- उपायुक्त के निर्देश पर सड़क किनारे (नो-पार्किंग जोन) भारी वाहनों की पार्किंग के विरुद्ध चला औचक जांच अभियान
- एनएच-33 के चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर हुई जांच, 12 वाहनों पर 2.42 लाख का जुर्माना
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। रात के समय सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों एवं मालवाहक वाहनों द्वारा वाहन खड़ा किए जाने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार को जिला परिवहन विभाग द्वारा विशेष औचक जांच अभियान चलाया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा एनएच-33 अंतर्गत चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर औचक जांच की गयी। इस दौरान सड़क किनारे एवं नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गयी।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा वाहनों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक अनुज्ञप्ति सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों एवं निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
जांच अभियान के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गयी। इनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ?2,42,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों से अपील करते हुए कहा कि रात्रि के समय मुख्य सड़क अथवा सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों को खड़ा न करें।
सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से वाहनों की पार्किंग से सड़क पर आवागमन बाधित होने के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को समय पर वाहन दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
उपायुक्त के निर्देश पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जायेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।