82 दीपों की ज्योति से आलोकित हुआ श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर

 

श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया संत शिरोमणि डॉ. सदानंद महाराज का 82वां जन्मोत्सव 

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में ट्रस्ट के संस्थापक, संत शिरोमणि परमहंस डॉ. सदानंद महाराज जी का 82वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण, भजन-कीर्तन एवं सेवा कार्यों से पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर गुरुजी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। 

जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं पूज्य गुरुदेव के चरणों में पुष्प अर्पित कर तथा 82 दीप प्रज्वलित कर किया गया। 82 दीपों की अलौकिक ज्योति ने पूरे मंदिर परिसर को प्रकाशमय बना दिया और उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरुजी के दीघार्यु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। इसके पश्चात भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने गुरु महिमा एवं प्रभु भक्ति से ओत-प्रोत भजनों का आनंद लिया। 

समारोह के मुख्य अतिथि हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि परमहंस डॉ. सदानंद महाराज जी का जीवन मानव सेवा, आध्यात्मिक जागरण एवं समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों, मंदिर की गतिविधियों तथा जरूरतमंद लोगों के लिए किए जा रहे प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। 

उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार तथा वार्ड पार्षद निहारिका कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट द्वारा धर्म एवं सेवा को साथ लेकर समाज के कमजोर वर्गों के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं, वे अनुकरणीय हैं। उन्होंने ट्रस्ट की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी निरंतर सहयोग देने की बात कही।

इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का राधा-कृष्ण का स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पावन लॉकेट भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक मनीष सोनी ने एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत किये, जिन पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति एवं आनंद का अद्भुत वातावरण बना रहा। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सेवा कार्यों का भी आयोजन किया गया। 

निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र वितरण किया गया तथा नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी। श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गयी, जिसमें सैकड़ों लोगों के बीच वेजिटेबल खिचड़ी भोग, आम रस एवं आलू चिप्स का वितरण किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रस्ट के सचिव मनोज चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ट्रस्ट के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने किया। 

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, सुरेश अग्रवाल, सुरेश चौधरी, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, नंदकिशोर चौधरी, शिव अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, मनीष जालान, निर्मल छावनिका, दीपेश निराला, विशाल जालान, प्रदीप पोद्दार, शिवभगवान अग्रवाल, पवन पोद्दार, अरूण जाजोदिया, विष्णु सोनी, विद्या देवी अग्रवाल, अरविंद पांडे, अजय गाड़ोदिया, सरवन सिंघानिया, संजीव दत्ता, संतोष देवी अग्रवाल, अमीता जालान, सुनीता अग्रवाल, सरोज पोद्दार, बिमला जालान, आशा मुंजाल, आशा सिंह, अनुराधा सर्राफ, नंद रानी पाठक, रामा डोकानिया, उषा मोदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse