प्रशासनिक आग्रह पर छात्र प्रतिनिधिमंडल की सूची सरकार को सौंपी गयी
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के छठे दिन स्वास्थ्य में आई भारी गिरावट
टीम एबीएन, रांची। जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। भारी बारिश के बावजूद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में छात्र एवं अभिभावक पूरे दिन आंदोलनरत रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों ने आयोग एवं राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज छठे दिन भी जारी रही। मेडिकल टीम के अनुसार शुगर लेवल में भारी गिरावट सहित स्वास्थ्य संबंधी अन्य जटिलताएं सामने आई हैं, जिसके कारण उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती होकर उपचार कराने की सलाह दी गई। लेकिन आंदोलनरत छात्रों का साथ नहीं छोड़ने का संकल्प लेते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने अस्पताल जाने से स्पष्ट इनकार कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों (सदर एसडीएम, लॉ एंड आॅर्डर एडिएम, सदर उड) के आग्रह पर जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी मंच द्वारा सरकार को वार्ता हेतु छात्र प्रतिनिधिमंडल की सूची सौंपी गयी। आठ सदस्य प्रतिनिधिमंडल में निम्नलिखित शामिल हैं- रामा अवतार महतो, चंदन कुमार, दिनबंधु मंडल, बिमल कुमार, पूजा कुमारी, प्रेम कुमार, रवि शंकर और अमित कुमार शर्मा है।
इस अवसर पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार अब आंदोलनरत छात्रों के सब्र की परीक्षा लेना बंद करे। उन्होंने कहा कि छात्र अब तक पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं अनुशासित तरीके से अपना आंदोलन चला रहे हैं। सरकार को उनकी जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति से बचना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार शीघ्र वार्ता कर समाधान नहीं निकालती है, तो 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च ऐतिहासिक होगा, जिसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं युवा भाग लेंगे। आज आंदोलन को समर्थन देने के लिए पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, आॅल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन की अध्यक्ष नेहा बोरा तथा सीजेपी के संगठनात्मक पदाधिकारी धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।