Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 14
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

भक्ति, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम बनेगा श्री राम लला पूजा समिति का भव्य पंडाल

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
भक्ति, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम बनेगा श्री राम लला पूजा समिति का भव्य पंडाल
विज्ञापन

रांची जिला स्कूल परिसर में सजेगा वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर का भव्य प्रारूप, गर्भगृह में विराजेंगी मां दुर्गा 

टीम एबीएन, रांची। श्री राम लला पूजा समिति, रांची अपने तृतीय वर्ष में प्रवेश के साथ इस बार श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति से जुड़ा एक भव्य अनुभव कराने की तैयारी में है। समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची जिला स्कूल परिसर में इस वर्ष वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर के भव्य प्रारूप को पूजा पंडाल के रूप में तैयार किया जायेगा। पंडाल की भव्यता के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को भी विशेष प्राथमिकता दी जायेगी। 

समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि वाराणसी के उमरहा क्षेत्र में स्थित स्वर्वेद महामंदिर अपनी विशाल स्थापत्य शैली और आध्यात्मिक स्वरूप के लिए जाना जाता है। इसका निर्माण कार्य दिसंबर 2004 में प्रारंभ हुआ था तथा 18 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया था। 

मंदिर आध्यात्मिक साधना, ध्यान, योग एवं अध्ययन का प्रमुख केंद्र है और इसका संबंध विहंगम योग परंपरा से है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल पूजा पंडाल का निर्माण करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है। इसी उद्देश्य के तहत इस वर्ष स्वर्वेद महामंदिर के प्रारूप को रांची में भव्य रूप दिया जा रहा है। 

लगातार तीसरे वर्ष श्रद्धालुओं के लिए अनूठी थीम 

अशोक चौधरी ने बताया कि श्री राम लला पूजा समिति द्वारा वर्ष 2024 में श्री राम मंदिर के प्रारूप को पूजा पंडाल के रूप में प्रस्तुत किया गया था। इस दौरान झारखंड के अलावा विभिन्न राज्यों से आये श्रद्धालुओं ने पंडाल का अवलोकन किया। वहीं वर्ष 2025 में गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर के प्रारूप को रांची जिला स्कूल परिसर में तैयार किया गया था। 

उन्होंने कहा कि समिति प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं के सामने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अलग-अलग भव्य प्रारूप प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में इस बार स्वर्वेद महामंदिर को चुना गया है। समिति के महासचिव कुणाल अजवानी ने बताया कि इस वर्ष प्रस्तावित पूजा पंडाल की चौड़ाई लगभग 150 फीट और ऊंचाई 100 फीट होगी। 

पंडाल के मध्य में बनाये जा रहे गर्भगृह की ऊंचाई लगभग 30 फीट रखी गयी है। गर्भगृह में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जहां श्रद्धालुओं को मां के दर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंडाल निर्माण में भव्यता के साथ-साथ कलात्मकता और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। 

समिति की कोशिश है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के साथ एक यादगार धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त हो। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गयी। समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी एवं महासचिव कुणाल अजवानी ने सभी सदस्यों से पूजा आयोजन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का आह्वान किया। 

समिति की ओर से बताया गया कि झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडाल परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जायेगा। दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित रखने के लिए सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी दी जायेंगी। 

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने पूजा आयोजन को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे जिसमे कोषाध्यक्ष प्रकाश धेलिया, मनोज नरेड़ी, रवि प्रकाश टुन्ना, मुकेश अग्रवाल, राजू पोद्दार, विकास सिंह, निर्मल जालान, उमंग सुल्तानिया, प्रवीण सिंह, सुनील जायसवाल एवं दीपक पाठक सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। 

बैठक के दौरान कई नये सदस्यों ने समिति की आजीवन सदस्यता ग्रहण की, जबकि पुराने सदस्यों ने अपनी सदस्यता का नवीकरण कराया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने की। इस दौरान महासचिव कुणाल अजवानी एवं कोषाध्यक्ष प्रकाश धेलिया ने भी आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक का संचालन समिति के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता बादल सिंह ने किया। 

मौके पर धीरज तनेजा, सुमित कक्कड़, अनिल चौधरी, दीपक चौधरी, मनीष लोधा, अनिल गोयल, विजय चौधरी, शुभम मित्तल, बंटी चौधरी, राजीव सिंह, अमन प्रकाश, शुभम शर्मा, कृष्णा अग्रवाल, मनोज सिंघानिया, सोनू भारद्वाज, उमेश प्रसाद, कमलेश शर्मा, भावेन राठौर, प्रदीप कुमार, विवेक आर्य, प्रथम भाला, विवेक शर्मा एवं यश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित थे। 

समिति का कहना है कि इस वर्ष रांची जिला स्कूल परिसर में बनने वाला भव्य पंडाल श्रद्धा, आध्यात्मिकता, संस्कृति और कला का ऐसा संगम प्रस्तुत करेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। उक्त जानकारी प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत और बादल सिंह ने दी।

विज्ञापन