टीम एबीएन, पटना। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बिहार सरकार को एक नोटिस भेजा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह नोटिस राज्य के 38 में से 31 जिलों में भूजल के रसायनों से दूषित होने की रिपोर्ट्स पर जारी किया गया है। एनएचआरसी ने एक बयान में कहा कि हमने इस संबंध में एक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लिया गया है। इस रिपोर्ट में बिहार आर्थिक सर्वे रिपोर्ट 2021-22 का हवाला दिया गया है जिसको हाल ही में राज्य विधानसभा में पेश की गई है। आयोग ने कहा है कि अगर इस मीडिया रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा है। इसने मुख्य सचिव व सचिव, सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग और बिहार सरकार को नोटिस भेजा है। इस नोटिस पर छह सप्ताह के अंदर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 38 में से 31 जिलों में भूजल आर्सेनिक, फ्लोराइड और अधिक आयरन से दूषित है। इनसे लोग गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। 31 जिलों में भूजल प्रदूषण की स्थिति बहुत गंभीर : रिपोर्ट के अनुसार इस दूषित भूजल की वजह से लोग लिवर और किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राज्य के 31 जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल प्रदूषण की स्थिति अधिक गंभीर हैं। ऐसे जिलों में पीने योग्य पानी उपलब्ध कराने के लिए उठाए गए सुरक्षा उपाय और "हर घर नल-जल" योजना के तहत मानकों को लागू करने की मांग भी की गई है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी रैंडम सैंपलिंग पर रिपोर्ट मांगी गई है। तीन मार्च को प्रकाशित हुई इस मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 30,272 ग्रामीण वार्ड में भूजल रसायनों से दूषित है। 14 जिलों के 4742 वार्ड गंगा नदी के तट पर बसे हुए हैं और यहां पर भूजल मुख्य रूप से आर्सेनिक से दूषित है।
टीम एबीएन, बिहार। भागलपुर के ततारपुर थाना क्षेत्र के काजवली चक स्थित एक घर में अचानक ब्लास्ट होने से पूरा इलाका थर्रा गया। गुरूवार करीब रात 11 बजे को हुए इस ब्लास्ट में सात लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि चार घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं। अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। यह ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज करीब पांच किमी तक सुनाई पड़ी। घर के अंदर हुए भीषण विस्फोट से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। वहीं जिले के डीएम, एसएसपी और डीआईजी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल, प्रशासन द्वारा मलबा हटाने का काम जारी है और मलबे की पूरी सफाई होने पर मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। बताया जा रहा है की परिवार के लोगों को पटाखा बनाने का इतिहास रहा है और यह ब्लास्ट भी पटाखा बनाने के दौरान हुआ। इस ब्लास्ट से दो से तीन घर और प्रभावित होने की सूचना है।
टीम एबीएन, पटना। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के समर्थन में न्याय रथयात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। तेज प्रताप इस न्याय रथयात्रा की शुरुआत पटना से कर रहे हैं और अगले कुछ दिनों में न्याय रथ के जरिए पूरे प्रदेश में घूम-घूमकर जनता को यह बताने की कोशिश की जाएगी कि कैसे उनके पिता लालू प्रसाद को चारा घोटाले में फंसाया गया है। तेज प्रताप ने आरोप लगाया है कि चारा घोटाले में भाजपा ने उनके पिता लालू प्रसाद को फंसाया है और वह अब अपने पिता को जेल से बाहर निकालने के लिए न्याय रथयात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। तेज प्रताप का कहना है कि लालू ने हमेशा केंद्र सरकार और राज्य सरकार की गलत नीतियों का विरोध किया है और इसी की वजह से उन्हें चारा घोटाले में फंसा दिया गया और फिलहाल लालू जेल में बंद है। तेज प्रताप ने न्याय रथयात्रा का कार्यक्रम जो तय किया है उसके मुताबिक न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर वे अपने आवास से रवाना करेंगे और यह रथ अगले कुछ दिनों में बिहार के सभी जिलों में भ्रमण करेगा और लालू के खिलाफ कथित अन्याय को लेकर जनता को जागरूक करेगा। बता दें कि, 15 फरवरी को झारखंड में दर्ज चारा घोटाले के पांचवें और अंतिम मामले में रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने लालू को दोषी करार दिया और फिर 21 फरवरी को कोर्ट ने उन्हें 5 साल की सजा सुनाई। मामले में लालू पर 60 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट के जज एसके शशि ने यह फैसला सुनाया। लालू के वकील ने बताया कि आगे बेल के लिए अर्जी दी जाएगी। लेकिन बेल नहीं मिलने तक लालू को जेल में ही रहना पड़ेगा।
टीम एबीएन, पटना। बिहार में अब शराब पीने वाले को पकड़े जाने पर जेल नहीं जाना पड़ेगा। नीतीश सरकार ने राज्य में शराबबंदी के बीच बड़ा फैसला लिया है। हालांकि, इसमें कुछ शर्तें रखी गई हैं। अगर कोई व्यक्ति शराब पीते हुए पकड़ा जाता है तो उसे शराब माफिया की जानकारी पुलिस को देनी होगी। अगर जानकारी सही मिलेगी और माफिया की गिरफ्तारी हो जाती है तो शराब पीने वाले को जेल नहीं जाना होगा। उसे छोड़ दिया जायेगा। सोमवार को हुई बैठक में राज्य की जेलों में बढ़ रहे शराबियों की संख्या को देखकर यह फैसला लिया गया है। इसमें बिहार पुलिस और पुलिस और मद्य निषेध विभाग को विशेष अधिकार दिया गया है। उत्पाद विभाग के ज्वाइंट सेक्रेट्री कृष्ण कुमार ने कहा कि जो लोगों को शराब उपलब्ध करा रहे हैं, हमारा फोकस उन पर है। ऐसा करने से शराब माफियाओं की कमर टूट जाएगी, जिसका सीधा फायदा सरकार को मिलेगा। नवंबर, 2021 में राज्य सरकार की ओर से एक आंकड़ा जारी किया था, जिसने सबको चौका दिया था। आंकड़े के अनुसार जनवरी 2021 से अक्टूबर 2021 तक तक विशेष छापेमारी कर प्रदेश के जिलों में 49 हजार 900 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनमें शराबी और शराब तस्कर शामिल थे। इस दौरान 38 लाख 72 हजार 645 लीटर अवैध शराब को जब्त किया गया था। अदालतों पर भी बढ़ रहा था बोझ : जेलों के साथ ही राज्य की अदालतों में भी शराबबंदी के मामलों का बोझ बढ़ गया था। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा तो सुप्रीम कोर्ट ने जमानत याचिकाओं के लगे अंबार पर चिंता जाहिर की थी। इस मामले में अगली सुनवाई 8 मार्च को होनी है लेकिन इससे पहले ही बिहार सरकार ने यह फैसला ले लिया।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकालकर भारत लाए जाने वाले राज्य के लोगों की यात्रा का खर्च उठाएगी। इन लोगों के शनिवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है। कुमार ने शुक्रवार देर रात को इस संबंध में घोषणा की। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने पर केंद्र का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मालूम चला है कि ऐसी प्रत्येक उड़ान दिल्ली और मुंबई पहुंचेगी तथा राज्य सरकार बिहार के लोगों की यात्रा का खर्च वहन करेगी। राज्य के विभिन्न हिस्सों से खबरें आ रही हैं कि माता-पिता यूक्रेन से अपने बच्चों की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ऐसी चर्चा है कि जीतन राम मांझी को एमआरआई जांच में माइल्ड ब्रेन स्ट्रोक की आशंका जाहिर की गई थी। हालांकि उनकी स्थिति चिंताजनक नहीं है। वो होश में हैं। हम के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की हालत में सुधार है, अब चिंता करने की बात नहीं है। उन्होंने माइल्ड ब्रेन स्ट्रोक की बात को खारिज करते हुए कहा कि जीतन राम मांझी का शुगर लेवल कम हो गया है, इस वजह से वो असामान्य महसूस कर रहे थे। इसके बाद उनको फौरन अस्पताल ले जाया गया। मांझी होश में हैं और बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, डाक्टरों ने उन्हें आराम करने को कहा है। रिजवान ने कहा कि मांझी के स्वास्थ्य को लेकर कुछ भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मांझी एक दिन पहले भी मेदांता अस्पताल गए थे और अपना ब्लड शुगर लेवल की जांच करवाई थी। रविवार को वो फुल बाडी चेकअप के लिए फिर से मेदांता अस्पताल गए हैं। वो समय-समय पर अपनी जांच करवाते रहे हैं। यहां तक की कई बार दिल्ली जाकर भी उन्होंने जांच करवाई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक जीतन राम मांझी चेहरे पर लकवा का हल्का असर होने की शिकायत लेकर शनिवार की शाम को अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें आइसीयू में एडमिट कर जांच और इलाज शुरू किया गया था। जांच रिपोर्ट सामान्य रहने पर रविवार की शाम तक उनको अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
टीम एबीएन, पटना। बिहार में रोजगार मांगने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है। कोरोना काल में देश-विदेश की कंपनियों से बेरोजगार हुए लोग अब रोजगार के लिए तेजी से निबंधन करा रहे हैं। आलम यह है कि पिछले पांच साल की तुलना में इस साल जनवरी तक सबसे अधिक लोगों ने रोजगार के लिए निबंधन कराया है। पिछले साल की तुलना में चार गुना अधिक बेरोजगारों ने निबंधन पोर्टल पर किया है। रोजगार मांगने वालों में बेरोजगारों के साथ ही कुछ स्व-रोजगार कर रहे लोग भी शामिल है। हालांकि राहत की बात यह है कि निबंधन करने वालों में एक भी छात्र नहीं है, जो पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार भी मांग रहा हो। पोर्टल पर अब तक 13 लाख से अधिक निबंधित हो चुके हैं। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने नेशनल कॅरियर सर्विस पोर्टल बनाया है। जॉब फेयर या नियोजन सह मार्गदर्शन मेला लगता है तो इन्हीं निबंधित लोगों को आमंत्रित किया जाता है। बिना निबंधन वालों को रोजगार मेले में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाती। साल 2015-16 से यह व्यवस्था प्रभावी है। आॅनलाइन निबंधन शुरू होने के बाद 2016-17 ही ऐसा साल रहा, जब छह लाख से अधिक लोगों ने रोजगार के लिए निबंधन कराया था। इसके बाद इसमें लगातार कमी होती रही। लेकिन मौजूदा वित्तीय वर्ष 2021-22 में एक बार फिर निबंधन की संख्या में वृद्धि हो गई है। अब तक दो लाख 67 हजार से अधिक बेरोजगारों ने निबंधन किया है। अक्टूबर में सबसे अधिक निबंधन : सबसे अधिक अक्टूबर में निबंधन हुआ है। इस महीने 63 हजार 524 बेरोजगारों ने पोर्टल पर निबंधन किया है। जबकि अप्रैल में 3581, मई में सबसे कम 1991 ने ही निबंधन किया था। इसी तरह जून में 7967, जुलाई में 18 हजार 17, अगस्त में 20 हजार 968, सितम्बर में 53 हजार 906, नवम्बर में 62 हजार 983, दिसम्बर में 20 हजार 766 तो जनवरी 2022 में 13 हजार 932 बेरोजगारों ने पोर्टल पर निबंधन किया है।
एबीएन डेस्क। बिहार में मौसम का मिजाज फिर से बदलने की आशंका जताई गई है। वहीं झारखंड के जिलों में भी बारिश की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में गुरुवार से आंशिक बदलाव के आसार हैं। हवा के रुख में बुधवार से ही बदलाव हो गया है। पछुआ हवा की बजाय दक्षिणी पुरवा हवाओं का प्रवाह शुरू हो गया है। इस वजह से न्यूनतम पारा में बढ़ोत्तरी हुई। बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से नमी लेकर आ रही से हवाएं गुरुवार से मौसम में बदलाव करेंगी। आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे। गुरुवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से पटना समेत राज्य के दक्षिणी पूर्वी और उत्तरी पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बादलों की गरज व बिजली चमकेगी। 25 को पटना और पटना से सटे जिलों के अलावा दक्षिणी पूर्वी, उत्तर पूर्वी और उत्तर मध्य जिलों में मौसम का यही हाल रहेगा। 26 फरवरी को बिहार के पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी। अन्य भागों में मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने 24 और 25 को मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है पर बारिश ज्यादा नहीं होगी। अगले चार दिनों तक न्यूनतम पारा में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। 27 फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा। रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में 24 से 26 फरवरी तक बारिश के आसार हैं। इस दौरान वज्रपात भी हो सकता है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग की मानें तो मौसम के मिजाज में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि 24 फरवरी से राज्य कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। विभाग की मानें तो गुरुवार को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में बारिश होगी। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां के अलावा देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में वज्रपात और बारिश के आसार हैं। इस समय रांची का न्यूनतम तापमान 15-16 और अधिकतम 29-30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
टीम एबीएन, पटना। बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन के खाली तीन डिब्बों में शनिवार सुबह अचानक आग लगी गयी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के खाली तीन डिब्बों में अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते डिब्बों से आग की लपटें तेजी से निकलने लगीं। आग से निकलता धुंआ पूरे स्टेशन परिसर में भर गया। आग स्लीपर कोच में लगी। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को ही आगू पर काबू पाते हुए वीडियो में देखा जा सकता है। आग इतनी तेजी से फैली की पूरे डिब्बे को अपनी चपेट में ले लिया। संयोग था कि जिस वक्त ये हादसा हुआ उस समय ट्रेन का डिब्बा खाली था। आग लगने पर स्टेशन पर अफरा तफरी का मच गयी। हालांकि अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। ज्ञात हो कि स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन बिहार के जयनगर से चलकर नई दिल्ली जाती है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.