एबीएन बिजनेस डेस्क। शेयर बाजार एनएसई और बीएसई ने बाबा रामदेव की अगुवाई वाले पतंजलि समूह की कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड (पीएफएल) के प्रवर्तकों के शेयरों पर रोक लगा दी है। हालांकि कंपनी ने कहा कि इस फैसले का उसके कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पतंजलि फूड्स लिमिटेड (जो पहले रुचि सोया इंडस्ट्रीज थी) ने गुरुवार को कहा कि कंपनी में उसके प्रवर्तकों की शेयरधारित पर रोक लगाने से उसकी वित्तीय स्थिति और कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। पीएफएल ने गुरुवार को बताया कि बीएसई और एनएसई ने पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड, आचार्य बालकृष्ण, पतंजलि परिवहन और पतंजलि ग्रामोद्योग न्यास समेत समेत उसकी 21 प्रवर्तक इकाइयों के शेयरों के लेनदेन पर न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता के नियमों का पालन नहीं करने की वजह से रोक लगा दी है। प्रतिभूति संविदा (विनियमन) नियम, 1957 का नियम 19ए(5) एक सूचीबद्ध इकाई के लिए 25 प्रतिशत की न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता (एमपीएस) रखने को अनिवार्य बनाता है। पतंजलि फूड्स ने बताया कि उसके प्रवर्तक न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारित को हासिल करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और इस बारे में विचार-विमर्श किया जा रहा है। उसने कहा कि कंपनी के प्रवर्तकों को पूरा भरोसा है कि वे अगले कुछ महीनों में अनिवार्य एमपीएस प्राप्त कर लेंगे। मौजूदा समय में कंपनी के 19.18 प्रतिशत शेयर सार्वजनिक शेयरधारकों के पास हैं और एमपीए को हासिल करने के लिए सार्वजनिक शेयरधारिता में 5.82 प्रतिशत की बढ़ोतरी उसे करनी होगी। शेयरों पर रोक के इस आदेश से कुल 29,25,76,299 इक्विटी शेयर प्रभावित होंगे।
एबीएन बिजनेस डेस्क। हीरो इलेक्ट्रिक ने बुधवार को कहा कि वह अगले दो से तीन साल में भारत स्थित विनिर्माण इकाइयों से सालाना 10 लाख से ज्यादा वाहन तैयार करने लगेगी। कंपनी ने अपने तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर मॉडल के नये संस्करण पेश किये हैं, जिनकी कीमत 85,000 रुपये से 1.3 लाख रुपये के बीच है। हीरो इलेक्ट्रिक लगभग 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से राजस्थान में एक नया संयंत्र स्थापित करने की योजना बना रही है, जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 20 लाख इकाइयों की होगी। हीरो इलेक्ट्रिक के प्रबंध निदेशक नवीन मुंजाल ने यहां नये मॉडल पेश किये जाने के मौके पर कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए हमने अपने भागीदारों के साथ मिलकर काम किया है। इसके तहत, हमें यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि हम अपने कारखानों से सालाना 10 लाख से अधिक वाहन विनिर्माण करने के लिए तैयार हैं। यह पूछने पर कि कंपनी कब 10 लाख इकाई प्रति वर्ष के स्तर को छू सकती है, उन्होंने कहा कि यह अगले दो से तीन वर्षों में हो सकता है। कंपनी को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में उसकी बिक्री एक लाख इकाई से अधिक रहेगी और 2023-24 में यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 2.5 लाख इकाई हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस समय इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में मजबूत वृद्धि देखी जा रही है और हीरो इलेक्ट्रिक इससे उत्साहित है। कंपनी लुधियाना में एक नया कारखाना स्थापित कर रही है।
हालांकि खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति फरवरी में बढ़कर 3.81% हो गयी जो जनवरी में 2.38% थी एबीएन बिजनेस डेस्क। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति फरवरी 2023 में घटकर दो साल से भी अधिक समय के निचले स्तर 3.85 प्रतिशत पर आ गई। मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। थोक मुद्रास्फीति में गिरावट मुख्य रूप से विनिर्मित वस्तुओं, ईंधन और ऊर्जा के दामों में कमी के चलते हुई है। हालांकि इस दौरान खाद्य वस्तुओं की महंगाई बढ़ी है। फरवरी 2023 लगातार नौवां महीना है जब थोक मुद्रास्फीति में गिरावट दर्ज की गयी है। डब्ल्यूपीआई आधारित मुद्रास्फीति जनवरी 2023 में 4.73 प्रतिशत और पिछले साल फरवरी में 13.43 प्रतिशत थी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि फरवरी 2023 में मुद्रास्फीति की दर में कमी की मुख्य वजह कच्चे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस के दामों में गिरावट, गैर-खाद्य वस्तुओं, खनिजों, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक एवं आप्टिकल उत्पादों, रसायन एवं रासायनिक उत्पादों, इलेक्ट्रिकल उपकरण एवं मोटर वाहन, ट्रेलर एवं सेमी ट्रेलर के दामों में कमी आना है। फरवरी 2023 में डब्ल्यूपीआई आधारित मुद्रास्फीति की दर जनवरी 2021 के बाद से सबसे कम है। उस समय यह 2.51 प्रतिशत थी। विशेषज्ञों ने कहा कि पिछले वर्ष के अनुकूल तुलनात्मक आधार से मुद्रास्फीति में नरमी आयी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिसों के दामों में नरमी से डब्ल्यूपीआई मुद्रास्फीति और भी घट सकती है। हालांकि खाद्य मुद्रास्फीति का स्तर मौसमी परिस्थितियों और मानसून पर निर्भर करेगा। विनिर्मित उत्पादों में मुद्रास्फीति घटी है लेकिन खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति फरवरी में बढ़कर 3.81 प्रतिशत हो गयी जो जनवरी में 2.38 प्रतिशत थी। दाल के मामले में मुद्रास्फीति 2.59 प्रतिशत रही जबकि सब्जियां 21.53 प्रतिशत सस्ती हुई। तिलहन की महंगाई दर फरवरी, 2023 में 7.38 प्रतिशत घटी। इंधन और बिजली क्षेत्र में महंगाई जनवरी के 15.15 प्रतिशत से कम होकर फरवरी, 2023 में 14.82 प्रतिशत रह गयी। विनिर्मित उत्पादों में यह 1.94 प्रतिशत रही जबकि जनवरी में यह 2.99 प्रतिशत थी। इससे पहले खुदरा मुद्रास्फीति में भी कमी दर्ज की गई थी। इसके आंकड़े सोमवार को जारी हुए थे। खाने का सामान एवं इंधन की कीमतों में नरमी के बीच खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में मामूली घटकर 6.44 प्रतिशत पर रही। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति जनवरी में 6.52 प्रतिशत थी।
स्मार्टफोन, एसी-फ्रिज की कीमतें घटीं एबीएन बिजनेस डेस्क। गर्मी के मौसम में अमूमन महंगे होने वाले फ्रिज और एसी के साथ स्मार्टफोन इस बार सस्ते हो गए हैं। तीन साल में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतें 4,000 रुपये तक घटी हैं। इनकी ढुलाई पर कम लागत और बचे हुए सामान को जल्दी बेचने के लिए कीमतों को 5-10 फीसदी तक कम कर दिया गया है।कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 2020 और 2021 में स्मार्टफोन की मांग तेजी से बढ़ी थी। मोबाइल फोन कंपनियां पिछले साल मांग का ठीक से अनुमान नहीं लगा सकीं और इसलिए इस समय काफी सामान बिक्री के लिए पड़े हैं।बढ़ती लागत के कारण इलेक्ट्रॉनिक कंपनियां साल में दो-तीन बार कीमतों में करीब चार फीसदी तक बढ़ोतरी करती हैं। इस साल जनवरी तक स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की कीमतें कोरोना पूर्व की तुलना में औसतन 18-25% अधिक थीं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। बेंचमार्क सूचकांक लगातार आठ कारोबारी सत्रों की गिरावट से उबरकर आज करीब एक फीसदी चढ़ गये। हाल के समय में लुढ़कने वाले चुनिंदा शेयरों की लिवाली और अदाणी समूह के शेयरों में तेजी से निवेशकों का मनोबल बढ़ा है जिसका असर बाजार में भी दिखा। बेंचमार्क सेंसेक्स 449 अंक चढ़कर 59,411 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 147 अंक के लाभ के साथ 17,451 पर बंद हुआ।पिछले 8 कारोबारी सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी करीब 4-4 फीसदी तक टूट चुका था और मई 2019 के बाद सूचकांकों में गिरावट का यह सबसे लंबा सिलसिला था।निवेशकों के बीच भरोसा बहाल करने के अदाणी समूह का असर रंग लाता दिख रहा है और समूह की फर्मों के शेयरों में लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गयी। समूह के बाजार पूंजीकरण में 40,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा हुआ।समूह के सभी शेयर बढ़त पर बंद हुए। अदाणी एंटरप्राइजेज में सबसे ज्यादा 14.7 फीसदी की तेजी दर्ज की गयी। दो दिन में कंपनी का शेयर करीब 30 फीसदी चढ़ा है।सेंसेक्स में दो शेयरों को छोड़कर सभी लाभ में बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.9 फीसदी तेजी दर्ज की गयी और टीसीएस 2.1 फीसदी बढ़त पर बंद हुआ। इन दोनों शेयरों ने सेंसेक्स की बढ़त में सबसे ज्यादा योगदान दिया। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर 2,411 शेयर लाभ में और 1,097 नुकसान पर बंद हुए। एक्सचेंजों के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक शुद्ध बिकवाल बने रहे और उन्होंने 425 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।रेलिगेयर ब्रोकिंग में वाइस प्रेसिडेंट (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि बाजार ने सकारात्मक संकेत के साथ मार्च महीने की शुरुआत की है और हालिया गिरावट से उबरते हुए करीब 1 फीसदी बढ़त पर बंद हुआ। शुरुआती तेजी के बाद निफ्टी पूरे कारोबार के दौरान सीमित दायरे में कारोबार करता रहा लेकिन चुनिंदा बड़े शेयरों की लिवाली से सकारात्मक रुख बना रहा। इसके साथ ही आर्थिक मोर्चे पर सुधार से भी तेजी को बल मिला। हमारा मानना है कि यह तेजी बनी रहेगी मगर निफ्टी को 17,600 के आसपास प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है।हालांकि बाजार के विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि अभी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है क्योंकि निवेशकों का मानना है कि आने वाले महीनों में केंद्रीय बैंक का रुख सतर्क रह सकता है।मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज में रिटेल शोध के प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि हम आशा करते हैं कि पिछले कुछ दिनों में तेज गिरावट के बाद बाजार में कुछ सुधार दिख सकता है। हालांकि विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक स्तर पर आने वाले वृहद आर्थिक आंकड़ों के लिहाज से सतर्कता बनाये रखनी चाहिए।
एबीएन बिजनेस डेस्क। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह फरवरी में सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़कर 1.49 लाख करोड़ रुपये हो गया। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को फरवरी, 2023 के जीएसटी संग्रह आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस महीने में उपकर के तौर पर 11,931 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ जो जीएसटी लागू होने के बाद का सर्वाधिक स्तर है।हालांकि, जनवरी की तुलना में फरवरी में जीएसटी राजस्व में गिरावट आई है। जनवरी, 2023 में 1.57 लाख करोड़ रुपये का कर संग्रह हुआ था जो अब तक का दूसरा सर्वोच्च स्तर है। अप्रैल, 2022 में एकत्रित 1.68 लाख करोड़ रुपये जीएसटी का सर्वोच्च स्तर है।वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि फरवरी, 2023 में कुल जीएसटी संग्रह 1,49,577 करोड़ रुपये रहा है। इसमें केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) 27,662 करोड़ रुपये है जबकि राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) संग्रह 34,915 करोड़ रुपये है। वहीं एकीकृत जीएसटी के मद में 75,069 करोड़ रुपये इकट्ठा हुए हैं। इसके अलावा 11,931 करोड़ रुपये का उपकर भी शामिल है।एक साल पहले के समान महीने में जीएसटी संग्रह 1.33 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह फरवरी, 2023 में जीएसटी संग्रह सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़ा है। मंत्रालय ने कहा कि फरवरी के महीने में 28 दिनों के ही होने से अमूमन जीएसटी संग्रह अन्य महीनों की तुलना में कम ही होता है।
लगातार 11वें माह खर्च 1 लाख करोड़ रुपये के पारसुब्रत पांडाएबीएन बिजनेस डेस्क। क्रेडिट कार्ड से खर्च करने की रफ्तार जनवरी में भी बनी रही। लगातार 11वें महीने क्रेडिट कार्ड से व्यय 1 लाख करोड़ रुपये के पार चला गया है। ई-कॉमर्स में लेन-देन और यात्रा सहित विवेकाधीन व्यय बढ़ने की वजह से ऐसा हुआ है।भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी में क्रेडिट कार्ड से व्यय 1.27 लाख करोड़ रुपये रहा है। यह दिसंबर के बहुत ज्यादा आधार के बावजूद अधिक है। दिसंबर में व्यय 1.26 लाख करोड़ रुपये था। वहीं पिछले साल जनवरी की तुलना में व्यय 45 प्रतिशत बढ़ा है।क्रेडिट कार्ड से जनवरी में किये गये खर्च में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी ऑनलाइन व्यय पर 60 प्रतिशत है, जबकि शेष व्यय प्वाइंट आफ सेल (पीओएस) लेन-देन से हुआ है।क्रेडिट कार्ड जारी करे वाले प्रमुख बैंकों आईसीआईसीआई बैंक, ऐक्सिस बैंक और एसबीआई कार्ड के व्यय में दिसंबर की तुलना में जनवरी में एक अंक की मामूली वृद्धि हुई है, जबकि सबसे ज्यादा क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंक एचडीएफसी बैंक के कार्ड से व्यय में इस अवधि के दौरान खर्च में 1.29 प्रतिशत गिरावट आयी है।यात्रा और आतिथ्य पर व्यय बढ़ा है, जो कोविड के दौरान सुस्त था। इसकी वजह से क्रेडिट कार्ड से व्यय में बढ़ोतरी हुई है। दरअसल अक्टूबर 2022 में त्योहारों के व्यय के कारण क्रेडिट कार्ड से व्यय 1.29 लाख करोड़ रुपये के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था।उधर जनवरी महीने में नए कार्डों की संख्या बढ़ी है, जो दिसंबर में सुस्त थी। बैंकिंग व्यवस्था में 12.6 लाख नये कार्ड जुड़े हैं, जिससे बाजार में कार्डों की संख्या 824.5 लाख हो गयी है। दिसंबर में कार्डों की संख्या में शुद्ध बढ़ोतरी 5,80,555 रही है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने बुधवार को कहा कि केंद्र के खुले बाजार में 30 लाख टन गेहूं बेचने के फैसले के बाद थोक और खुदरा बाजारों में गेहूं की कीमतों में करीब पांच रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आयी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दरों को कम करने के लिए यदि जरूरी हुआ, तो और कदम उठाये जायेंगे। चोपड़ा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार गेहूं और आटे (गेहूं का आटा) की कीमतों पर बारीकी से नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर कीमतों को कम करने और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुक्त बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत अधिक गेहूं की पेशकश करने सहित अन्य कदम उठायेगी।उन्होंने कहा कि सरकार गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध हटाने के किसी भी प्रस्ताव पर अभी विचार नहीं कर रही है। यह प्रतिबंध पिछले साल मई में गेहूं की खरीद में भारी गिरावट के बाद लगाया गया था। उन्होंने कहा कि जनवरी में ओएमएसएस की घोषणा के बाद से गेहूं की कीमतें नीचे आ गयी हैं। थोक बाजारों में गेहूं की कीमतें 2,500 रुपये प्रति क्विंटल से भी कम चल रही हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि आने वाले दिनों में कीमतों में और गिरावट आयेगी।घटकर 2,800-2,900 रुपये प्रति क्विंटल रह गया : उन्होंने कहा कि भारत सरकार बहुत चिंतित है और स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रही है। चोपड़ा ने कहा कि कीमतों को कम करने के लिए और जो भी कदम उठाने की जरूरत होगी, हम उठायेंगे। विकल्पों में ओएमएसएस के तहत मात्रा को मौजूदा 30 लाख टन से बढ़ाना और आरक्षित मूल्य को कम करना भी शामिल है। मौके पर खाद्य सचिव ने कहा कि थोक मूल्य 3,000 रुपये प्रति क्विंटल से गिरकर लगभग 2,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है, जबकि खुदरा मूल्य 3,300-3,400 रुपये प्रति क्विंटल से घटकर 2,800-2,900 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है।15 लाख टन गेहूं की दूसरे दौर की नीलामी हो रही है : पिछले महीने, सरकार ने गेहूं और गेहूं के आटे की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए ओएमएसएस के तहत अपने बफर स्टॉक से खुले बाजार में 30 लाख टन गेहूं बेचने की योजना की घोषणा की थी। 30 लाख टन में से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ई-नीलामी के माध्यम से आटा चक्की जैसे थोक उपभोक्ताओं को 25 लाख (2.5 मिलियन) टन गेहूं बेचेगा और दो लाख टन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को दिया जायेगा। गेहूं को आटे में बदलने के लिए संस्थानों और राज्य-पीएसयू को तीन लाख टन गेहूं रियायती दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। चोपड़ा ने कहा कि देशभर में बुधवार को 15 लाख टन गेहूं की दूसरे दौर की नीलामी हो रही है।आरक्षित मूल्य पर एफसीआई से गेहूं खरीदने की अनुमति है : उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि सरकार ने हाल ही में नेफेड और केंद्रीय भंडार जैसे संस्थानों के लिए गेहूं को आटे में परिवर्तित करने और उपभोक्ताओं को 27.50 रुपये प्रति किलोग्राम पर बेचने के लिए कीमतों को 23.50 रुपये से घटाकर 21.50 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है, जबकि पहले की दर 29.50 रुपये प्रति किलोग्राम थी। ओएमएसएस के तहत, केंद्र ने पिछले हफ्ते माल ढुलाई शुल्क को खत्म करने और ई-नीलामी के माध्यम से पूरे भारत में थोक उपभोक्ताओं को 2,350 रुपये प्रति क्विंटल के आरक्षित मूल्य पर अनाज बेचने का फैसला किया था। राज्यों को अपनी योजनाओं के लिए ई-नीलामी में भाग लिए बिना उपरोक्त आरक्षित मूल्य पर एफसीआई से गेहूं खरीदने की अनुमति है।आवश्यकता से अधिक 96 लाख टन का गेहूं का स्टॉक होगा : एफसीआई 1-2 फरवरी के दौरान हुई पहली ई-नीलामी के दौरान 25 लाख टन में से 9.26 लाख टन गेहूं व्यापारियों, आटा मिलों आदि को पहले ही बेच चुका है। अगली नीलामी 15 फरवरी को होगी। खाद्यान्न की खरीद और वितरण के लिए सरकार की नोडल एजेंसी एफसीआई के पास बफर स्टॉक में 26 जनवरी तक लगभग 156.96 लाख टन गेहूं था। एक अप्रैल को, देश के पास 75 लाख टन के बफर मानक की आवश्यकता से अधिक 96 लाख टन का गेहूं का स्टॉक होगा।अप्रैल से गेहूं की खरीद के जोर पकड़ने की उम्मीद है : घरेलू उत्पादन में मामूली गिरावट और केंद्रीय पूल के लिए एफसीआई की खरीद में पर्याप्त गिरावट के बाद कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र ने पिछले साल मई में गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। भारत का गेहूं उत्पादन फसल वर्ष 2021-22 (जुलाई-जून) में पिछले वर्ष के 10 करोड़ 95.9 लाख टन से घटकर 10 करोड़ 77.4 लाख टन रह गया, जो कुछ राज्यों में लू चलने के कारण हुआ। पिछले साल के लगभग 4.3 करोड़ टन की खरीद के मुकाबले इस साल खरीद तेज गिरावट के साथ 1.9 करोड़ टन रह गयी। वर्तमान रबी (सर्दियों में बोई जाने वाली) ऋतु में गेहूं की फसलों का रकबा थोड़ा अधिक है। कृषि मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि चालू फसल वर्ष 2022-23 में गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड 11 करोड़ 21.8 लाख टन तक बढ़ सकता है। अप्रैल से गेहूं की खरीद के जोर पकड़ने की उम्मीद है।
बढ़ती महंगाई को देखते हुए टैक्स में छूट दे सकती है सरकारएबीएन सेंट्रल डेस्क। बढ़ती महंगाई से कराह रही आम जनता को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार बड़ी राहत देने की तैयारी में है। ऐसी खबर आ रही है कि पेट्रोल और डीजल के दाम कम हो सकते हैं। सरकार फ्यूल पर टैक्स कम कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार सरकार यह फैसला महंगाई दर को कम करने के लिए ले सकती है।पेट्रोल-डीजल के साथ इन चीजों के भी घट सकते हैं दाम : टैक्स और इम्पोर्ट ड्यूटी कम करने से केवल पेट्रोल-डीजल के दाम भर कम नहीं होंगे, बल्कि इसका असर अन्य चीजों पर भी पड़ेगा। खबर है कि सरकार मक्के के दाम में भी कटौती कर सकती है। सोया तेल और दूध की कीमत भी कम हो सकती है।बढ़ती महंगाई से कराह रही आम जनता को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार बड़ी राहत देने की तैयारी में है। ऐसी खबर आ रही है कि पेट्रोल और डीजल के दाम कम हो सकते हैं। सरकार फ्यूल पर टैक्स कम कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार सरकार यह फैसला महंगाई दर को कम करने के लिए ले सकती है।कच्चे तेल के दाम में गिरावट : वैश्विक स्तर पर बात करें तो इस समय कच्चे तेल के दामों में गिरावट आयी है। कच्चा तेल की कीमत 82 रुपये की गिरावट के साथ 6,564 रुपये प्रति बैरल रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का फरवरी माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 82 रुपये या 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,564 रुपये प्रति बैरल रह गया। इसमें 4,425 लॉट के लिए कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.31 डॉलर प्रति बैरल रह गया जबकि ब्रेंट क्रूड का दाम 0.62 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता 86.07 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.