हजारीबाग। हजारीबाग से बड़कागांव जाने वाली सड़क में खपरियावां और नवादा गांव के सघन आबादी के बीच पुलिस बल तैनात कर बिजली विभाग द्वारा 33 हजार वोल्ट का खंभा लगाए जाने को लेकर विवाद था। 17 जुलाई से कटकमदाग प्रखंड के ग्राम पंचायत खपरियावां के ग्रामवासी और बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच हुए घंटों विवाद का सोमवार को समाधान हो गया। बिजली विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार से विधायक समेत आठ सदस्यीय ग्रामीणों के एक दल ने मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। बता दें कि 17 जुलाई को जब विवाद हुआ तो स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल को दी थी। जिसके बाद सदर विधायक ने ग्रामीणों और बिजली विभाग के बीच समझौता करा कर विवाद को शांत कराया। विधायक मनीष जायसवाल के साथ सोमवार को खपरियावां गांव के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रांची पहुंच कर ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह झारखंड ऊर्जा वितरण निगम लिमिटेड के सीएमडी अविनाश कुमार सिंह से मुलाकात की। जहां उन्हें यहां से 33 हजार वोल्ट बिजली तार गुजरने से ग्रामीणों में दुर्घटना की आशंका बनी होने की समस्या से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा और विधायक मनीष जायसवाल के नेतृत्व में इस समस्या के निदान हेतु उनसे चर्चा की। मौके पर सदर विधायक मनीष जायसवाल ने बताया कि इस मामले में ग्रामीण अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर जो विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। वह बिल्कुल जायज है। विधायक जायसवाल ने ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके द्वारा इस मामले का निष्पादन हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से या तो इस योजना का रूट बदला जाएगा या भूमिगत केबलिंग किया जाएगा। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में खपरियावां मुखिया मंजू मिश्रा, समाजसेवी रामकिशोर सावंत, भाजपा कटकमदाग महामंत्री वीरेंद्र कुमार, ग्रामीण जयपाल सिंह, विकास मिश्रा, अनुराग मिश्रा, राजू कुमार राम और योगेंद्र राम शामिल थे।
हुसैनाबाद पलामू। झारखंड प्रदेश राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के प्रभारी कमलेश कुमार सिंह व पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता सूर्या सिंह ने दिल्ली में पार्टी सुप्रीमो शरद पवार से मिले। उन्होंने हुसैनाबाद को जिला बनाने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री से बात करने का आग्रह किया। नेताओं ने कहा कि झारखंड में पार्टी के संगठन को मजबूत किया जा रहा है। सभी जिलों से कार्यकर्ता एनसीपी के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने शरद पवार के साथ बिहार की मौजूदा राजनीति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी का संगठन प्रखंड व पंचायत स्तर पर मजबूत किया जायेगा। इसके लिए रणनीति तय कर ली गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के उपरांत बिहार में पार्टी की गतिविधियां बढ़ने के साथ साथ जनता के मुद्दों को लेकर आंदोलन भी चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बिहार में पार्टी को सशक्त बनाने में झारखंड के नेता भी जुटेंगे। हुसैनाबाद विधायक कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर झारखंड की सरकार को उनका समर्थन मिला है। सरकार को भी इसका ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने शरद पवार से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर हुसैनाबाद को जिला बनाने व विकास की गति तेज करने के लिए वार्ता करने की बात कही। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निदेर्शानुसार झारखंड व बिहार में पार्टी विकल्प के रुप में उभरकर सामने आयेगी। पार्टी सुप्रीमो शरद पवार ने नेताओं को संगठन को मजबूत बनाने के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वह हुसैनाबाद के मामले पर झारखंड के मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
गढ़वा। भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा है कि झारखंड सरकार गढ़वा की जनता के साथ नाइंसाफी कर रही है। अपने अहम की पूर्ति के लिए गढ़वावासियों को बिजली संकट का सामना करा रही है। विधायक ने जिले में बढ़ी बिजली संकट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उक्त बातें कही। विधायक ने कहा कि गढ़वा जिला बिजली संकट से जूझ रहा है। खास कर ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति काफी बदतर है। अब सवाल यह उठता है कि गढ़वा में ये संकट क्यों हुआ। भानु ने कहा कि पिछले साल भगोडिह ग्रिड का उद्घाटन हुआ था। काफी नाटक कर चार बार डेट रखने के बाद श्रेय लेने के लिए इसका उद्घाटन किया गया। उस समय सारे फीडर चालू नहीं हुए थे। आनन फानन में उद्घाटन कर 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की गई। अब इस ग्रिड का सारा फीडर एक महीना पहले ही चार्ज हो चुका है। फिर से उद्घाटन के नाम पर बिजली रोक कर रखा गया है। साहब को समय नहीं मिल रहा है इसलिए जनता परेशान हो रही है। जब भगोडिह ग्रिड के सभी काम पूरे हो गये तो बिजली सप्लाई क्यों नहीं हो रही? अगर तार जोड़ने का भी उद्घाटन करना है तो क्या मुख्यमंत्री या मंत्री के पास समय नहीं है या गढ़वा जिला की जनता को तड़पा कर एहसास दिलाना चाहते हैं कि ग्रिड हमने बनाया है। भानु ने कहा कि कुछ भी करो पर जनता को मत मारो। रोज फीता काटो बल्कि एक मंत्री का पोस्टिंग वहीं कर दो रोज सुबह सुबह फीता काटे। सब श्रेय ले लो पर जनता को तो परेशान मत करो।
देवघर। सोमवार को साइबर थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में देवघर के डीएसपी मुख्यालय मंगल सिंह जामुदा एवं साइबर डीएसपी नेहा बाला ने संयुक्त रूप से बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 19 जुलाई को जिले के सारठ थाना क्षेत्र के ग्राम-पिंडारी, तेतरिया, बोचवान, पथरौल थाना के ग्राम-कुसाहा, पथरौल बाजार तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के ग्राम- पसीया में छापामारी कर कुल 14 (चौदह) साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से पुलिस ने 23 मोबाइल, 28 सीम और पांच एटीएम कार्ड बरामद किया है।
गुमला। मात्र 25 सौ रुपये के विवाद में नबीर खान को मार डाला। नबीर की हत्या पत्थर से कूचकर कर दी गई। नबीर ने विमल एक्का से 25 सौ रुपये उधार लिया था। जो आर्थिक तंगी के कारण नहीं चुका पा रहा था। रविवार की शाम को पैसे को लेकर नबीर के साथ विमल और ज्ञान का झगड़ा हुआ था। आरोप है कि रात 11 बजे विमल और ज्ञान ने एक अन्य के साथ मिलकर पत्थर से कूचकर नबीर को मार डाला। घटना की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने विमल एक्का और ज्ञान एक्का को गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के जमगाई गांव की है। मृतक के बड़े भाई मेराजुल खान ने चैनपुर थाने में विमल एक्का एवं ज्ञान एक्का के खिलाफ प्राथमिक दर्ज करायी है।
धनबाद। जिला के सभी ओपी और 55 थाना के मुंशी को लाइन क्लोज कर दिया गया है। SSP संजीव कुमार के आदेश पर जिले के सभी 50 थानों और ओपी में पदस्थापित मुंशी को 24 घंटे के अंदर लाइन क्लोज करने का आदेश दिया है। जिसमें SSP संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के द्वारा पूर्व में ही थानों में या OP में SI रैंक का मुंशी पदस्थापित करने का आदेश था, जो लंबित था। जिसे 24 घंटे के अंदर पदस्थापित सभी मुंशी को लाइन हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। बताया गया कि थानों में साक्षर मुंशी पदस्थापित करने को लेकर यह कदम उठाया गया है। पहले साक्षर मुंशी नहीं थे, वे सशस्त्र बल के जवान थे। जिससे केश डायरी में समस्या आती थी। अब साक्षर मुंशी पदस्थापित करने को लेकर यह कदम उठाया गया है। SI रैंक के पुलिस अधिकारी नियुक्त होने से सही पुलिसिंग होगी। सही केस डायरी बनेगी। फिलहाल थानों में या ओपी में SI रैंक के मुंशी को पदस्थापित नहीं किया गया है। जिससे फिलहाल जिले में सभी थाने और ओपी मुंशी विहीन हो गया है। इन साक्षर पुलिस कर्मियों में रामानंद यादव, नीलकंठ बावरी, उपेंद्र राम, मनजीत कुमार पासवान, राणा कुमार, राजेश महतो, लालचंद्र राम, राजीव कुमार चौबे, सुनील महतो, अमरेंद्र कुमार सिंह, प्रकाश सिंह, दुर्गा देवी, सृष्टिधर महतो, अजय बैठा, जयप्रकाश साहू, कालेश्वर उरांव, उपेंद्र कुमार, पंकज कुमार तिवारी, सरताज खान, धर्मेंद्र राम, प्रदीप कुमार मंडल, विष्णु शाह, शैलेंद्र कुमार राम, उपेंद्र यादव, प्रेमचंद्र कुमार, उदय राम, संतोष कुमार तिवारी, मनोज कुमार सिंह, देव नारायण यादव, दीनानाथ ओझा, दयाराम, अरुण बैठा, विजय दास, नरेश यादव, मनोज कुमार पासवान, सूर्य भानु प्रताप सिंह, नरेंद्र कुमार तिवारी, यशवंत कुमार सिंह, आलम शेख, धीरेंद्र कुमार राम, राम जयपाल यादव, विनय पासवान, संजय कुमार सिंह, सरवन राम, रविंद्र पासवान, संजय कुमार, प्रमोद कुमार, दीपक कुमार और रोहित कुमार शामिल है।
सिमडेगा। पुलिस ने 77 किलो गांजा को पकड़ा। गांजा एक स्विफ्ट डिजायर कार के अंदर से मिला। वहीं नशे के सौदागर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। बरामद गांजा की कीमत 38 लाख रुपये बतायी गई। गांजा को 15 पैकेट में सील कर कार में रखा गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में गांजा की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे। पुलिस ने उसका पीछा किया, पर अंधेरे का फायदा उठाकर कार सवार तस्कर कार छोड़कर भाग निकले। यह जानकारी एसपी डॉ शम्स तब्रेज ने दी।
चाईबासा। मुठभेड़ में PLFI का हार्डकोर उग्रवादी शनिचर सूरीन मारा गया। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एक आलाधिकारी ने इतना संकेत जरूर दिया कि सूचना में दम है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। शनिचर सूरीन पर झारखंड पुलिस ने 10 लाख का इनाम रखा है। वह पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप का खास माना जात है। वह गुमला जिले के कामडारा प्रखंड के सरिता बड़काटोली गांव का रहने वाला है। उसपर खूंटी, चाईबासा, सिमडेगा और गुमला में दर्जनों मामला दर्ज है। शुक्रवार की शाम खूंटी जिला पुलिस और चाईबासा पुलिस की टीम ने रनिया थाना और गुदड़ी थाना के सीमावर्ती क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन के लिए अभियान चलाया था। अभियान के दौरान खूंटी और चाईबासा के सीमावर्ती क्षेत्र में मुठभेड़ हुई थी। गुदड़ी थाना क्षेत्र के बड़ाकेशल गांव के जंगल में पीएलएफआई उग्रवादियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी जंगल का लाभ उठाकर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद से ही टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse