पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं लोग

 

  • पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं लोग

एबीएन बिजनेस डेस्क। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गयी है। इस बार पेट्रोल की कीमत झारखंड में 90 पैसे और डीजल की कीमत में 87 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। नयी दर लागू होने के बाद रांची में पेट्रोल 101.71 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.68 रुपये प्रति लीटर हो गया है। हालांकि अलग-अलग पेट्रोल पंप कंपनियों में कुछ पैसों में अंतर देखा जा रहा है, लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

दरअसल, चार दिन पहले सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 3 रुपये और डीजल की कीमत में 3.14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। उस समय रांची समेत पूरे झारखंड में पेट्रोल-डीजल की किल्लत शुरू हो गयी थी। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिली थी और कई जगहों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गयी थी। करीब चार दिनों बाद हालात सामान्य हुए लेकिन अब फिर से कीमत बढ़ने से लोगों में नाराजगी है।

रांची के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर जब आम लोगों से बातचीत की गई तो उनके चेहरे पर झुंझलाहट साफ दिखायी दी। कई लोगों का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी की कमर टूट रही है लेकिन उनके पास कोई दूसरा विकल्प भी नहीं है। एक वाहन चालक ने कहा कि अब जो हो रहा है होने दीजिये, कुछ किया नहीं जा सकता। कम से कम पेट्रोल मिल तो रहा है, यही बड़ी बात है।

वहीं कुछ लोगों ने कहा कि महंगाई ने पहले ही घर का बजट बिगाड़ दिया है और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से रोजमर्रा की जिंदगी और मुश्किल हो गयी है। खासकर नौकरीपेशा और रोजाना वाहन से सफर करने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि पिछली बार कीमत बढ़ने के बाद लोगों ने घबराहट में ज्यादा मात्रा में पेट्रोल-डीजल खरीदना शुरू कर दिया था, जिससे कई जगहों पर सप्लाई प्रभावित हुई थी। फिलहाल ईंधन की उपलब्धता सामान्य है लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों से ग्राहकों में असंतोष बना हुआ है।

महंगाई और बढ़ने की आशंका

आर्थिक जानकारों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता बल्कि इसका प्रभाव परिवहन, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ता है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आम लोग अब राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं लेकिन फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse