एबीएन बिजनेस डेस्क। विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में 3.22 प्रतिशत की और वृद्धि की गई है। इससे इसके दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। इस साल यानी 2022 में विमान ईंधन कीमतों में यह नौवीं बढ़ोतरी है। उल्लेखनीय है कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में उछाल आया है, जिसका असर विमान ईंधन पर भी पड़ा है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ की कीमतों में 3,649.13 रुपए प्रति किलोलीटर या 3.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। अब राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ का दाम 1,16,851.46 रुपए प्रति किलोलीटर (116.8 रुपए लीटर) पर पहुंच गया है। इस बीच, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार 25वें दिन कोई बदलाव नहीं हुआ है। इससे पहले वाहन ईंधन के दामों में रिकॉर्ड 10-10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। विमान ईंधन की कीमतों में हर महीने की पहली और 16 तारीख को संशोधन किया जाता है। वहीं पेट्रोल और डीजल कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजारों के दामों के अनुरूप प्रतिदिन संशोधन होता है। इससे पहले 16 मार्च को एटीएफ के दाम 18.3 प्रतिशत या 17,135.63 रुपए प्रति किलोलीटर बढ़ाए गए थे। वहीं एक अप्रैल को भी विमान ईंधन दो प्रतिशत या 2,258.54 रुपए प्रति किलोलीटर महंगा हुआ था। 16 अप्रैल को इसकी कीमतों में मामूली 0.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। मुंबई में एटीएफ का दाम अब 1,15,617.24 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है। कोलकाता में यह 1,21,430.48 रुपए और चेन्नई में 1,20,728.03 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है। स्थानीय करों की वजह से विभिन्न राज्यों में एटीएफ का दाम अलग-अलग होता है। किसी भी एयरलाइन की परिचालन लागत में विमान ईंधन का हिस्सा करीब 40 प्रतिशत होता है। 2022 की शुरुआत से एटीएफ का दाम हर पखवाड़े में बढ़ाया गया है। एक जनवरी से नौ बार में एटीएफ कीमतों में 42,829.55 रुपए प्रति किलोलीटर या 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। सीमेंट का कट्टा 30 रुपए से लेकर 50 रुपए तक महंगा हो गया। लागत बढ़ने से कंपनियों ने सीमेंट के दाम 12 फीसदी तक बढ़ा दिए। सीमेंट की महंगाई के बाद घर खरीदना या उसकी मरमम्त और महंगी हो जाएगी। सिर्फ घर ही क्यों सड़क, पुल, पुलिया, स्कूल समेत तमाम प्रोजेक्ट्स की कंस्ट्रक्शन लागत में भी इजाफा होगा। यानी आने वाले दिनों में किसी सरकारी प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी पड़ती दिखे या गांव से सटे किसी सरकारी प्रोजेक्ट में देहाड़ी मजदूरों की मांग घटे तो चौकिंएगा नहीं...। सीमेंट की बढ़ी कीमतों का असर आम आदमी से लेकर सरकार के बजट तक हर जगह है। किसी बिल्डिंग के निर्माण में स्टील के बाद सबसे ज्यादा लागत सीमेंट की होती है। कंस्ट्रक्शन लागत में स्टील का योगदान लगभग 25 फीसदी रहता है, जबकि सीमेंट का 16-17 फीसद के करीब…स्टील महंगा होने से पहले ही कंस्ट्रक्शन लागत बढ़ी हुई है और अब सीमेंट की बढ़ी हुई कीमतें इस लागत को और बढ़ा रही है। कंपनियां बढ़ी हुई लागत का हवाला देकर कीमतें बढ़ा रही हैं। आयातित कोयले के दाम आसमान पर हैं। जिस वजह से सीमेंट उत्पादन पर खर्च बढ़ गया है। ऊपर से पेट्रोल डीजल के महंगा होने से परिवहन की लागत भी बढ़ी है। सीमेंट कंपनियों का मानना है कि उनकी उत्पादन लागत में 60-70 रुपए प्रति बैग बढ़ोतरी हुई है। जबकि कीमतों इतनी नहीं बढ़ी…. यानी सीमेंट की कीमतों में इजाफे की एक लहर और आ सकती है। सीमेंट की कीमतें ऐसे समय बढ़ी हैं। जब अर्थव्यवस्था कोरोना की मार से उबर रही है और देश में खपत बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। रेटिंग एजेंसी इक्रा का मानना है कि वित्तवर्ष 2022-23 के दौरान देश में सीमेंट की खपत 7-8 फीसद बढ़कर 38.2 करोड़ टन तक पहुंच सकती है। पिछले वित्तवर्ष में खपत 35.5 करोड़ टन रहने का अनुमान है। बढ़ती मांग में कीमतें बढ़ने का फायदा सीमेंट कंपनियों की बैलेंसशीट में दिखेगा.. हां सीमेंट का इस्तेमाल करने वाले लोगों को महंगाई की एक लड़ाई यहां भी लड़नी होगी।
एबीएन बिजनेस डेस्क। दुनिया के सबसे बड़े पाम ऑयल उत्पादक और निर्यातक इंडोनेशिया ने अपने देश में ही इसकी किल्लत के चलते निर्यात पर रोक लगा दी है। यह रोक 28 अप्रैल से शुरू होगी और किल्लत खत्म होने तक चलेगी। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने शुक्रवार को कहा, मैं खुद इसकी निगरानी करूंगा ताकि देश में खाद्य तेल की आपूर्ति पर्याप्त रहे और कीमत भी कम रहे। दरअसल, खाद्य तेलों के दाम बढ़ने से इंडोनेशिया में ज्यादातर पाम ऑयल उत्पादक इसका निर्यात करने लगे थे। यूक्रेन युद्ध के बाद दुनिया के कई देश अपने यहां खाद्यान आपूर्ति सामान्य और कीमतें स्थिर रखने के लिए कृषि उत्पादों के निर्यात को सीमित या प्रतिबंधित कर रहे हैं। वनस्पति तेल सप्लायर अर्जेंटीना ने सोयाबीन तेल पर निर्यात कर बढ़ा दिया है। ग्लोबल मार्केट में बढ़ सकती हैं कीमतें : इंडोनेशिया द्वारा बैन की घोषणा के बाद अमेरिकी सोया तेल वायदा 3% से ज्यादा उछलकर 84.03 सेंट प्रति पाउंड के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचा। ट्रेड बॉडी सॉल्वेंट एक्ट्रेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) के अध्यक्ष अतुल चतुर्वेदी ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि यह कदम पूरी तरह से अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस कदम से न केवल सबसे बड़े खरीदार भारत में बल्कि विश्व स्तर पर उपभोक्ताओं को नुकसान होगा, क्योंकि पाम दुनिया का सबसे अधिक खपत वाला तेल है। जनवरी में भी लगाया गया था बैन : इससे पहले जनवरी में इंडोनेशिया ने पाम ऑयल के निर्यात पर बैन लगाया था, हालांकि बैन को मार्च में हटा लिया गया था।
एबीएन बिजनेस डेस्क।बीएनपीएल और डिजिटल मुद्रा जैसे नए तरीकों के भविष्य के भुगतान को परिभाषित करने की संभावना के बावजूद खुदरा ऑनलाइन लेनदेन मंच यूपीआई का देश में डिजिटल भुगतान परिदृश्य में दबदबा कायम रहने की संभावना है। पीडब्ल्यूसी इंडिया ने अपनी एक अध्ययन रिपोर्ट में कहा है कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई), बाय नाउ पे लैटर (बीएनपीएल), सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) और ऑफलाइन भुगतान अगले पांच वर्षों में भारत में डिजिटल भुगतान की वृद्धि को गति देते रहेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, यूपीआई का डिजिटल भुगतान क्षेत्र में बड़ा योगदान बना रहेगा और उसके बाद बीएनपीएल का स्थान होगा। पीडब्ल्यूसी की "द इंडियन पेमेंट्स हैंडबुक 2021-26" शीर्षक से जारी इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय डिजिटल भुगतान बाजार में संख्या के हिसाब से 23 फीसदी की मजबूत वृद्धि देखी गई है और इसके वित्त वर्ष 2025-26 तक 217 अरब लेनदेन तक पहुंचने की संभावना है। मूल्य के हिसाब से यह आंकड़ा अगले पांच वर्षों में 5,900 करोड़ रुपए तक पहुंचने की उम्मीद है। रिपोर्ट कहती है कि वर्ष 2020-21 में यूपीआई के जरिए 22 अरब डिजिटल लेनदेन हुए थे और वर्ष 2025-26 तक इसके 169 अरब लेनदेन हो जाने की संभावना है। इस तरह सालाना आधार पर 122 प्रतिशत की तेज वृद्धि दर्ज की जा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूपीआई के जरिए कम मूल्य वाले लेनदेन और सीमापार पैसे भेजने के लिए एशिया के अन्य देशों के साथ साझेदारी होने से भी इस वृद्धि को मजबूती मिल रही है। वहीं बीएनपीएल के जरिए फिलहाल 36,300 करोड़ रुपए मूल्य के करीब 363 अरब लेनदेन हुए हैं जिसके अगले पांच साल में 3,19,100 करोड़ रुपए मूल्य के 3,191 अरब लेनदेन हो जाने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूसी इंडिया के भागीदार एवं भुगतान बदलाव प्रमुख मिहिर गांधी ने कहा, नियामकों, बैंकों, भुगतान एवं वित्त-प्रौद्योगिकी कंपनियों के अलावा कार्ड नेटवर्क एवं सेवाप्रदाताओं के मिले-जुले प्रयासों से डिजिटल भुगतान उद्योग में आने वाले वर्षों में जबर्दस्त वृद्धि की संभावना नजर आ रही है।
टीम एबीएन, रांची। बिहार झारखंड का सबसे लोकप्रिय पैक्ड दूध सुधा दूध झारखंड में महंगा हो गया है। रविवार 17 अप्रैल से झारखंड में दूध की नई दरें लागू हो गई है। इस दूध की आपूर्ति करने वाली कंपनी बिहार स्टेट मिल्क को-आपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कम्फेड) ने सुधा डेयरी के दूध की कीमत झारखंड में बढ़ाने की घोषणा की थी। बिजली, पेट्रोलियम पदार्थों, पॉलिथीन, मानव बल आदि के खर्च में वृद्धि के साथ ही पशुपालकों की मांग को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। सुधा दूध की नई दरें झारखंड में लागू हो गई है। प्रति लीटर दूध की कीमत में औसतन दो रुपये की वृद्धि की गयी है, इससे पहले भी सुधा दूध की कीमत में 07 फरवरी 2021 और 21 सितंबर 2021 को वृद्धि की गयी थी। सुधा की दही के दाम में अभी कोई वृद्धि नहीं की गई है। नई दर के अनुसार एक लीटर सादा दूध (टोन्ड) 47 रुपये प्रति लीटर, हाफ लीटर सादा दूध (टोन्ड) 24 रुपये, क्रीम दूध 52 रुपये प्रति लीटर और आधा लीटर क्रीम दूध की कीमत 26 रुपये कर दी गयी है। इससे पूर्व इसकी कीमत 45 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं हाफ लीटर दूध का मूल्य 23 रुपये क्रीम दूध 50 रुपये प्रति लीटर और हाफ लीटर की कीमत 25 रुपये थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड ने शुक्रवार को इलेक्ट्रिक ट्रक वर्ग में विस्तार करने की पहल के तहत 6×4 हेवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक टिपर का सफलतापूर्वक ट्रायल शुरू कर दिया है। इलेक्ट्रिक बस निर्माण में अग्रणी और मार्केट लीडर, ओलेक्ट्रा ने अब ट्रक निर्माण में प्रवेश किया है और इसे प्रोटोटाइप हैवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक टिपर प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। ओलेक्ट्रा टिपर भारत में अपनी तरह का पहला ट्रक है जो एक बार चार्ज होने पर 220 किलोमीटर तक की यात्रा तय कर सकता है। इस ट्रक को भारी बोगी सस्पेंशन ट्रिपर के साथ बनाया गया है जो 25 प्रतिशत से ज्यादा ऊंचाई या ढलान वाली सड़कों पर चलने में सक्षम है। कंपनी की ओर बताया गया है कि इस ट्रक का निर्माण बहुत जल्द हैदराबाद के बाहरी इलाकों में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ शुरू किया जाएगा। इस खास मौके पर ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड (ओलेक्ट्रा) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक केवी प्रदीप ने कहा, भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में अग्रणी होने के नाते, ओलेक्ट्रा ने अब हैवी-ड्यूटी टिपर ट्रायल शुरू किया है। यह भारत में अपनी तरह का पहला ट्रक है। मुझे ये बताते हुए बहुत खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। जैसा कि हम सभी देख रहे हैं कि देश में पेट्रोल और डीजल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे समय में हमारी कंपनी की ओर से तैयार किया गया इलेक्ट्रिक ट्रक गेम-चेंजर साबित होगा। अपनी तरह के इस पहले टिपर में कई तरह की विशेषताएं हैं। जैसा कि बाजार में लोग कम दामों में अच्छा प्रोडक्ट तलाशते हैं। उसी उद्देश्य से ओलेक्ट्रा ने उनके सपने को साकार करने की कोशिश की है। ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड की स्थापना 2000 में की गई। ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड (सार्वजनिक सूचीबद्ध कंपनी) – एमईआईएल समूह का एक हिस्सा है। ओलेक्ट्रा ने 2015 में भारत में इलेक्ट्रिक बसें लॉन्च की थीं। ओलेक्ट्रा विद्युत पारेषण और वितरण नेटवर्क के लिए सिलिकॉन रबर/ कंपोझिट इंसुलेटर का भारत का सबसे बड़ा निर्माता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। साइबर अपराधियों ने सरकारी तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) को अपना निशाना बनाया है। कंपनी के असम स्थित हेडक्वार्टर पर साइबर हमला हुआ। साइबर हमलावरों ने कंपनी के सिस्टम और कंप्यूटर्स पर वायरस भेजकर कब्जा कर लिया और इसे छोड़ने के लिए 75 लाख डॉलर (करीब 57 करोड़ रुपए) की मांग की गई। साइबर अपराधियों ने यह रकम बिटक्वाइन के रूप में अदा करने की शर्त रखी। कंपनी ने बताया कि वैसे तो यह हमला 10 अप्रैल को जियोलॉजिकल और रिजरवायर डिपार्टमेंट पर किया गया लेकिन इसकी सूचना आईटी विभाग ने मंगलवार को दी। कंपनी और सरकार के खजाने को भारी नुकसान : OIL के मैनेजर (सिक्योरिटी) सचिन कुमार ने मामले में दायर पुलिस शिकायत में कहा कि रैंसमवेयर और साइबर हमले की वजह से कंपनी और सरकार के खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है। आईटी सिस्टम पर वायरस के हमले की वजह से कारोबार को काफी नुकसान हुआ और इसे ठीक करने में भी काफी समय लग गया। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि साइबर हमले के बावजूद ड्रिलिंग और उत्पादन का काम बखूबी चल रहा है लेकिन आईटी से जुड़े काम प्रभावित हुए जिसमें लेनदेन और डाटा का संग्रह जैसा महत्वपूर्ण काम शामिल है। हमला चार दिन पहले जियोलॉजिकल और रिजरवॉयर डिपॉर्टमेंट पर किया गया था। नेटवर्क की समस्या से जूझी कंपनी : सचिन कुमार ने बताया कि साइबर अटैक के बाद शुरुआती जांच में पाया गया कि इसकी वजह से कंपनी के नेटवर्क, सर्वर और क्लाइंट के कंप्यूटर को भी नुकसान पहुंचा है। इसे दोबारा पूरी तरह ठीक किया जा रहा है। इस मामले में असम के दुलियाजान पुलिस स्टेशन पर शिकायत की गई है और पुलिस इसकी जांच भी कर रही है। डाटा को नुकसान नहीं : कंपनी के प्रवक्ता त्रिदिव हजारिका ने बताया कि साइबर हमले की वजह से कंपनी के डाटा संग्रह पर कोई असर नहीं पड़ा है। सावधानी बरतने के लिए हमने तत्काल अपने सभी सिस्टम को बंद कर दिया था और डाटा को सुरक्षित रखने का काम शुरू कर दिया था। गौरतलब है कि 1889 में स्थापित हुई OIL देश की दूसरी सबसे बड़ी तेल एवं गैस कंपनी है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। देश में महंगाई के मोर्चे पर जनता को राहत मिलती नहीं दिख रही है। जहां एक ओर बीते नौ दिनों से पेट्रेल-डीजल की कीमतें स्थिर होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, तो दूसरी ओर सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को सीएनजी 2.5 रुपए और महंगी हो गई, जबकि बुधवार रात को आईजीएल ने पीएनजी की कीमतों में फिर से बड़ा इजाफा किया। यहां पहुंची पीएनजी की कीमत : बीते कुछ दिनों से इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने पीएनजी और सीएनजी के दाम में तेजी का जो सिलसिला शुरू किया, वो थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को गैस कंपनी की ओर से जारी किए गए संदेश के अनुसार, पीएनजी की कीमत में 4.25 रुपए की बढ़ी बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद एनसीआर में पीएनजी का दाम 45.96 रुपए प्रति एमसीएम पर पहुंच गया है। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले दिनों गैस कंपनी ने पीएनजी के दाम में छह रुपए की बढ़ोतरी की थी। सीएनजी के भाव में लगी आग : सीएनजी 2.5 रुपए महंगी हो गई है। इस वृद्धि के बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 71.61 रुपए प्रति किलो हो गई। दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी उपभोक्ताओं को आज से सीएनजी के लिए जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। यहां प्रति किलो सीएनजी के लिए ग्राहकों को 74.17 रुपए चुकाने होंगे जबकि गुरुग्राम में आज से सीएनजी के दाम 79.94 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। सीएनजी की कीमत में इस महीने यह चौथी बढ़ोतरी है। चार किस्तों में इसकी कीमत 10.80 रुपए बढ़ चुकी है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और हाई ड्राइविंग रेंज के साथ टाटा की नयी Curvv EV आ रही है। नयी इलेक्ट्रिक कार 400-500 किमी तक रेंज देती है और इसमें लगी बैटरी को तेजी से और कम बिजली में चार्ज किया जा सकेगा। यह कार एसी और डीसी दोनों चार्जिंग पॉइंट से चार्ज की जा सकेगी। टाटा मोटर्स ने भारत में अपनी नयी इलेक्ट्रिक कार टाटा कर्व ईवी से पर्दा हटा दिया है। इस इलेक्ट्रिक कार का कॉन्सेप्ट मॉडल दिखने में बहुत खूबसूरत है और केबिन के मामले में भी ईवी को शानदार बनाया गया है। नयी इलेक्ट्रिक कार कूपे स्टाइल पर तैयार की गई है और मौजूदा SUV लाइनअप की ये सबसे एडवांस्ड कार बन सकती है। दो साल के भीतर लॉन्चिंग : टाटा मोटर्स वाहन कंपनी अगले दो साल के भीतर बाजार में नयी इलेक्ट्रिक एसयूवी कर्व उतारेगी। मुंबई स्थित कंपनी ने इलेक्ट्रिक एसयूवी से हाल ही में पर्दा उठाया। कंपनी का कहना है कि इस एसयूवी का मकसद उन उपभोक्ताओं की जरूरत को पूरा करना है, जो नये उत्पाद के साथ कुछ अलग डिजाइन और फीचर चाहते हैं। 500 किमी तक रेंज : नयी इलेक्ट्रिक कार 400-500 किमी तक रेंज देती है और इसमें लगी बैटरी को तेजी से और कम बिजली में चार्ज किया जा सकेगा। यह कार एसी और डीसी दोनों चार्जिंग पॉइंट से चार्ज की जा सकेगी। टाटा कर्व एक मिडसाइज SUV है, जो नेक्सॉन SUV के ठीक ऊपर की जगह लेगी। टाटा का कहना है कि नयी इलेक्ट्रिक कार के साथ नयी तकनीक वाला पावरट्रेन दिया जाएगा, जो काफी दमदार भी होगा। टाटा मोटर्स की योजना पहले कूप स्टाइल वाले एसयूवी के इलेक्ट्रॉनिक संस्करण को पेश करने की है और फिर इसे इंटरनल कम्बशन इंजन ट्रिम्स के साथ बाजार में उतारा जाएगा। टाटा मोटर्स पैसेंजर वेहिकल्स के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्र ने कहा कि एसयूवी खंड तेजी से विभिन्न उप-खंडों में विभाजित हो रहा है, जिसमें अलग-अलग उत्पादों की स्पष्ट मांग है। उन्होंने कहा कि कंपनी का जोर ऐसे प्रोडक्ट्स की पेशकश पर है, जिनमें आधुनिक कार्यक्षमता और डिजाइन का सही मेल हो।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.