- कतरास : जीएनएम में अरुण टेंपल की तर्ज पर बनेगा 150 फीट ऊंचा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल
- 52 लाख की लागत से पंडाल व लाइटिंग की तैयारी, 200 वालंटियर और 32 CCTV से होगी सुरक्षा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, जीएनएम हाई स्कूल मैदान की ओर से इस वर्ष दुर्गापूजा को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। समिति द्वारा थाईलैंड के प्रसिद्ध अरुण टेंपल की तर्ज पर आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को पूजा पंडाल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
समिति के सचिव अमन कुमार जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष पंडाल की ऊंचाई लगभग 150 फीट और चौड़ाई करीब 140 फीट होगी। पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर के डेकोरेटर को दी गई है। वहीं, आकर्षक विद्युत सज्जा का कार्य बोकारो के मनीष लाइट द्वारा किया जा रहा है। मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण चितरंजन में कराया जा रहा है।
समिति के अनुसार पंडाल और लाइटिंग पर करीब 50 से 52 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। समिति ने बताया कि पिछले वर्ष जिले में पंडाल एवं लाइटिंग के क्षेत्र में उसे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। इस वर्ष आयोजन को और भव्य रूप देते हुए जिला ही नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर अलग पहचान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
200 वालंटियर और 32 CCTV से निगरानी
दुर्गापूजा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति के अनुसार पुलिस-प्रशासन के सहयोग के अलावा करीब 200 वालंटियर, 32 CCTV कैमरे और 100 वॉकी-टॉकी के माध्यम से पूरे मेला परिसर पर निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, महिलाओं के लिए अलग शौचालय और मेडिकल टीम की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। मेला परिसर में झूला, तारामाची, मीना बाजार के साथ विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष पंकज सिन्हा, सचिव अमन कुमार जायसवाल, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत कुमार सहित निगरानी समिति के बिनोद रजक, शंकर जायसवाल, बबलू चौरसिया, मुकेश भट्ट, शैलेंद्र सिन्हा, अशोक शर्मा, दिलीप तर्वे, कुलदीप सिंह, प्रीतम रवानी, मोनू सिंह, सरोज विश्वकर्मा, सोनू शर्मा, प्रदीप लाला, गणेश मोदक, मनोज राय, अमित रजक, गोपाल बोस, प्रभाकर दत्त, ईश्वर शर्मा, कौशल ठाकुर, शिवम दसौधी, टिंकू खंडेलवाल, नकुल सिंह, अजय स्वर्णकार, अंकित जायसवाल, राहुल रजक, निखिल राय, सुनील यादव, रोनित मोदक, अप्पू साहू, राजेंद्र ठाकुर, भोला मोदक, राकेश प्रमाणिक, तप दे, सचिन मोदक, सुजल चौरसिया, आयुष चौरसिया, बिट्टू शर्मा, अभिषेक शरण, प्रकाश पटवा, अभिषेक मोदक, अमन सिंह, दीपू रवानी, सुमित सिंह, सागर कुमार, कौशल सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।