- धनबाद : निरसा जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े, जमकर चले लाठी-पत्थर
- निरसा खटाल में मारपीट और पथराव से मचा हड़कंप, कई घायल; पुलिस ने कैंप कर संभाला मोर्चा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र के निरसा खटाल इलाके में रविवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर लाठी-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवक शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, कई घरों में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है।
बताया जाता है कि निरसा खटाल और बिजली विभाग कार्यालय के समीप स्थित जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। कुछ ही देर में सड़क पर पत्थर बिखर गए और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भमांला पंचायत के मुखिया जोगिंदर यादव, भाजपा नेता मन्नू तिवारी समेत निरसा पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को नियंत्रित करते हुए हालात पर काबू पाया।
घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर कैंप कर दिया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि दोनों पक्षों के लोग शिकायत दर्ज कराने के लिए निरसा थाना पहुंचे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और झड़प की घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार की घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।