लोहरदगा : 30 मई को होगा छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन का महाधिवेशन

 

मजदूर अधिकारों की लड़ाई को नयी ताकत देगा महाधिवेशन : पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू 

लोहरदगा की धरती पर लाखों मजदूरों की एकता इतिहास रचेगी : अध्यक्ष निशीथ जायसवाल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला के किस्को मध्य विद्यालय मैदान में आगामी 30 मई को छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन का भव्य महाधिवेशन आयोजित किया जायेगा। इस विशाल आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में मजदूरों एवं यूनियन कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह का माहौल है। 

यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार महाधिवेशन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों मजदूरों की भागीदारी होने की संभावना है, जिससे यह कार्यक्रम श्रमिक एकता का ऐतिहासिक उदाहरण बनेगा। 

महाधिवेशन का आयोजन यूनियन के पूर्व सांसद सह महासचिव धीरज प्रसाद साहू के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में बॉक्साइड एवं कोल क्षेत्रों से जुड़े मजदूरों की समस्याओं, रोजगार सुरक्षा, श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा एवं क्षेत्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जायेगी। इसके साथ ही मजदूर हितों को लेकर संगठन की आगामी रणनीति भी तय की जायेगी। 

पूर्व सांसद सह महासचिव धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मजदूरों की मेहनत से ही उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए यूनियन हमेशा संघर्षरत रही है और आगे भी मजबूती के साथ लड़ाई जारी रखेगी। 

उन्होंने कहा कि 30 मई का यह महाधिवेशन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मजदूरों की एकता, संघर्ष और स्वाभिमान का महापर्व होगा। उन्होंने सभी मजदूर भाइयों एवं युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। 

यूनियन के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि किस्को की धरती पर होने वाला यह महाधिवेशन मजदूर आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि लाखों मजदूरों की उपस्थिति संगठन की मजबूती और एकता का प्रमाण होगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन सदैव प्रतिबद्ध है तथा हर परिस्थिति में श्रमिकों की आवाज बनकर खड़ी रहेगी। 

महाधिवेशन को सफल बनाने हेतु आयोजन समिति व्यापक तैयारी कर रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा एवं स्वागत की विशेष तैयारी की जा रही है। यूनियन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मजदूरों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में महाधिवेशन को लेकर उत्साह, उमंग एवं जोश का माहौल बना हुआ है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse