रांची। सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के दो दिवसीय मुकाबले गुरुवार से शुरू होने जा रहे हैं। हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित इस चैंपियनशिप में देश की पदक की एक बड़ी उम्मीद झारखंड की रेसलर चंचला कुमारी से है। गुरुवार को हंगरी में चंचला कुमारी के कुल तीन मुकाबले हैं। पहले मुकाबले में चंचला तुर्की के रेसलर से भिड़ेगी। तुर्की से जीतने की स्थिति में उसका मुकाबला यूक्रेन और उजबेकिस्तान के विजेता से होगा। चंचला अगर इस मैच में भी जीत जाती है तो फिर उसका मुकाबला कजाकिस्तान और अमेरिका के मैच विजेता से होगा। रांची की चुस्त और फुर्तीली चंचला अगर ये तीनों मुकाबले जीत लेती है तो वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। जिसके बाद अगले ही दिन शुक्रवार 23 जुलाई को सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। चंचला के साथ हंगरी गये अंतर्राष्ट्रीय कोच बबलू कुमार ने बताया कि चैंपियनशिप में चंचला की दावेदारी पूरी है। उम्मीद है कि चंचला मैच दर मैच बेहतर प्रदर्शन करती जाएगी। उन्होंने बताया कि इतने बड़े टूर्नामेंट में फिटनेस और फुर्ती के साथ माइंड गेम भी जबरदस्त होगा। उन्होंने कहा कि चंचला व्यवहार में जितनी शांत है। रिंग में उतनी ही ज्यादा फुर्तीली है। झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच भोलानाथ सिंह ने बताया कि उन्हें चंचला से पदक की पूरी उम्मीद है। क्योंकि चंचला कुश्ती के हर पैतरे को बेहतर समझती है। उन्होंने बताया कि खेलगांव में चंचला को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी गयी थी। जिसका असर हंगरी में दिखेगा। हंगरी रवाना होने से पहले चंचला को रांची के खेलगांव में उच्चस्तर का प्रशिक्षण दिया गया था। जहां उसे अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए पूरी तरह से तैयार किया गया था। चंचला को खेलगांव में प्रशिक्षण देने वाले कोच राजीव रंजन उर्फ भीम और मधु तिर्की को भी भरोसा है कि चंचला पदक लेकर ही अपने देश लौटेगी। बता दें कि चंचला रांची के ओरमांझी की रहनेवाली है।
एबीएन डेस्क। भारत और श्रीलंका के बीच रविवार से तीन मैचों की वन-डे सीरीज की शुरुआत हो रही है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगा। भारतीय टीम में भले ही कई स्टार खिलाड़ी नहीं है लेकिन उसके युवा खिलाड़ी टी-20 विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को बेताब हैं और ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों के छह मैचों की सीरीज रोमांचक होने की संभावना है। किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीरीज में जीत प्रमुख होती है लेकिन इस दौरे में भारत कुछ नए संयोजन आजमा सकता है। श्रीलंकाई टीम में कोरोना के कुछ मामले आने के बाद यह सीरीज पांच दिन देर से शुरू हो रही है। सीरीज में तीन वन-डे और इतने ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। दासुन शनाका पिछले चार वर्षों में टीम में 10वें कप्तान होंगे और धनंजय डिसिल्वा और तेज गेंदबाज दुशमंत चमीरा को छोड़कर कोई भी ऐसा खिलाड़ी नजर नहीं आता है जो शिखर धवन की अगुवाई वाली भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दे सके। ब्रिटेन दौरे में बायो बबल का उल्लंघन के कारण कुसल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के निलंबन और पूर्व कप्तान कुसाल परेरा के चोटिल होने से श्रीलंका कमजोर पड़ गया है। इंग्लैंड के खराब दौरे के बाद यदि उसकी टीम जीत दर्ज करती है तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
दुबई। भारतीय कप्तान मिताली राज ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की शृंखला में शानदार प्रदर्शन की बदौलत तीन साल से अधिक समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की महिला एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत को शृंखला में 1-2 से हार झेलनी पड़ी लेकिन 38 साल की मिताली ने तीनों मुकाबलों में अर्धशतक जड़े। मिताली ने पहले दो वनडे में 72 और 59 रन की पारी खेली जबकि तीसरे और अंतिम मुकाबले में उनकी नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत भारत मैच जीतने में सफल रहा। मिताली चार स्थान के फायदे से शीर्ष पर पहुंच गई हैं। वह पिछली बार फरवरी 2018 में रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी। मिताली पहली बार अप्रैल 2005 में रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी। उन्होंने तब पोटचेफस्ट्रूम में विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 91 रन बनाए थे। पहली बार और आखिरी बार रैंकिंग में शीर्ष पर होने के बीच 16 साल का अंतर किसी भी महिला बल्लेबाज के लिए सबसे अधिक है। इंग्लैंड की जेनेट ब्रिटिन 1984 में पहली बार और 1995 में आखिरी बार नंबर एक बनी थी जबकि न्यूजीलैंड की डेबी हॉकले एक अन्य महिला बल्लेबाज हैं जिनके नंबर एक पर काबिज होने में 10 साल से अधिक का अंतर है। हॉकले पहली बार 1987 और आखिरी बार 1997 में रैंकिंग में शीर्ष पर थीं। आक्रामक भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अंतिम 2 वनडे में 44 और 19 रन की पारी खेली जिससे वह 49 स्थान की लंबी छलांग के साथ 71वें पायदान पर पहुंच गई हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी चार स्थान के फायदे से 53वें स्थान पर हैं। गेंदबाजों की सूची में आलराउंडर दीप्ति शर्मा एक स्थान के फायदे से 12वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने अंतिम मुकाबले में 47 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज लॉरेन विनफील्ड हिल 14 स्थान के फायदे से 41वें स्थान पर हैं। उन्होंने 42 और 36 रन की पारियां खेली। सोफिया डंकले नाबाद 73 और 28 रन की पारियां खेलने के बाद 80 स्थान की लंबी छलांग के साथ 76वें पायदान पर हैं। बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन गेंदबाजों की सूची में चार स्थान के फायदे से करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने दो मैचों में पांच विकेट चटकाए। दूसरे मैच में 34 रन देकर पांच विकेट चटकाने वाली केट क्रॉस 25वें से 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं। नेट स्किवर और सारा ग्लेन एक-एक स्थान के फायदे के साथ क्रमश: 22वें और 43वें स्थान पर हैं। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रैंकिंग में पाकिस्तान की स्पिनर निदा डार छह स्थान के फायदे से 15वें स्थान पर हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में चार विकेट चटकाए। वह देश की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 100 विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज की शामिला कोर्नेल 14 स्थान के फायदे से 27वें स्थान पर हैं। कप्तान स्टेफनी टेलर अंतिम मैच में हैट्रिक सहित चार विकेट चटकाने के बाद 10 स्थान के फायदे से 42वें पायदान पर पहुंच गई हैं। फातिमा सना 85 स्थान के फायदे से 94वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजों की सूची में चेडीन नेशन 17 स्थान आगे बढ़कर 61वें जबकि काइसिया नाइट 20 स्थान के फायदे से 71वें स्थान पर हैं।
एबीएन डेस्क। टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत 23 जुलाई से हो रही है। इसका समापन आठ अगस्त को होगा। इसी बीच खबर है कि भारत की तरफ से छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरीकॉम और पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह उद्घाटन समारोह में देश के ध्वजवाहक होंगे। मैरी कॉम और मनप्रीत सिंह के भारत की तरफ से ध्वजवाहक होने की जानकारी सोमवार को आईओए ने दी है। इन दोनों के अलावा समापन के लिए पहलवान बजरंग पूनिया को भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना गया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि ओलंपिक में भारत के दो ध्वजवाहक होंगे। मैरी कॉम ने इस घोषणा के बाद कहा, यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल होगा, क्योंकि यह मेरा आखिरी ओलंपिक है। मेरे लिए यह भावनात्मक पल हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, उद्घाटन समारोह के दौरान दल की अगुवाई करने का अवसर पाकर मैं वास्तव में सम्मानित महसूस कर रही हूं। मेरे चयन के लिए मैं खेल मंत्रालय और आईओए को धन्यवाद करती हूं। मैं पदक के लिए अपना सर्वश्रेष्ट करने का वादा करती हूं। टोक्यो ओलंपिक के शुरू होने में अब लगभग एक महीने का वक्त रह गया है। आगामी 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके आगाज से पहले आयोजकों ने खेलों के दौरान दर्शकों की मौजूदगी को लेकर बड़ा एलान किया था। दरअसल, जापान के आयोजकों ने आगामी टोक्यो ओलंपिक खेलों के दौरान सभी वेन्यू पर दर्शकों की सीमा तय करते हुए स्टेडियम की क्षमता के 50 प्रतिशत लोगों को स्थल पर आने की स्वीकृति दी है। हालांकि, आयोजकों ने साफ कर दिया है कि किसी भी वेन्यू पर ज्यादा से ज्यादा 10,000 दर्शकों को स्टेडियम आने की अनुमति रहेगी। आयोजकों के बयान के मुताबिक, ओलंपिक गेम्स में दर्शकों की लिमिट वेन्यू की क्षमता की 50 फीसदी रहेगी, जिसमें ज्यादा से ज्यादा 10,000 लोग इसे देखने स्टेडियम जा सकेंगे। बता दें कि टोक्यो ओलंपिक को कोरोना महामारी के कारण पिछले साल रद्द कर दिया गया था। इस साल भी कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते ओलंपिक खेलों के आयोजन पर लगातार सवाल उठ रहे थे। लेकिन इसके बाद इन खेलों को 23 जुलाई से कराने का फैसला लिया गया था।
सिल्ली। बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी सिल्ली के छह तीरंताज सोनीपत में आयोजित यूथ एंड कैडेट वर्ल्ड चैंपियन चयन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता 6 एवं 7 जुलाई को होगी। कोच शिशिर महतो ने बताया कि प्रतियोगिता में सफल तीरंदाज आगामी अगस्त माह में पोलैंड में होने वाली यूथ एंड कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में शामिल होंगे। चयन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तीरंदाजों में ज्योति कुमारी, सविता कुमारी, सोनाली बाखला, अभिषेक कुमार, कृष चंद्र देव एवं स्नेह शिरीन शामिल हैं।
दुबई। पुरुष टी-20 विश्व कप 2021 का 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएइ) और ओमान में आयोजन होगा। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की है। आइसीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट को भले ही यूएइ और ओमान में आयोजित किया जायेगा, लेकिन इसकी मेजबानी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) ही करेगा। आइसीसी के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीइओ) ज्योफ एलाडिर्स ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि हमारी प्राथमिकता आइसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2021 को सुरक्षित, पूर्ण रूप से और इसकी वर्तमान विंडो में आयोजित करना है। हम भारत में विश्व कप की मेजबानी न होने से बहुत निराश हैं। मौजूदा फैसला हमें निश्चितता देता है कि हमें एक ऐसे देश में वैश्विक टूर्नामेंट का आयोजन करने की जरूरत है जो जैव-सुरक्षित (बायो-बबल) वातावरण में बहु-टीम कार्यक्रमों का एक सिद्ध अंतरराष्ट्रीय मेजबान है। इसपर बीसीसीआइ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि बीसीसीआइ संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में आइसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2021 टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है। हम भारत में इसकी मेजबानी करके ज्यादा खुश होते, लेकिन कोरोना की स्थिति और विश्व चैंपियनशिप के महत्व के कारण अनिश्चितता को देखते हुए बीसीसीआइ अब इस टूर्नामेंट की मेजबानी यूएइ और ओमान में करेगा।
एबीएन डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर बड़ी खबर इस समय आ रही है। बीसीसीआई ने सस्पेंस खत्म करते हुए साफ कर दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन भारत में नहीं बल्कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएइ) में होगा। बीसीसीआई सचिव जय शाह न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कहा कि हम आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को सूचित करेंगे कि हम टी20 विश्व कप को यूएई में स्थानांतरित कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप की तारीखें को लेकर साफ कर दिया है कि यह आईसीसी तय करेगी। उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, जहां तक टी20 विश्व कप का सवाल है, आज वह समय सीमा थी जब हमें अपने फैसले के बारे में आईसीसी को सूचित करना था। तो आज बीसीसीआई पदाधिकारियों के बीच एक कॉन्फ्रेंस कॉल थी। हम मिले और कोविड की स्थिति को देखा। कोई नहीं जानता कि 2-3 महीने बाद क्या होने वाला है। सभी बातों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया है कि बीसीसीआई आईसीसी को इसे यूएई में स्थानांतरित करने की सूचना देगा क्योंकि भारत के बाद यह आदर्श स्थल है। हम इसे भारत में होस्ट करना चाहते थे और हमारी पहली प्राथमिकता भारत थी। शुक्ला ने टी20 वर्ल्ड की शेड्यूल के बारे में संभावना व्यक्त की है कि आईपीएल के तुरंत बाद इसकी शुरूआत हो जाएगी। क्वालीफायर ओमान में हो सकते हैं और बाकी मैच तीन मैदानों पर होंगे - दुबई, अबू धाबी और शारजाह। गौरतलब है कि भारत को कोरोना की तीसरी लहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। जिसको ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई को टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर 28 जून तक अपना फैसला आइसीसी को बताना था। आईसीसी ने बीसीसीआई के आग्रह पर भारत में टी20 वर्ल्ड के आयोजन को लेकर सोचने के लिए करीब एक महीने का वक्त दिया था।
एबीएन डेस्क, रांची। भारत की स्टार महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पेरिस में चल रहे तीरंदाजी विश्व कप में इतिहास रच दिया। विश्व कप स्टेज 3 में रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा को 6-0 से जीतकर स्वर्ण पदक की अपनी हैट्रिक पूरी। इस जीत के साथ दीपिका दुनिया की नंबर 1 महिला तीरंदाज बन गई हैं। विश्व तीरंदाजी ने सोमवार को अपनी ताजा रैंकिंग जारी की जिसमें दीपिका को पहला स्थान मिला। दीपिका कुमारी ने दूसरी बार तीरंदाजी में यह उपलब्धि हासिल की है। रांची से ताल्लुक रखने वाली 27 वर्षीया दीपिका ने साल 2012 में पहली बार तीरंदाजी में शीर्ष स्थान हासिल किया था। रविवार को दीपिका ने व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। सोमवार को विश्व तीरंदाजी की तरफ से आधिकारिक ट्वीट कर कहा गया, दीपिका कुमारी ने विश्व तीरंदाजी में पहली रैंक हासिल कर ली है। दीपिका कुमारी ने पहले अंकिता भकत और कोमालिका बारी के साथ महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में मैक्सिको को आसानी से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद उन्होंने अपने पति अतनु दास के साथ 0-2 से पिछड़ने के बाद नीदरलैंड के सेफ वान डेन और गैब्रिएला की जोड़ी को 5-3 के अंतर से हराते हुए गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। इसके बाद रांची की राजकुमारी ने रूस की 17वीं रैंक प्राप्त एलिना ओसीपोवा को 6-0 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। दीपिका के ओवर आॅल पदकों की बात की जाए तो 9 स्वर्ण, 12 रजत और 7 कांस्य पदक जीतने में सफल रही हैं।
एबीएन डेस्क। ओलिंपिक से पहले भारतीय शूटिंग के लिए एक अच्छी खबर आई है। क्रोएशिया में चल रहे शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत को तीसरा मेडल मिला है। यह 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में मनु भाकर और सौरभ चौधरी ने दिलाया। यह भारतीय जोड़ी 387 पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर रही। मिक्स्ड इवेंट के फाइनल में मनु और सौरभ को रशियन जोड़ी वितालिना बत्सरश्किना और अर्तेम चेर्नोसोव ने हराया। अब तक भारत टूर्नामेंट में एक सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर 9वें नंबर पर काबिज है। रूस 7 मेडल 3 गोल्ड, 3 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज के साथ टॉप पर काबिज है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.