Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 11
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
गीता अध्यायों के प्रमाणों से तत्वदर्शी संत की पहचान बतायी : संत रामपाल जी महाराज
Published / 2026-01-01 20:54:37
गीता अध्यायों के प्रमाणों से तत्वदर्शी संत की पहचान बतायी : संत रामपाल जी महाराज

एबीएन सेंट्रल डेस्क (नरसिंहपुर)। श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित तत्वज्ञान और मनुष्य जीवन के परम लक्ष्य पूर्ण मोक्ष को लेकर रविवार को जिला नरसिंहपुर के आमगांव छोटा में संत रामपाल जी महाराज के सान्निध्य में एक विशाल सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग में गीता, वेद और सूक्ष्मवेद के प्रमाणों के माध्यम से बताया गया कि चौरासी लाख योनियों में मनुष्य जीवन ही ऐसा अवसर है, जिसमें जन्म-मृत्यु के चक्र से सदा के लिए मुक्ति संभव है। संत रामपाल जी महाराज ने गीता अध्याय 18 श्लोक 62 व 66 का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि साधक को सर्वभाव से उस परमेश्वर की शरण में जाना चाहिए, जिसकी कृपा से परम शांति और सनातन परमधाम सत्यलोक की प्राप्ति होती है। साथ ही गीता अध्याय 15 श्लोक 4 और अध्याय 4 श्लोक 34 के आधार पर यह बताया गया कि तत्वदर्शी संत से ही तत्वज्ञान प्राप्त होता है, जो अज्ञान रूपी बंधन को काटकर पूर्ण मोक्ष का मार्ग दिखाता है। सत्संग में गीता अध्याय 17 श्लोक 23 के अनुसार ॐ, तत्सत तीन मंत्रों के रहस्य पर भी प्रकाश डाला गया और बताया गया कि तत्वदर्शी संत तीन प्रकार के नाम उपदेश द्वारा साधक को काल और पूर्ण परमात्मा के भेद से परिचित कराते हैं। संत रामपाल जी महाराज ने कबीर साहेब व संत गरीबदास जी की वाणियों के प्रमाण देते हुए तत्वदर्शी संत की पहचान, शास्त्रानुकूल भक्ति और पूर्ण गुरु की आवश्यकता को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम में गांव के भगत जीवन दास, चंद्र कांत, दिनेश प्रजापति, चंदू वर्मा, नीलेश वर्मा, शालक वर्मा, महेद्र शर्मा, जगमोहन शर्मा आदि भगतआत्माएं मौजूद रही। कार्यक्रम के अंत में संत रामपाल जी महाराज के ज्ञान को समझकर अनेक श्रद्धालुओं ने उनसे नाम दीक्षा ग्रहण की। श्रद्धालुओं को यह भी जानकारी दी गई कि वे संत रामपाल जी महाराज का सत्संग प्रतिदिन साधना चैनल पर शाम 7:30 बजे से 8:30 बजे तक देख-सुन सकते हैं तथा यू ट्यूब और संत रामपाल जी महाराज सर्च कर उनके प्रवचन आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। श्रद्धालुओं ने इस सत्संग को अपने जीवन का निर्णायक मोड़ बताया।

वर्षांत 2025 : प्रयागराज महाकुंभ में छाये रहे ये चेहरे...
Published / 2025-12-30 20:31:05
वर्षांत 2025 : प्रयागराज महाकुंभ में छाये रहे ये चेहरे...

महाकुंभ से सोशल मीडिया तक छाये ये चेहरे... 2025 के सबसे वायरल लोग कौन हैं? एबीएन सेंट्रल डेस्क। सोशल मीडिया अगर आज का सबसे बड़ा मेला है, तो 2025 उसमें वायरल चेहरों का महाकुंभ साबित हुआ। कहीं साधु-संत कैमरे के सामने स्टार बन गये, कहीं सड़क पर छिपा टैलेंट लाखों दिलों तक पहुंच गया, तो कहीं सिर्फ 10 रुपये का बिस्कुट इंसान को पहचान दिला गया। इस साल वायरल होने के लिए न तो फिल्मी चेहरा चाहिए था, न बड़ा नाम...। बस एक सच्ची कहानी, थोड़ा सा हुनर और मोबाइल कैमरा काफी था। महाकुंभ की मोनालिसा से लेकर आइआइटी वाले बाबा तक, 2025 के ये चेहरे बताते हैं कि इंटरनेट आज किस तरह आम लोगों को असाधारण बना रहा है। महाकुंभ 2025 में साधारण सी दिखने वाली मोनालिसा अचानक सोशल मीडिया पर छा गयीं। मेले के दौरान उनका एक छोटा सा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उनकी सादगी, शांत कत्थई रंग की खूबसूरत आंखें और स्वाभाविक मुस्कान लोगों को बेहद पसंद आयी। देखते ही देखते उन्हें महाकुंभ की मोनालिसा कहा जाने लगा। वायरल होने के बाद मोनालिसा को मॉडलिंग और फिल्मी दुनिया से आफर मिलने लगे। मोनालिसा का सफर इस बात का उदाहरण बन गयी है कि सोशल मीडिया कैसे किसी आम इंसान की किस्मत रातोंरात बदल सकती है। हर्षा रिछारिया महाकुंभ में सबसे सुंदर साध्वी कहे जाने के बाद वायरल हुईं। उनके वीडियोज में न सिर्फ उनकी सुंदरता बल्कि आत्मविश्वास, स्पष्ट सोच और आध्यात्मिक विचार भी दिखे। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया, लेकिन हर्षा ने खुलकर जवाब दिये और अपने विचार मजबूती से रखे। यही वजह रही कि वह सिर्फ वायरल चेहरा नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर एक मजबूत आवाज बनकर उभरीं। उनके वीडियोज में आध्यात्मिक बातें, आत्मविश्वास और संतुलित सोच दिखी, जिसने युवाओं को खासा आकर्षित किया। उनका वायरल होना आध्यात्म और आधुनिक सोशल मीडिया के मेल का उदाहरण बना। आईआईटी से पढ़े अभय सिंह ने जब इंजीनियरिंग छोड़कर संन्यास का रास्ता चुना, तो उनकी कहानी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गयी। आईआईटी वाले बाबा नाम से मशहूर अभय सिंह ने सफलता, पैसा और मानसिक शांति को लेकर एक नयी बहस छेड़ दी। उनके इंटरव्यू और वीडियो खासकर युवाओं के बीच खूब देखे गये, क्योंकि वह यह सवाल उठाते हैं कि असली सफलता आखिर होती क्या है? आईआईटी से पढ़े बाबा अभय सिंह ने लोगों को चौंका दिया। इंजीनियरिंग छोड़कर संन्यास लेने की उनकी कहानी सोशल मीडिया पर खूब चली। लोग उन्हें आईआईटी बाबा कहने लगे। यह चेहरा इसलिए अहम है क्योंकि यह करियर, सफलता और मानसिक शांति पर नई बहस छेड़ता है। 10 रुपये वाला बिस्कुट बेचने वाले शादाब जकाती का वीडियो सोशल मीडिया पर अचानक ट्रेंड करने लगा। बेहद साधारण तरीके से अपनी बात रखने वाले शादाब ने दिखाया कि ईमानदारी और सच्चाई आज भी लोगों के दिलों को छूती है। उनका वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनसे जुड़ने लगे और उनकी कहानी गरीब मेहनतकश तबके की आवाज बन गयी। उनके वीडियो ने ये साबित कर दिया कि, टैलेंट और आइडिया ही असली ताकत है। इनके वीडियोज ने स्ट्रीट टैलेंट को नयी पहचान दी। ये सभी चेहरे दिखाते हैं कि 2025 में वायरल होना सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि कहानी, ईमानदारी और अलग सोच से जुड़ा है। सोशल मीडिया अब नये तरह के नायक गढ़ रहा है। 2025 के ये वायरल चेहरे सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि बदलते भारत और डिजिटल सोच की तस्वीर हैं... जहां हर आम इंसान के पास खास बनने का मौका है।

राज्यों को 17,000 करोड़ का फायदा दिलायेगा जी रामजी
Published / 2025-12-29 18:53:42
राज्यों को 17,000 करोड़ का फायदा दिलायेगा जी रामजी

जी राम जी से राज्यों को 17,000 करोड़ का फायदा, कांग्रेस के दावों की हवा निकली? जी राम जी कानून के विरोध के लिए कांग्रेस बड़ा अभियान चलाने वाली है। विरोध के पीछे एक वजह यह भी बताई जा रही है कि इसकी वजह से केंद्र राज्यों को इस मद में कम पैसे देगा। लेकिन, एक रिपोर्ट ने इन आशंकाओं का खंड किया है। वीबी जी राम जी कानून से बदलाव एबीएन सेंट्रल डेस्क (नई दिल्ली)। मनरेगा की जगह बने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन एक्ट का जिन बातों को लेकर बहुत ज्यादा विरोध हो रहा है, उनमें से एक यह भी है कि कथित तौर पर इससे राज्यों पर बहुत ज्यादा वित्तीय बोझ बढ़ जायेगा। लेकिन, अब एसबीआई की ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि दरअसल इस कानून से राज्यों को नुकसान नहीं होने जा रहा, बल्कि उन्हें 17,000 करोड़ रुपये का फायदा होने जा रहा है। स्टेट बैंक आफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्यों के अपने योगदानों की वजह से उन्हें मिलने वाले फायदे में और बढ़ोतरी ही होगी। नये कानून से राज्यों को ज्यादा फायदा एसबीआई ने पिछले सात वर्षों में राज्यों को मिले (मनरेगा के तहत) औसत आवंटन के आधार पर अपनी रिपोर्ट दी है कि नये कानून से असल में केंद्र की ओर से राज्यों को मिलने वाले उनके शेयर में 17,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की ही संभावना है। एसबीआई का यह आकलन सात पैरामीटर पर आधारित है, जो समानता और दक्षता के दोहरे सिद्धांतों पर केंद्रित है। रिपोर्ट के अन्

फतेहपुर : दरिंदगी के बाद दो घंटे सड़क पर बेहोश पड़ी रही वृद्धा
Published / 2025-12-29 18:40:49
फतेहपुर : दरिंदगी के बाद दो घंटे सड़क पर बेहोश पड़ी रही वृद्धा

फतेहपुर में दरिंदगी: 63 साल की महिला से दुराचार, सर्द रातों में 2 घंटे तक बेहोश पड़ी रही बुजुर्ग फतेहपुर में बुजुर्ग महिला से दुराचार का मामला सामने आया है। 63 साल की महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एबीएन सेंट्रल डेस्क (फतेहपुर)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में इंसानियत को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की एक 63 साल की बुजुर्ग महिला को हवस का शिकार बनाया गया है। उसके साथ दरिंदे वहसी ने रेप की घटना को अंजाम देकर बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। महिला के साथ इस प्रकार की घटना का मामला सुर्खियों में आ गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महिला को मेडिकल के लिए भेजने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पूरी घटना थरियांव थाना क्षेत्र की है। मुंह दबाकर दिया घटना को अंजाम जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला के 3 बेटे हैं। तीनों बाहर रहकर ईंट भट्ठों में काम कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। महिला घर मे अकेली रहती है। बताया जा रहा है की रात करीब साढ़े 9 बजे वृद्धा गांव किनारे शौच के लिए गयी थी।आरोप है कि इस दौरान अचानक पीछे से एक नकाबपोश युवक आया। आरोपों के अनुसार, नकाबपोश ने महिला को दबोच लिया। जब महिला ने शोर मचाना चाहा तो आरोपी ने मुंह दबाकर जबरन उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद दरिंदे ने महिला को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से भाग निकला। लड़खड़ाते घर पहुंची बुजुर्ग करीब 2 घंटे तक बेसुध पड़ी महिला को जब होश आया तो किसी तरह लड़खड़ाते हुए घर पहुंची और पड़ोस में रहने वाली महिलाओं से आप बीती बतायी। इस पर पड़ोसियों से घटना की जानकारी पर बेटे भी रविवार की सुबह घर पहुंचे। घटना की शिकायती पत्र स्थानीय थाना पुलिस को दी। इसके बाद वृद्धा को गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की धर-पकड़ के लिए आसपास इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

कल से तीन दिनी झारखंड दौरे पर आयेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
Published / 2025-12-27 19:04:00
कल से तीन दिनी झारखंड दौरे पर आयेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

कल से 3 दिवसीय झारखंड दौरे पर द्रौपदी मुर्मू रांची में कड़ी सुरक्षा; ट्रैफिक व्यवस्था में किये गये बड़े बदलाव; देखें राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल यानी रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रही हैं। वह कल शाम करीब छह बजे विशेष विमान से रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सीधे राजभवन जाएंगी, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। सोमवार 29 दिसंबर को सुबह नौ बजे राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी। जमशेदपुर में वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति जमशेदपुर के जाहेर स्थान में आयोजित ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। कार्यक्रमों के समापन के बाद वह शाम को वापस रांची लौटेंगी और राजभवन में विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम मंगलवार 30 दिसंबर को राष्ट्रपति मुर्मू गुमला जिले के दौरे पर जायेंगी। यहां रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम कार्तिक जतरा 2025 में वह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव और एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। समारोह के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर रांची लौटेगा, जहां से वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं, राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के कई इलाकों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रमों को देखते हुए 28 से 30 दिसंबर तक रांची शहर की यातायात व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किये गये हैं। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गयी है। इस संबंध में रांची पुलिस ने शनिवार को विस्तृत आदेश जारी कर दिया है। 28 दिसंबर को शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक रांची शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन वर्जित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले वाहन कांके रिंग रोड के रास्ते आवागमन करेंगे। इसके अलावा हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास से लोक भवन तक दोपहर दो बजे से रात 8.30 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 29 दिसंबर को सुबह सात बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक शहर में सभी बड़े-छोटे मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड से टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से टाटीसिल्वे होते हुए रिंग रोड का उपयोग करेंगे। 30 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शहर में सभी प्रकार के मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान भी भारी वाहन रिंग रोड का उपयोग कर सकेंगे। रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

साल 2025 में भारतीय महिलाओं का रहा दबदबा
Published / 2025-12-27 18:58:20
साल 2025 में भारतीय महिलाओं का रहा दबदबा

इस साल क्रिकेट, हॉकी और मुक्केबाजी में रचा इतिहास एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय महिलाओं ने वर्ष 2025 में क्रिकेट, हॉकी, डेफलिंपिक्स, पैरा खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की। इस साल महिला खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते बल्कि देश में महिलाओं के खेल की पहचान और विस्तार को भी मजबूत किया। महिला क्रिकेट में अभूतपूर्व सफलता हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए आइसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 में 4000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला बनने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं, दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी-20 में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाली तीसरी खिलाड़ी बनने का कारनामा किया और 1000 रन व 150 विकेट का डबल भी पूरा किया। ब्लाइंड महिला क्रिकेट में भारत ने कोलंबो में पहले ब्लाइंड महिला टी-20 विश्व कप में नेपाल को हराकर खिताब अपने नाम किया। दीपिका टीसी की अगुवाई में टीम ने छह देशों को मात दी। महिला मुक्केबाजी में दबदबा विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2025 में जैस्मीन लंबोरिया और मीनाक्षी हुड्डा ने स्वर्ण पदक जीते, नूपुर श्योरण ने रजत और पूजा रानी ने कांस्य पदक। दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन ने लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा। शतरंज और अन्य खेलों में चमक दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप जीतकर पहली बार यह खिताब भारत में लाया। ज्योति याराजी ने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण और रूपल चौधरी ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर टीम 4़400 मीटर रिले में स्वर्ण में योगदान दिया। तीरंदाजी में ज्योति सुरेखा वेन्नम ने कंपाउंड कैटेगरी में कांस्य और निशानेबाजी में तेजस्विनी ने 25 मीटर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। महिला हॉकी में महाद्वीपीय सफलता भारतीय महिला हॉकी टीम ने हांगझोऊ में एशिया कप 2025 में रजत पदक जीता। नवनीत कौर ने गोल किया, लेकिन चीन ने 4-1 से फाइनल में जीत दर्ज की। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया की शीर्ष टीमों में अपनी स्थिति मजबूत की। पैरा खेलों में महिलाओं का दबदबा डेफलिंपिक्स 2025 में भारतीय महिला एथलीटों ने निशानेबाजी और गोल्फ में कई पदक जीते। अनुषा प्रसाद ने 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण, प्रांजलि प्रशांत धुमाल ने मिश्रित टीम और व्यक्तिगत इवेंट में स्वर्ण व रजत और दीक्षा डागर ने गोल्फ में स्वर्ण पदक जीता। वल्डर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में सिमरन शर्मा ने 100 मीटर टी12 में स्वर्ण और 200 मीटर टी12 में रजत, जबकि प्रीति पाल ने 100 मीटर टी35 में रजत और 200 मीटर टी35 में कांस्य जीता। निष्कर्ष 2025 ने भारतीय महिला खिलाड़ियों के लिए नये कीर्तिमान स्थापित किये। क्रिकेट, हॉकी, शतरंज, मुक्केबाजी, एथलेटिक्स और पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन ने साबित किया कि भारतीय महिलाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हैं।

साहिबजादे देश का गौरव, हर भारतीय को उनसे ताकत और प्रेरणा मिलती है: मोदी
Published / 2025-12-26 21:13:36
साहिबजादे देश का गौरव, हर भारतीय को उनसे ताकत और प्रेरणा मिलती है: मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माता गुजरी, गुरु गोविंद सिंह और चारों साहिबजादों की वीरता को देश का गौरव बताते हुए कहा है कि इनके आदर्श आज भी हर भारतीय को ताकत और प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य बच्चों और युवाओं से ही जुड़ा है इसलिए वह अपेक्षा करते हैं कि वे बड़े सपने देखें, कड़ी मेहनत करें और आत्मविश्वास को कमजोर न पड़ने दें। श्री मोदी ने शुक्रवार को यहां वीर बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वीर साहिबजादे क्रूर मुगल शासकों के सामने ऐसे मजबूती से खड़े हुए की महजबी कट्टरपंथ का वजूद हिल गया था। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कतार से सम्मानित 20 बच्चे भी कार्यक्रम में मौजूद थे।उन्होंने कहा कि वीर साहिबजादे भारत का गौरव, भारत के अदम्य साहस और शौर्य की पराकाष्ठा हैं। माता गुजरी, श्री गुरु गोविंद सिंह और चारों साहिबजादों की वीरता और आदर्श आज भी हर भारतीय को ताकत देते हैं हमारे लिए प्रेरणा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी 26 दिसम्बर का दिन आता है तो उन्हें तसल्ली होती है कि वीर बाल दिवस मनाने की यह परंपरा साहिबजादों की वीरता को नयी पीढी तक पहुंचा रही है और इसके लिए एक भी मंच भी तैयार हुआ है।चार वर्ष पहले वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा की शुरुआत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीयों के बलिदान और शौर्य की स्मृतियों को दबाया नहीं जायेगा और न ही देश के नायक, नायिकाओं को हाशिये पर रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि भारत ने तय किया है कि गुलामी की मानसिकता से मुक्ति पानी ही होगी। अब हम भारतीयों के बलिदान हमारे शौर्य की स्मृतियां दबेंगी नहीं अब देश के नायक नायिकाओं को हाशिये पर नहीं रखा जायेगा।भाषाई विविधता को देश की ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि गुलामी की मानसिकता से मुक्त होते हमारे देश में भाषाई विविधता हमारी ताकत बन रही है। देश को विकसित बनाने के लिए अगले 25 वर्षों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद बच्चों और युवाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि जेन जेड और जेन अलफा आपकी पीढ़ी ही भारत को विकसित भारत के लक्ष्य तक ले जायेगी।उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं और बच्चों से जुड़ा है इसलिए उनकी अपेक्षा है कि वे बड़े सपने देखें, कड़ी मेहनत करें और आत्मविश्वास को कमजोर न पड़ने दें। प्रधानमंत्री ने कहा कि वीर बाल दिवस का मंच हर वर्ष अलग अलग क्षेत्रों में देश के लिए कुछ कर दिखाते हैं उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिया जाता है। इस वर्ष भी 18 राज्यों के 20 बच्चों को ये पुरस्कार दिये गये हैं।

विज्ञान और धर्म दोनों सत्य की खोज में : मोहन भागवत
Published / 2025-12-26 21:08:03
विज्ञान और धर्म दोनों सत्य की खोज में : मोहन भागवत

विज्ञान और धर्म के बीच कोई टकराव नहीं, दोनों की मंजिल सत्य की खोज : संघ प्रमुख मोहन भागवत एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत आगे जायेगा ये निश्चित है और भारत को विश्व को कुछ देना है। भारत का विकास सिर्फ खुद को आगे बढ़ाना नहीं है, जब हम आज विकसित देशों को देखते हैं तो विकास इस प्रकार से हुआ है कि उसके साथ विनाश भी आ गया। सब देश ऐसा सोच रहे हैं कि भौतिक विकास तो हमने कर लिया लेकिन कहीं पर चूक गए क्योंकि सारा विकास सुख के लिए होता है। मनुष्य को सुख चाहिए, सृष्टि में सबको सुख चाहिए। हम विज्ञान के बारे में जानना क्यों चाहते हैं, सूरज यहां से कितनी दूर है? अगर मुझे यह नहीं पता तो इससे मुझे क्या फर्क पड़ेगा? लेकिन मनुष्य इस तरह नहीं सोचता। ये बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने आंध्र प्रदेश में कही। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि विज्ञान और धर्म के बीच कोई संघर्ष नहीं है और अंत में दोनों अलग-अलग रास्तों से एक ही सत्य की खोज करते हैं। आयोजित भारतीय विज्ञान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि धर्म को अक्सर मजहब के रूप में गलत समझ लिया जाता है जबकि वास्तव में यह सृष्टि के संचालन का विज्ञान है। धर्म में असंतुलन ही विनाश का कारण उन्होंने कहा, धर्म कोई मजहब नहीं है। यह वो नियम है जिसके अनुसार सृष्टि चलती है। कोई इसे माने या न माने लेकिन इसके बाहर कोई भी काम नहीं कर सकता। धर्म में असंतुलन ही विनाश का कारण बनता है। भागवत ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से विज्ञान ने यह मानते हुए धर्म से दूरी बनाए रखी कि वैज्ञानिक अनुसंधान में उसका कोई स्थान नहीं है लेकिन यह दृष्टिकोण गलत है। विज्ञान और धर्म या अध्यात्म में कोई टकराव नहीं संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आगे कहा, विज्ञान और अध्यात्म के बीच वास्तविक अंतर केवल कार्यप्रणाली का है। हालांकि दोनों का लक्ष्य एक ही है। विज्ञान और धर्म या अध्यात्म के बीच कोई टकराव नहीं है। उनकी पद्धतियां भले ही अलग हों लेकिन मंजिल एक ही है और वो मंजिल है सत्य की खोज।

20 बच्चों को राष्ट्रपति ने दिया प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
Published / 2025-12-26 21:02:37
20 बच्चों को राष्ट्रपति ने दिया प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

राष्ट्रपति मुर्मू ने 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से किया सम्मानित एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नयी दिल्ली में आज आयोजित एक समारोह में वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों के लिए 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया।उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि पुरस्कार विजेता बच्चों ने अपने परिवारों, समुदायों और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रोत्साहित किए जाने के मकसद से प्रदान किये गये यह पुरस्कार देश भर के सभी बच्चों को प्रेरित करेंगे। उन्होंने वीर बाल दिवस के महत्व के बारे में कहा कि लगभग 320 साल पहले, 10वें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी और उनके चार पुत्रों ने सत्य एवं न्याय के समर्थन में लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान दिये। वीर बाल दिवस 26 दिसंबर को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि दो सबसे कम उम्र के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की वीरता को भारत तथा विदेश दोनों जगह सम्मानित किया जाता है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सत्य और न्याय के लिए गर्व से अपने प्राणों की आहुति देने वाले उन महान बाल नायकों को श्रद्धापूर्वक याद किया। राष्ट्रपति ने कहा कि किसी देश की महानता तभी निश्चित होती है जब उसके बच्चे देशभक्ति और उच्च आदर्शों से ओतप्रोत हों। उन्होंने कहा कि सात वर्षीय वाका लक्ष्मी प्रग्निका जैसी प्रतिभाशाली बच्चियों की बदौलत ही भारत को विश्व स्तर पर शतरंज की महाशक्ति माना जाता है। अपनी बहादुरी और बुद्धिमत्ता से दूसरों की जान बचाने वाले अजय राज और मोहम्मद सिदान पी. हर तरह की प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नौ वर्षीय बेटी व्योमा प्रिया और 11 वर्षीय बहादुर बेटे कमलेश कुमार ने दूसरों की जान बचाते हुए अपनी जान गंवायी जबकि 10 वर्षीय श्रवण सिंह ने आपरेशन सिंदूर के दौरान युद्ध से जुड़े जोखिमों के बावजूद अपने घर के पास सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों को नियमित रूप से पानी, दूध और लस्सी पहुंचायी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.