Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
समाज

बीतक कथा महोत्सव में श्रद्धालुओं ने किया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्य लीला का दर्शन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
बीतक कथा महोत्सव में श्रद्धालुओं ने किया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्य लीला का दर्शन
विज्ञापन

श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में चार दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा महोत्सव का हुआ शुभारंभ 

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्य लीलाओं से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु 

एबीएन सोशल डेस्क। एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम ट्रस्ट के तत्वावधान में रांची पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित चार दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा महोत्सव का गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। यह दिव्य आयोजन ट्रस्ट के संस्थापक डॉ संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य में प्रारंभ हुआ। 

कथा का वाचन वृंदावन से पधारी सुप्रसिद्ध कथा वाचिका परम पूज्य विदुषी साध्वी मीना महाराज एवं विदुषी साध्वी पूर्णा महाराज के श्रीमुख से प्रारंभ हुआ, जिनकी मधुर वाणी, संगीतमय प्रस्तुति और आध्यात्मिक भावधारा ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने दोनों पूज्य कथा वाचिकाओं को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्प अर्पित कर सम्मानित करने के साथ किया। 

उन्होंने कहा कि चार दिवसीय श्रीकृष्ण बीतक कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन, उनकी अलौकिक लीलाओं, धर्म, प्रेम, करुणा तथा सनातन संस्कृति के महान आदर्शों का भावपूर्ण एवं संगीतमय वर्णन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी कथाएं समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था को सुदृढ़ करने का कार्य करती हैं। 

कथा के प्रथम दिवस परम पूज्य साध्वी मीना महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, उनके दिव्य बाल स्वरूप तथा गोकुल और वृंदावन की मनोहारी बाल लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान प्रस्तुत भक्तिमय भजन, संकीर्तन एवं श्रीकृष्ण की जीवंत झांकियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा मंदिर परिसर राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गुंजायमान हो उठा तथा वातावरण पूर्णत: भक्तिमय बन गया। 

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि यह संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा महोत्सव 6 से 9 अगस्त तक प्रतिदिन अपराह्न 2:30 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा। उन्होंने रांची एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने तथा इस आध्यात्मिक महोत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की। 

इस अवसर पर डुंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, बिष्णु सोनी, ज्ञान चंद्र शर्मा, संजय सर्राफ, विधा देवी अग्रवाल, बिमला जालान, शोभा जालान, सरिता अग्रवाल, ललिता अग्रवाल, शकुंतला केजरीवाल, रमा डोकानिया, उषा मोदी, नंद रानी पाठक, रेखा पोद्दार, शिला मुरारका, रिंकु जालान, सुनीता अग्रवाल सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 90,647