयी है। उन्होंने यह भी कहा कि विस्थापितों की लड़ाई उनकी पार्टी ने लड़ी है और उनकी समस्याओं को सदन में भी उठाया है। वहीं, डुमरी के विधायक जयराम महतो ने जेपीएससी का मुद्दा उठाया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.