- छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत से मिलीं AICC सचिव जरिता लैतफलांग
- संगठन सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत से आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग ने आत्मीय मुलाकात की। जरिता लैतफलांग ने श्री भगत को पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रभारी का दायित्व संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ राज्य के संगठनात्मक विषयों पर लंबी एवं सार्थक बातचीत हुई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने, जिला एवं ब्लॉक इकाइयों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर सुखदेव भगत ने कहा कि हम सब मिलकर एक टीम भावना के साथ काम करेंगे और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करेंगे।
वहीं जरिता लैतफलांग ने कहा कि सुखदेव भगत के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ कांग्रेस नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी। प्रभारी जी झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं उन्हें संगठन चलाने का एक लंबा अनुभव है। दोनों नेताओं ने एकमत से संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को अनुशासित, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाकर पार्टी को और मजबूत किया जाएगा।