Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 20
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

समाज

View All
चुनावी राज्यों में जोरों पर चल रहा दलबदल का कारोबार
Published / 2022-01-27 04:47:14
चुनावी राज्यों में जोरों पर चल रहा दलबदल का कारोबार

एबीएन डेस्क। जहां-जहां इन दिनों चुनाव हैं, वहां-वहां दलबदल का कारोबार पूरे जोर-शोर से चल रहा है। जहां चुनाव नहीं हैं, वहां भी लोगों को राष्ट्रहित बहुत तेजी से याद आ रहा है। कई नेताओं को यह याद आ रहा है कि जिस पार्टी में वे हैं, उस पार्टी में रहकर देशसेवा और देश की तरक्की नहीं की जा सकती। इसका मतलब यह है कि हमारे देश के बहुत सारे नेता गलत पार्टियों में हैं, इसीलिए देश की तरक्की नहीं हो सकती। दलबदल करने वाले नेताओं की मानें, तो देश की सबसे बड़ी समस्या यही है कि जिसे भाजपा में होना चाहिए, वह कांग्रेस में है, और जिसे समाजवादी पार्टी में होना चाहिए, वह भाजपा में है। जिसे बसपा में होना चाहिए, वह किसी और पार्टी में है और जिसे किसी और पार्टी में होना चाहिए वह किसी अन्य पार्टी में है। इसका मतलब यह है कि जिसे जिस पार्टी में होना चाहिए, वह उसमें पहुंच जाए, तो अपने देश का कल्याण हो जाए। सवाल यह है कि ऐसे लोग हमारे नेता क्यों हैं, जिन्हें बरसों तक यही समझ में नहीं आता कि उन्हें किस सियासी पार्टी में होना चाहिए? जिन लोगों को 30-30 बरस तक यही पता नहीं चलता कि वे गलत पार्टी में हैं, वे अगर हमारा नेतृत्व करेंगे, तो यह कैसे मान लें कि वे हमें सही रास्ते पर ले जाएंगे? अगर कोई ड्राइवर दस घंटे बाद ही हमसे कहे कि मैं तो गलत रास्ते पर था, तो क्या हम उसे बर्दाश्त करेंगे? कई नेताओं में तो सही पार्टी चुनने की ऐसी लगन होती है कि वे जिंदगी भर खोजी नेता बने रहते हैं। वे पूरी जिंदगी एक पार्टी से दूसरी पार्टी में यह सूंघते हुए घूमते रहते हैं कि सही पार्टी कौन सी है और शायद जिंदगी के बाद भी वे स्वर्ग और नरक के बीच आवाजाही जारी रखते होंगे। उनकी वफादार जनता भी फुटबॉल की तरह उनके साथ-साथ यहां-वहां टकराती रहती है। गलत पार्टियों में रहने वाले नेता पाने के लिए हम इसीलिए अभिशप्त हैं कि हम सही नेता नहीं चुन सकते, गलती तो अपनी ही है।

झारखंड : दिवंगत साहित्यकार गिरधारी राम गोंझू को पद्मश्री सम्मान
Published / 2022-01-26 04:13:33
झारखंड : दिवंगत साहित्यकार गिरधारी राम गोंझू को पद्मश्री सम्मान

एबीएन डेस्क। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत, पूर्व सीएम कल्याण सिंह तथा विद्वान राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत तथा कला के क्षेत्र में प्रभा अत्रे सहित चार विभूतियों को पद्मविभूषण सम्मान से नवाजा गया है। झारखंड के साहित्यकार और क्षेत्रीय भाषाओं के विद्वान गिरधारी राम गोंझू समेत 117 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। पद्मश्री पाने वालों में ओलंपिक में स्वर्ण विजेता रहे नीरज चोपड़ा भी शामिल हैं। केंद्र ने कुल 17 विभूतियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया है जबकि 117 हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। पद्मश्री से नवाजे जाने वालें में ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा भी शामिल हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, प्रसिद्ध अभिनेता विक्टर बनर्जी, गूगल के सीईओ सुंदर राजन पिचई, साइरस पूनावाला सहित 17 विशिष्ट लोगों को पद्म भूषण दिया गया है। झारखंड के प्रमुख रचनाकारों में डॉ गिरधारी राम गोंझू गिरिराज का नाम शुमार था। वह हिंदी और नागपुरी भाषा के मर्मज्ञ थे। उनकी रचना में झारखंड की संवेदना सहज ही झलकती थी। 5 दिसंबर 1949 को बेलवादाग खूंटी जिला में जन्मे डॉ गिरधारी राम गोंझू का जीवन संघर्षपूर्ण था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा खूंटी में करने के पश्चात एमए, बीएड, एलएलबी व पीएचडी की शिक्षा दीक्षा ली। उनकी प्रकाशित रचनाओं में कोरी भइर पझरा, नागपुरी गद तइरंगन, खुखड़ी- रूगड़ा सहित अनेकों पत्र-पत्रिकाओं में उनकी लिखनी प्रकाशित होती रही हैं। न अखरा निंदाय गेलक नाटक रचना झारखंड के ज्वलंत समस्या पलायन जैसे संवेदनशील विषय को लेकर प्रकाशित किया गया था।

आज राष्ट्रपति के हाथों विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होंगे नीरज चोपड़ा
Published / 2022-01-26 04:05:22
आज राष्ट्रपति के हाथों विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होंगे नीरज चोपड़ा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। नीरज चोपड़ा ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले ट्रैक और फील्ड एथलीट हैं। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मंगलवार शाम राष्ट्रपति भवन में 384 रक्षा कर्मियों को वीरता और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। पुरस्कारों में 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा पदक, चार उत्तम युद्ध सेवा पदक, 53 अति विशिष्ट सेवा पदक, तीन विशिष्ट सेवा पदक और 13 युद्ध सेवा पदक, शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रपति 122 विशिष्ट सेवा पदक, तीन बार सेना पदक (वीरता), 81 सेना पदक (वीरता), दो वायु सेना पदक (वीरता), 40 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), आठ नौ सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण) और 14 वायु सेना पदक विजेताओं को भी सम्मानित करेंगे।

सम्मान : दिवंगत कल्याण सिंह और सीडीएस बिपिन रावत को पद्म विभूषण
Published / 2022-01-25 16:50:45
सम्मान : दिवंगत कल्याण सिंह और सीडीएस बिपिन रावत को पद्म विभूषण

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र सरकार ने मंगलवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया है। विमान हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत और भाजपा के दिवंगत नेता कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। केंद्र सरकार ने जो सूची जारी की है, उसमें विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए 128 लोगों को सम्मानित करने का ऐलान किया है। इनमें 4 लोगों को पद्म विभूषण, 17 लोगों को पद्म भूषण और 107 लोगों को पद्म श्री से नवाजा जाएगा।

मध्यप्रदेश के छतरपुर में 70 हजार में बेची गयी पलामू की नाबालिग बरामद
Published / 2022-01-24 14:33:58
मध्यप्रदेश के छतरपुर में 70 हजार में बेची गयी पलामू की नाबालिग बरामद

मेदिनीनगर। पलामू जिले की एक नाबालिग बेटी को मध्यप्रदेश के छतरपुर में 70 हजार रुपये में बेच दिया गया। नाबालिग को खरीदने वाले व्यक्ति की लड़की से शादी के बाद देह व्यपार करवाने की योजना थी। इस मामले में रामगढ़ पुलिस ने लड़की को बेचने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक एमपी के छतरपुर का रहने वाला है। रामगढ़ थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया गया है। इस सूचना पर पुलिस ने ह्यूमन और टेक्निकल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला चला कि नाबालिग को एमपी के छत्तरपुर के टेकरीपुर राकेश यादव नामक व्यक्ति को बेचा गया है। इसी सूचना के आलोक में एसडीपीओ के विजयशंकर और रामगढ़ थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय के नेतृत्व में पुलिस ने एमपी के छतरपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर नाबालिग को मुक्त करवाया।और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और बेचने के आरोप में राकेश यादव, उपेंद्र कुमार उर्फ गौतम,जितेंद्र पासवान को गिरफ्तार किया है। लड़की को एमपी के छतरपुर में बेचा गया। इस मामले में रामगढ़ थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय ने बताया कि नाबालिग को गढ़वा जिला के ग्राम डंडई के रहने वाले रोहित उर्फ उपेंद्र काम दिलाने के बहाने छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज ले गया था। एक दिन बाद नाबालिग को तातापानी ले जाया गया और वंहा गढ़वा के रमकंडा निवासी जितेंद्र पासवान से मिलवाया। उसके बाद जितेंद्र पासवान ने नाबालिग को लेकर एमपी के छत्तरपुर में चला गया। छत्तरपुर में ही राकेश यादव के हाथ 70 हजार रुपये में बेच दिया गया। राकेश यादव नाबालिग से शादी के बाद देह व्यापार करवाने वाला था। तब तक रामगढ़ पुलिस ने एमपी की पुलिस के सहयोग से तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए नबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया गया।

गूंजने लगी शहनाई, लेकिन 100 लोग ही कार्यक्रम में होंगे शामिल
Published / 2022-01-24 08:43:10
गूंजने लगी शहनाई, लेकिन 100 लोग ही कार्यक्रम में होंगे शामिल

टीम एबीएन, कोडरमा। खरमास के बाद शादी के लिए शुभ लगन का इंतजार हुआ खत्म हुआ और इसके साथ ही बैंड बाजा और बारात की धूम शुरू हो गई है। क्योंकि शुभ लग्न की शुभ घड़ी की शुरुआत हो गयी है। वैसे तो कोरोना के कारण जिले में शादियां बेहद कम होगी। जो भी कर रहे हैं सादगी तरीके से कर रहे हैं। गत वर्ष भी कोरोना के कारण बेहद कम शादियां हुईं। उसमें भी मेहमान कम बुलाने के लिए सरकार ने गाइडलाइन जारी की थी। इस बार भी सिर्फ सौ लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है। कई लोगों के वर पक्ष या वधू पक्ष दूसरे राज्यों में रहते हैं। वे लोग शादियां टाल भी रहे हैं। वे लोग कोरोना संक्रमण कम होने का इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान में राज्य सरकार ने 31 जनवरी तक रात्रि 8 बजे तक ही प्रतिष्ठानों को खोलने का निर्देश जारी किया है और कई अन्य पाबंदियां भी लगायी गई हैं। इस वक्त जिले में प्रतिदिन संक्रमित मरीजों की संख्या पाई जा रही है। जिस कारण शादियों में मेहमान भी कम आना पसंद कर रहे हैं। वहीं झुमरी तिलैया के दुल्हन एवं उनके परिवार शादी को लेकर कुआं पर पूजा अर्चना कर विधान कराते दिख रहे हैं। वहीं पंडित और साथ में बैड बाजा का धुन बजाने में लगे दिख रहे हैं। इधर, कोरोना के कारण कपड़ा, सोना-चांदी, फर्नीचर, जूता-चप्पल, इलेक्ट्राॅनिक समान, वाहन की खरीदारी भी की जा रही है। मेहमानों की संख्या सीमित होने डेकोरेटर्स कैटरिंग को भारी नुकसान : शादियों में मेहमानों की संख्या सौ लोग होने से डेकोरेटर्स व कैटरिंग व्यवसाय को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसमें भी कई लोग कोरोना संक्रमण के कारण शादी की तिथि टाल रहे हैं। जिससे होटल, टेंट और कैटरिंग के कारोबार को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। बैंड वालों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इस साल शादी के शुभ मुहूर्त : जनवरी 22, 23, 24 व 25, फरवरी 5, 6, 7, 8, 9, 10, 18, 19, 20, मार्च कोई मुहूर्त नहीं।अप्रैल 15, 16, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 27, मई 2, 3, 4, 9, 10, 11, 12, 16, 17, 18, 20, 21, 26, 27, 31, जून 1, 6, 8, 10, 11,13, 20, 21, 23 जुलाई 3, 4 ,5 ,6 7,8,9, 14, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 30, 31, अगस्त 1, 2, 3, 5, 9, 11, 14, 15, 19, 20,21, 28, सितंबर 1, 4, 5, 6, 7, 8, 26, 27, अक्तूबर कोई मुहूर्त नहीं, नवंबर कोई मुहूर्त नहीं और दिसंबर 2, 4, 7, 8, 9 व 14 तारीख।

लोहरदगा : मृत पिता को 10 वर्षीय बेटी ने दी मुखाग्नि
Published / 2022-01-23 14:35:43
लोहरदगा : मृत पिता को 10 वर्षीय बेटी ने दी मुखाग्नि

टीम एबीएन, लोहरदगा। बदलते दौर में समय के साथ लोगों की सोच भी बदलने लगी है। अब बेटियों और महिलाएं पुरानी परंपरा को दरकिनार कर आगे बढ़ा रही हैं। लोहरदगा के सेन्हा प्रखण्ड के अन्तर्गत बरही ग्राम में पिता को उसकी 10 वर्षीया बेटी ने मुखाग्नि दी। बरही के रितेश कुमार साहू जो काफी दिनों से बीमार चल रहे थे, 22 जनवरी की रात उनका निधन हो गया। इसके बाद समस्या उत्पन्न हुई कि मुखाग्नि कौन देगा। चूंकि इनकी सिर्फ एक पुत्री के अलावे कोई संतान नहीं थी। न ही परिवार में कोई सदस्य है। जो मुखाग्नि देगा। शनिवार को जब दिवंगत रितेश साहू की अंतिम यात्रा घर से शुरू होकर बरही मुक्तिधाम पर पहुंचा, तो छोटी उनकी बेटी मिस्टी ने बेटे की तरह अंतिम संस्कार किया। पिता की चिता को मुखाग्नि दी। लोहरदगा जिला परिषद सेन्हा के सदस्य रामलखन प्रसाद, मुखिया सुखदेव उरांव, अमर भगत, महावीर साहू, त्रिपुरेश्वर पाठक श्यामाधार पाठक, परमानन्द महतो, धरमु महतो, मनोज साहू, दिलीप साहू, अभिमन्यु साहू, बहादुर महतो, सीताराम महतो, भीम महतो, शक्ति साहू, बंटी साहू, परमानंद प्रसाद, चतर्गुण महतो, सुनील महतो, विनोद महतो समेत सैकड़ों ग्रामीण उपास्थित थे।

पीएम मोदी तीरंदाज बिटिया कुमारी सविता को देंगे बाल शक्ति पुरस्कार
Published / 2022-01-23 07:36:09
पीएम मोदी तीरंदाज बिटिया कुमारी सविता को देंगे बाल शक्ति पुरस्कार

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सिल्ली की तीरंदाज बिटिया कुमारी सविता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। 24 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री सिल्ली के टोंगटोंग गांव की रहने वाली सविता को सम्मानित करेंगे। सविता को यह पुरस्कार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2021 के तहत दिया जा रहा है। सिल्ली के बिरसा मुंडा आर्चरी सेंटर की तीरंदाज सविता को यह पुरस्कार वर्ष 2021 के लिए दिया जा रहा है। पिछले साल ही सविता का चयन इस पुरस्कार के लिए कर लिया गया था। 25 जनवरी 2021 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने सविता के साथ संवाद भी किया था, जिसके बाद अब सविता को बाल शक्ति पुरस्कार का सर्टिफिकेट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिया जाएगा। कुमारी सविता रांची के सोनाहातू प्रखंड के टोंग टोंग गांव की रहने वाली है। सुदूरवर्ती गांव की रहने वाली इस तीरंदाज को मिलने वाले इस सम्मान से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। सविता के पिता एक गार्ड का काम करते हैं। बेहद गरीबी के माहौल में पली-बढ़ी सविता ने अपनी काबिलियत और प्रतिभा के बल पर अपना अलग मुकाम बनाया है। सविता ने नेशनल स्तर पर सब जूनियर और जूनियर में कई पदक जीते हैं। बांग्लादेश में आयोजित साउथ एशियन आर्चरी चैंपियनशिप में भी सविता ने स्वर्ण पदक जीता था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड समेत पूरे देश का नाम रोशन किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ते हुए सविता ने पहली बार 2014 में तीरंदाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। 2018-19 में सविता का चयन खेलो इंडिया स्कीम में हुआ। नई दिल्ली में पहले खेलो इंडिया स्कूल गेम्स आर्चरी चैंपियनशिप 2018-19 में सविता को चौथा रैंक मिला। साल 2017-18 में छत्तीसगढ़ में आयोजित 63वें स्कूल नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में सविता ब्रांज जीतने वाली टीम का हिस्सा थी। 2018-19 में आंध्रप्रदेश में आयोजित मिनी सब जूनियर आर्चरी चैंपियनशिप में सविता ने गोल्ड जीता। बांग्लादेश ढाका में 2018-19 साउथ एशियन आर्चरी चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाली टीम का सविता हिस्सा रहीं।

पोस्ट ऑफिस का ये सेविंग्स प्लान आपको देगी अच्छा रिटर्न
Published / 2022-01-22 18:06:11
पोस्ट ऑफिस का ये सेविंग्स प्लान आपको देगी अच्छा रिटर्न

एबीएन डेस्क। बढ़ती महंगाई के बीच अगर आप कहीं ऐसी जगह निवेश करना चाह रहे हैं जहां आपको अच्छा रिटर्न मिले और आपको मंथली इनकम होती रहे, तो पोस्ट ऑफिस का नेशनल सेविंग्स मंथली इनकम अकाउंट आपके लिए सही रहेगा। इसमें आपको 6.6% सालाना ब्याज दिया जा रहा है। हम आपको इसके बारे में बता रहे हैं। कितने रुपए से खोल सकते हैं अकाउंट? इस स्कीम के तहत अकाउंट को मिनिमम 1000 रुपए से खुलवा सकते हैं। अगर आपका अकाउंट सिंगल है तो आप 4.5 लाख रुपए तक अधिकतम जमा कर सकते हैं। वहीं अगर आपका ज्वाइंट अकाउंट है तो इसमें अधिकतम 9 लाख रुपए जमा किए जा सकते हैं। खास बात है कि स्कीम के पूरा होने के बाद आपको आपके पूरे पैसे भी वापस मिल जाएंगे। कितना रहता है मैच्योरिटी पीरियड? इसका मैच्योरिटी पीरियड 5 साल है। 5 साल बाद अपने पैसों को फिर इसमें निवेश कर सकते हैं। यानी स्कीम पूरी होने पर आपकी पूरी जमा पूंजी मिल जाती है जिसे आप दोबारा इस योजना में निवेश कर मंथली आय का साधन बनाए रख सकते हैं। कैसे मिलता है रिटर्न? इसमें 6.6% सालाना ब्याज मिल रहा है। सालाना मिलने वाले ब्याज को 12 महीनों में बांट दिया जाता है और वह अमाउंट आपको हर महीने मिलता रहता है। अगर आप मंथली पैसा न निकालें तो वह आपके पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट में रहेगी और मूलधन के साथ इन पैसों को भी जोड़कर आपको आगे ब्याज मिलेगा। क्या मैच्योरिटी से पहले पैसा निकाल सकते हैं? मैच्योरिटी के पहले पैसा निकालने की जरूरत हो तो यह सुविधा अकाउंट के 1 साल पूरा होने पर मिल जाती है। 1 साल से 3 साल तक पुराने अकाउंट होने पर, उसमें जमा रकम में से 2% काटकर बाकी रकम आपको वापस मिलती है। 3 साल से ज्यादा पुराना अकाउंट होने पर, 1% काटकर बची रकम वापस मिलती है। कितना मिलेगा रिटर्न? इस योजना के तहत अगर आप 4.5 लाख रुपए का निवेश करते हैं तो अब आपको 6.6% सालाना ब्याज दर के हिसाब से सालाना 29700 रुपए यानी 2475 रुपए महीना ब्याज मिलेगा। वहीं अगर आप इसमें ज्वाइंट अकाउंट के तहत 9 लाख का निवेश करते हैं तो आपको 59,400 रुपए सालाना यानी 4950 रुपए महीना का ब्याज मिलेगा। कौन खोल सकता है अकाउंट? इस खाते को किसी नाबालिग के नाम पर और 3 वयस्कों के नाम पर जॉइंट अकाउंट भी खोला जा सकता है। 10 साल से ज्यादा उम्र के माइनर के नाम भी अभिभावक की देखरेख में खाता खोला जा सकता है। कैसे खोलें खाता? इसके लिए सबसे पहले पोस्ट ऑफिस में बचत खाता खोलना होगा। इसके बाद पोस्ट ऑफिस से नेशनल सेविंग्स मंथली इनकम अकाउंट के लिए एक फॉर्म भरना होगा। फॉर्म के साथ अकाउंट खोलने के लिए तय रकम के लिए कैश या चेक जमा करें। इसके बाद आपका खाता खुल जाएगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.