झारखंड : वज्रपात से पांच की मौत

 

झारखंड में प्रकृति का कहर, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के चार जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिछले 24 घंटों में एक लड़की और दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को गढ़वा जिले से दो लोगों की मौत तथा रांची, धनबाद और बोकारो से एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। 

एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को रांची के इटकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल्ली गांव में अपने माता-पिता के साथ पेड़ से आम तोड़ रही 12 वर्षीय लड़की आश्रिता की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गयी। 

उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता घायल हो गये और उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गढ़वा में कंडी थाना अंतर्गत गराखुर्द गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गयी, जबकि बनजंघा गांव में 32 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गयी। 

उन्होंने बताया कि धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के चुंगी गांव में 44 वर्षीय महिला की मौत हो गयी जबकि बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव में बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गयी। शुक्रवार को झारखंड के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं जो शनिवार सुबह भी जारी रही। इससे राज्य भर में अधिकतम तापमान में गिरावट आयी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा सहित 13 जिलों के लिए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक गरज के साथ बारिश का अनुमान जताते हुए आरेंज अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम में यह बदलाव दो निम्न दबाव प्रणालियों के कारण हुआ है।  

उन्होंने कहा, झारखंड में अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आयी है। अगले चार दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

शुक्रवार को डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.2 डिग्री कम था। वहीं, चाईबासा में यह 33.4 डिग्री सेल्सियस और रांची में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse