जैक बोर्ड परीक्षा का रास्ता साफ, डॉ नटवा हांसदा झारखंड एकेडेमिक काउंसिल के अध्यक्ष नियुक्त टीम एबीएन, रांची। झारखंड बोर्ड की आठवीं, नौवीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने सरकारी स्कूलों के लिए परीक्षा का आयोजन करने वाले बोर्ड के अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। डॉ नटवा हांसदा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष बनाये गये हैं।सरकार की ओर से इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गयी है। बृहस्पतिवार (6 फरवरी 2025) को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनकी नियुक्ति 3 साल के लिए की जा रही है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगा।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 4/2/2025 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) का एक प्रतिनिधिमंडल रांची विश्विद्यालय के कुलपति से मिलकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीड बेस्ट लेक्चरर नियुक्ति में हुई त्रुटियों में अविलंब सुधार करने की मांग की। रांची विश्वविद्यालय द्वारा निकाली गयी नियुक्ति सूची में भारी अनियमितता बरती गयी है, ऐसा प्रतीत हो रहा है। साथ ही झाखंडी मूल वासियों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। इसमें सुधार कर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाने की बात कही। साथ ही आरक्षण रोस्टर के नियमों के अनुसार पालन किया जाये। रांची विश्वविद्यालय पूर्व में नीड बेस्ट लेक्चरर नियुक्ति नियम के अनुसार इस नियुक्ति प्रक्रिया को भी करे। राज्य के छात्र-छात्राओं के हित में झारखंडी मूलवासी के हित में यहां के लोगों को इस नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही राज्य सरकार एवं उच्च शिक्षा विभाग से भी आग्रह किया कि इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए हस्तक्षेप कर यहां के लोगों को प्राथमिकता देते हुए नियुक्ति की जाये। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, चेतन प्रकाश, अल्हान अहमद (रॉबी), राजेश सिंह, पवन सिंह, सक्षम झा, यश साहू, प्रिंस लिंडा, जामल गद्दी इत्यादि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।
झारखण्ड में 26 हजार सहायक आचार्य की होगी नियुक्ति, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलानएबीएन कैरियर डेस्क। झारखंड में 26001 सहायक आचार्य की नियुक्ति की जयेगी। इसकी जानकारी खुद शिक्षा मंत्री ने दी है। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने शिक्षकों की बहाली को लेकर बड़ा बयान दिया है। शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि, सहायक आचार्य नियुक्ति को लेकर न्यायालय के आदेश के बाद अब नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी की जायेगी। नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होगा, ऐसे में अप्रैल तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर लेने की तैयारी की जा रही है। विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिये गये हैं। इसके लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अधिकारी इस सप्ताह झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। गौरतलब है कि झारखंड में 26001 सहायक आचार्य की नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट ने पिछले महीने दो अलग-अलग मामलों में अपना निर्णय सुनाया है। बता दें कि, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अब परीक्षा में शामिल केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा सफल अभ्यर्थी नियुक्ति प्रक्रिया से बाहर हो जायेंगे। वहीं झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद नियुक्ति में शामिल सहायक अध्यापक यानी पारा शिक्षक को अब क्वालिफाइंग मार्क्स में छूट नहीं मिलेगी। पारा शिक्षकों के मामले में आगे के कानूनी पहलुओं पर विचार किया जायेगा। बता दें कि, राज्य में सहायक आचार्य के 50 हजार पद सृजित है। प्रथम चरण में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति होगी। वहीं दूसरे चरण में 24 हजार शिक्षकों की नियुक्ति होगी। यहां आपको बता दें कि, दूसरे चरण की नियुक्ति के पहले झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा ली जायेगी। राज्य में 26 हजार सहायक आचार्य में से 13 हजार पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित है। वहीं झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में सफल पारा शिक्षकों की संख्या लगभग 11500 है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। चैनपुर प्रखंड अंतर्गत पूर्वडीहा गांव निवासी दिवाकर दूबे की सुपुत्री प्रेरणा कुमारी ने 4 साल की कड़ी मेहनत कर एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की तथा डाक्टर की उपाधि हासिल की। दो भाई बहनों में छोटी प्रेरणा बचपन से ही पढ़ने में बहुत मेधावी रही है दसवीं की पढ़ाई डीएवी डालटनगंज और 12 वीं डीएवी कपिलदेव रांची से की तथा डाक्टर बनने का रास्ता चुनी।जनवरी 2025 में फाईनल परीक्षा में प्रेरणा ने एम्स पटना से सेकेंड टौपर बनकर शल्य चिकित्सा एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ में डाक्टर बनी। प्रेरणा के पिता दिवाकर दूबे सीओ हैं और वर्तमान में बोकारो चास में पदस्थापित हैं तथा माता गृहिणी हैं। अपनी सुपुत्री के इस सफलता पर बहुत खुश नजर आये। इस विषय पर बात करते हुए पूर्वडीहा के समाजसेवी विकास दूबे ने बताया कि यह पूरे गांव के लिए गौरव की बात है आज गांव में खुशी का माहौल है क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ है कि गांव में लड़की ने डाक्टर बनकर दिखाया है। इससे गांव की आने वाली युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा में 37वें वार्षिक एथलेटिक मीट 2024-25 का जोश भरा आगाजटीम एबीएन, रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा ने 37वें वार्षिक एथलेटिक मीट 2024-25 की शानदार शुरुआत की। यह खेल उत्सव 31 जनवरी से 2 फरवरी तक बीआईटी मेसरा स्टेडियम में होगा, जिसमें संस्थान के विभिन्न परिसरों से आये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखायेंगे। उद्घाटन समारोह 31 जनवरी को हुआ, जहां डॉ भास्कर करन, डीन आफ स्टूडेंट अफेयर्स ने सभी का स्वागत किया। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि सरोज लकड़ा, जो कि एक बेहतरीन धाविका हैं और भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया। बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रोफेसर इंद्रनील मन्ना ने अपने भाषण में बीआईटी मेसरा की 70 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र किया और खेलों के महत्व पर जोर दिया। डॉ महेंद्र कुमार, आयोजन सचिव, ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में रंगारंग परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। बीआइटी मेसरा के लालपुर, देवघर, पटना, नोएडा और जयपुर परिसरों के खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। नवोदय विद्यालय गर्ल्स बैंड ग्रुप की शानदार प्रस्तुति सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही। तीन दिनों तक चलने वाले इस मीट में दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, भाला फेंक और बाधा दौड़ जैसी कई प्रतियोगिताएं होंगी। अंतिम दिन स्टाफ रेस का आयोजन भी होगा, जिसमें शिक्षक और कर्मचारी भी भाग लेंगे। इन खेलों में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिये जायेंगे। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और खेल भावना को बढ़ावा देने का शानदार अवसर देगा।
टीम एबीएन, रांची। जेवियर इंस्टीट्यूट आफ पोलिटेक्नीक एण्ड टेक्नोलॉजी (एक्सआईपीटी), बरगावां, नामकुम, रांची में बुधवार, 29 जनवरी को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया गया। देश में आटोमोबाइल सेक्टर में शामिल, पुणे स्थित पियाजियो व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड इस ड्राइव में शामिल हुई। लिखित परीक्षा एवं पर्सनल इंटरव्यू के पश्चात 29 छात्र-छात्राओं का चयन कंपनी ने किया। मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के छात्र इस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल हुए थे। संस्थान के इस उत्कृष्ट सफलता से नये सत्र में नामांकन के लिए भी काफी उत्सुकता है और नामांकन प्रक्रिया काफी जोर शोर से चल रही है। एक्सआईपीटी, को-आर्डिनेटर, डॉ अशोक सांडिल एसजे, प्रिंसिपल, श्री लोचन खलको, प्लेसमेंट को-आॅर्डिनेटर, डॉ जॉर्ज फ्रांसिस ओस्टा ने चयनित छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पहला दिनटीम एबीएन, रांची। दो दिवसीय खेलकूद वार्षिक प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेलकूद पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने किया। मौके पर संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी भाग्यशाली हैं कि इस खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से आपको इस प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता दर्ज करने का सौभाग्य और अवसर प्राप्त हुआ है। इस अवसर का भरपूर फायदा उठायें। खेलकूद को जीवन का एक जरूरी हिस्सा समझकर अपनी सहभागिता इस प्रतियोगिता में सुनिश्चित करें। जीतना आपकी उपलब्धि है तो आपकी सहभागिता भी एक उपलब्धि है। इस अवसर का भरपूर लाभ उठायें ताकि आपको जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त हो और एक खिलाड़ी के रूप में आप सभी अपनी पहचान बनायें। मौके पर परियोजना पदाधिकारी डॉ ऋतुराज एवं झारखंड राज्य मलखम संघ के सचिव संजय झा भी उपस्थित थे। जिन्होंने खेलकूद मसाल को प्रज्वलित कर उद्घाटन में अपना सहयोग प्रदान किया। आज के कार्यक्रम के दौरान कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसके नतीजे इस प्रकार हैंहंड्रेड मीटर बॉयज : प्रथम स्थान शुभंकर सोरेन, द्वितीय स्थान दान थापा एवं तृतीय स्थान प्रत्युष प्रेमका सुरीन। हंड्रेड मीटर गर्ल्स : प्रथम स्थान अन्नू तिग्गा, द्वितीय स्थान ओलिम हेंब्रम एवं तृतीय प्रियांशु केरकेट्टा। टू हंड्रेड मीटर बॉयज : प्रथम स्थान शुभंकर सोरेन, द्वितीय स्थान दान थापा एवं तृतीय स्थान मनीष खलखो। मार्बल एंड स्पून गर्ल्स : प्रथम स्थान रोशनी बिहान, द्वितीय स्थान रूथमणि किस्पोट्टा एवं तृतीय स्थान कनकलता। नीडल एंड थ्रेड गर्ल्स : प्रथम स्थान मुस्कान टोपनो और नेहा कुमारी, द्वितीय स्थान एनी जैसा मुंडा और अनीशा तिर्की एवं तृतीय स्थान प्रेरणा लिसा खलखो और कल्पना बाड़ा। हाई जंप बॉयज : प्रथम स्थान आशीष आनंद सोरेन, द्वितीय स्थान प्रेम मरांडी एवं तृतीय स्थान आशीष तिग्गा एवं अभय आर्य हंसदक। बैडमिंटन बॉयज : प्रथम स्थान ब्लू हाउस, द्वितीय स्थान रेड हाउस एवं तृतीय स्थान ग्रीन हाउस। बैडमिंटन गर्ल्स : प्रथम स्थान ब्लू हाउस, द्वितीय स्थान रेड हाउस एवं तृतीय स्थान ग्रीन हाउस। वॉलीबॉल बॉयज : प्रथम स्थान ब्लू हाउस, द्वितीय स्थान ग्रीनहाउस एवं तृतीय स्थान रेड हाउस।
टीम एबीएन, रांची। गणतंत्र दिवस पर रांची वीमेंस कॉलेज के संस्कृत विभाग की दो प्रतिभावान छात्राओं को स्वर्गीय डॉ प्रोफेसर भगवती प्रसाद मेमोरियल पुरस्कार (2024-2025) प्रदान किया गया। कालेज की प्राचार्या डॉ सुप्रिया ने गोपाल प्रसाद गुप्ता की उपस्थिति में यूजी सेमेस्टर-6 की छात्रा सोनी कुमारी और पीजी की छात्रा कमला देवी को बेस्ट स्टूडेंट्स सर्टिफिकेट आफ मेरिट प्रदान किया गया। अवार्ड के तहत दोनों छात्राओं को रजत पदक, 2500/- रुपया नगद और सर्टिफिकेट दिया गया, इस अवसर पर प्राचार्या ने कहा कि ऐसे पुरस्कारों से छात्राओं का मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. उषा किरण ने जानकारी देते हुए बताया- विगत दो वर्षों से समाजसेवी गोपाल प्रसाद गुप्ता के प्रयास से यह पुरस्कार संस्कृत-विभाग की टॉपर और बेस्ट स्टूडेंट्स को वित्तीय सहायता और पदक प्रदान किया जाता है। ज्ञातव्य है कि स्वर्गीय डॉ. भगवती प्रसाद रांची वीमेन्स कॉलेज के संस्कृत विभाग की भूतपूर्व विभागाध्यक्ष थी, जिनका स्वर्गवास 2023 में हो गया. उन्हीं की स्मृति में यह पुरस्कार प्रतिवर्ष प्रोत्साहन के रूप में दिया जाता है।
बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान मेसरा द्वारा ग्रीन हाइड्रोजन: स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य विषय पर कार्यशाला का आयोजनटीम एबीएन, मेसरा/ रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान मेसरा के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 20 से 24 जनवरी 2025 तक ग्रीन हाइड्रोजन: स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य विषय पर एक सप्ताह की कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला संस्थान की प्लेटिनम जुबली समारोह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और स्वच्छ ऊर्जा समाधान के रूप में ग्रीन हाइड्रोजन की अद्भुत क्षमता को उजागर करने पर केंद्रित है। उन्नत राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (अठफऋ) और भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन प्रौद्योगिकियों, भंडारण की चुनौतियों, अनुप्रयोगों और नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्यों में इसके योगदान पर चर्चा करना है। नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करके उत्पादित ग्रीन हाइड्रोजन को ऊर्जा संक्रमण और उद्योगों, परिवहन और विद्युत क्षेत्रों के डीकाबोर्नाइजेशन के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम माना जा रहा है। उद्घाटन सत्र का नेतृत्व बिट्स मेसरा के कुलपति प्रो इंद्रनील मन्ना ने किया, जिन्होंने संस्थान की स्वच्छ ऊर्जा समाधानों में योगदान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ नरसिंगा राव, जो आईआईटी हैदराबाद में संबद्ध प्रोफेसर हैं, ने ग्रीन हाइड्रोजन के औद्योगिक विकास और अनुसंधान-आधारित प्रयासों पर अपने विचार साझा किए। डॉ पी शन्मुगम, जो सीएसआईआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक हैं, ने ऊर्जा क्षेत्र में ग्रीन हाइड्रोजन की भूमिका पर अपने बहुमूल्य अनुभव साझा किए।इस कार्यशाला के प्रमुख विषयों में शामिल हैं: ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन के लिए सोलर और विंड ऊर्जा आधारित इलेक्ट्रोलिसिस की उन्नत विधियाँ। हाइड्रोजन के भंडारण और परिवहन के लिए रणनीतियां। स्टील, सीमेंट और केमिकल इंडस्ट्री में ग्रीन हाइड्रोजन के उपयोग। ग्रीन हाइड्रोजन को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत ढाँचे और वैश्विक सहयोग। कार्यशाला में अकादमिक जगत, अनुसंधान संगठनों और ऊर्जा क्षेत्र के प्रतिष्ठित वक्ता और विशेषज्ञ शामिल हैं। तकनीकी सत्रों का नेतृत्व डॉ एके रॉय, प्रमुख, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग, और डॉ अनिल कुमार, मुख्य संयोजक एवं प्रोफेसर, डीटीयू-दिल्ली, कर रहे हैं। डॉ ओम प्रकाश, संयोजक और डॉ लखबीर सिंह बराड़, सह-संयोजक, ने डॉ निर्मल कुमार, डॉ अर्कदेब मुखोपाध्याय, डॉ सुशांत घुकू, डॉ सौरव चक्रवर्ती और डॉ फैसल रहमानी, आयोजन सचिवों के साथ मिलकर इस कार्यशाला का सफलतापूर्वक समन्वय किया है। यह कार्यक्रम ज्ञान-साझाकरण और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इंटरैक्टिव चर्चाओं और पैनल वाद-विवाद को भी शामिल करता है। यह कार्यशाला छात्रों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों को ग्रीन हाइड्रोजन की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। साथ ही, यह बिट्स मेसरा की नवाचार और स्थायी ऊर्जा समाधान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.