- यह भवन जिला परिषद के डीएमएफटी मद से लगभग तीन करोड़ 88 लाख 84 हजार पांच सौ 98 रुपये से बन रही है
- स्कूल भवन निर्माण अवैध घटिया बालू का हो रहा इस्तेमाल
- रात में ट्रैक्टर से मंगाया जा रहा है बालू
- ठेकदार के मुताबिक बंगाल से बालू मंगाकर कराया जा रहा काम
चिमनी के जगह डिस्को ईंट का हो रहा प्रयोग - निर्माण स्थल पर एक विभाग के एई व जेई पहुंच किया मुआयना
टीम एबीएन, कटकमसांडी (हजारीबाग)। कटकमसांडी प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में हो रहे बांउड्री वाल व भवन निर्माण में चोरी के अवैध बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, ठेकेदार द्वारा चिमनी ईंट की जगह तीन नंबर का डिस्को ईंट का प्रयोग किये जाने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में विभाग के प्रति घोर नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर मंगलवार को पहुंचे सम्बन्धित विभाग के जेई व एई ने निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता को हरी झंडी देकर काम जारी रखने का निर्देश दिया है।
बता दें कि जिला परिषद से डीएमएफटी मद से तीन करोड़ 88 लाख 84 हजार पांच सौ 98 रुपए की लागत से बन रहे निर्माण कार्य में घटिया ईंट और मिट्टी मिले हुए बालू का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण कार्य प्राक्कलन के मुताबिक नहीं होने की जानकारी मिलने के कटकमसांडी मुखिया कुमारी श्रीति पांडेय व कटकमसांडी पश्चिमी के जिप सदस्या लक्ष्मी कुमारी सहित ग्रामीण अंतिम रजक, नीतीश कुमार, रंजीत अग्रवाल, अलखु रविदास सहित दर्जनों ग्रामीण निर्माण कार्य स्थल पर पहुंच निर्माण सामग्री का अवलोकन किया और निर्माण कार्य को रोक दिया। मगर ठेकेदार की हठधर्मी से निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य का संवेदक मेसर्स दीपक कंस्ट्रक्शन है, जिसका कहना है कि बंगाल से बालू मंगवाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि ठेकेदार द्वारा रात्रि में ट्रैक्टरों से लोकल बालू मंगवाया जा रहा है, जिसका ज्वलंत सबूत यह है कि झारखंड में बालू पर रोक के बावजूद गत चार माह से लगातार निर्माण कार्य जारी है। साइट इंचार्ज विनोद कुमार शर्मा ने भी स्वीकार किया कि घटिया व नाले के काला बालू को किनारे कर दिया गया है। निर्माण कार्य में चोरी के अवैध बालू व प्रयुक्त घटिया सामग्री को लेकर बीससूत्री अध्यक्ष सरयू यादव, उपाध्यक्ष नरसिंह प्रजापति, जिप सदस्या लक्ष्मी देवी, मुखिया कुमारी श्रीति पांडेय, प्रमुख संगीता देवी, उप प्रमुख ममता देवी, कांग्रेस के जिला सचिव रंजीत यादव, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद राजा आदि जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त से शिकायत कर संवेदक को काली सूची में डालने की मांग की है।