टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने विकास योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 27 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गयी। बैठक के दौरान ग्रामीण विकास, प्रशासनिक सुधार और वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लगी।
कैबिनेट की मंजूरी पाने वाले प्रमुख प्रस्तावों में जी राम जी योजना भी शामिल है। सरकार का उद्देश्य इस योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश संबंधित विभाग की ओर से अलग से जारी किये जायेंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट राज्य विधानसभा के आगामी सत्र में पेश की जायेगी। इससे विभिन्न विभागों के वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा विधानसभा के समक्ष हो सकेगी।
प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य के प्रखंड और अंचल स्तर पर झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की तैनाती को भी मंजूरी दी गयी। सरकार का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। सरकार के अनुसार, कैबिनेट में स्वीकृत अन्य प्रस्तावों से जुड़े विस्तृत निर्णय संबंधित विभागों द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद सार्वजनिक किये जायेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का गणना चरण मंगलवार से शुरू हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस चरण के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, उन्हें एकत्र करेंगे तथा उनका सत्यापन करेंगे।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रवि कुमार ने मंगलवार सुबह खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड के एक बूथ से इस प्रक्रिया की औपचारिक शुरूआत की। उन्होंने कहा, झारखंड में एसआईआर का गणना चरण मंगलवार से शुरू हो गया है।
मैं सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से अपील करता हूं कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें, ताकि राज्य में पूरी तरह सटीक, त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके। मसौदा मतदाता सूची पांच अगस्त को प्रकाशित की जायेगी।
इसके बाद पांच अगस्त से चार सितंबर तक उस पर दावे और आपत्तियां दर्ज करायी जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों का निस्तारण पांच अगस्त से तीन अक्टूबर के बीच किया जायेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
गणना चरण शुरू होने से पहले झारखंड के 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 82.08 प्रतिशत मतदाताओं के माता-पिता के रिकॉर्ड की जांच (मैपिंग) 2003 की मतदाता सूची के साथ पूरी कर ली गयी है। कुल मतदाताओं में से लगभग 47.41 लाख मतदाता ऐसे हैं, जिनकी रिकॉर्ड की जांच अभी नहीं हो सकी है।
कुमार ने कहा कि गणना प्रपत्र भरते समय मतदाताओं को कोई दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा, जिन मतदाताओं का विवरण अभी तक पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की मतदाता सूची से नहीं जोड़ा गया है, वे अपनी जानकारी बीएलओ को उपलब्ध करायें, ताकि उनकी मैपिंग पूरी की जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो लोग अनुपस्थित हैं, स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जिनके नाम दो या अधिक बार दर्ज हैं या जो भारतीय नागरिक नहीं हैं, उनके नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम उसमें शामिल न हो।
टीम एबीएन, रांची। पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया से हुई मौत और लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गयी है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने राज्य के सभी उपायुक्तों को पत्र जारी कर मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से व्यापक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि जिन क्षेत्रों में मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं, वहां युद्धस्तर पर कार्ययोजना बनाकर निगरानी बढ़ायी जाये तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाये, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
निर्देश के अनुसार जिन क्षेत्रों में बुखार के मरीज अधिक मिल रहे हैं वहां बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू) एवं सहियाओं के माध्यम से सक्रिय सर्वेक्षण (एक्टिव सर्वे) कराया जायेगा। मलेरिया की आशंका वाले प्रत्येक मरीज की तत्काल जांच कर पॉजिटिव पाए जाने पर बिना विलंब मलेरिया रोधी दवाओं से उपचार शुरू किया जायेगा।
सरकार ने गंभीर मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया है। सभी रोगियों के उपचार और फॉलो-अप की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी तथा गंभीर स्थिति वाले मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।
निर्देश में कहा गया है कि किसी भी क्षेत्र में मलेरिया का एक भी नया मामला मिलने पर पूरे इलाके में अनिवार्य रूप से मास सर्वे अथवा फीवर सर्वे चलाया जाये। प्रत्येक गांव का ग्रामवार मलेरिया डेटा तैयार किया जायेगा तथा अधिक प्रभावित गांवों की सहियाओं को रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध करायी जायेंगी।
सभी उपायुक्तों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में जांच सामग्री और मलेरिया रोधी दवाओं का भंडारण उपलब्ध रहे। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में वेक्टर नियंत्रण के तहत कीटनाशी दवाओं का छिड़काव तथा लार्वा नियंत्रण संबंधी गतिविधियों में तेजी लायी जाये।
मलेरिया से बचाव के लिए प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिये गये हैं, ताकि लोग समय पर जांच करायें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनायें।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की पुलिस वैन से खींचकर की गई हत्या के बाद शहर में तनाव लगातार बना हुआ है। हालात को देखते हुए धालभूम के एसडीओ अर्णव मिश्रा ने साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, एमजीएम और मानगो थाना क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट श्मशान घाट में किया गया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इस बीच, राज्य सरकार ने जमशेदपुर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय तथा सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को पद से हटाकर मुख्यालय रिपोर्ट करने का आदेश दिया। सरकार ने डॉ. इस्तेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया एसएसपी तथा मनोज स्वगीर्यारी को सरायकेला-खरसावां का नया एसपी नियुक्त किया है।
इधर, हिमांशु के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मंगलवार देर रात उनकी अनुपस्थिति में ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करा दिया। काफी देर तक चले विरोध और बातचीत के बाद बुधवार शाम करीब छह बजे शव परिजनों को सौंपा गया।
शव जैसे ही आदित्यपुर के ओम नगर स्थित आवास पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के बाद शाम करीब सात बजे शवयात्रा पार्वती घाट के लिए रवाना हुई, जहां पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया।
हिमांशु के आवास से लेकर श्मशान घाट तक सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। अंतिम संस्कार में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
वहीं, भाजपा ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। दूसरी ओर, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
इस दौरान हिमांशु की पत्नी ऋचा सिंह को सरकारी नौकरी देने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गयी, जिस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है। हिमांशु हत्याकांड को लेकर पूरे कोल्हान क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गयी है तथा प्रशासन की हर गतिविधि पर लोगों की नजर बनी हुई है।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन आॅफ झारखंड चेंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। मौके पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राज्य में उद्योग, व्यापार और निवेश के वर्तमान परिदृश्य पर मुख्यमंत्री के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि फेडरेशन आॅफ झारखंड चेंबर आॅफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज द्वारा शीघ्र ही एक राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति, व्यापारी एवं उद्यमी भाग लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उक्त सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन आॅफ झारखंड चेंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्र उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उदयशंकर, रमेश कुमार चीनी, विनय अग्रवाल, पलामू चेंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर, कार्यकारिणी सदस्य फिराजुद्दीन, गुमला चेम्बर के सदस्य अमर प्रदीप शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। रांची स्थित लोक भवन में आज आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के नव-नियुक्त सूचना आयुक्तों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी, जो संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित प्राधिकारी ने संपन्न करायी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहे और पूरे समारोह के साक्षी बने।
समारोह में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, शिवपूजन पाठक एवं अमूल्य नीरज खलखो ने सूचना आयुक्त के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त आयुक्तों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पारदर्शिता, जवाबदेही तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी तथा बैद्यनाथ राम सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि एवं अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित रहे तथा सभी ने नवनियुक्त आयुक्तों को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को हूल दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू पार्क पहुंचे और अमर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर सीएम ने कहा कि आज का दिन उन महान योद्धाओं को याद करने का है, जिन्होंने शोषण और अन्याय के खिलाफ बिना परिणाम की चिंता किये संघर्ष का बिगुल फूंका।
कहा कि सिदो-कान्हू, चांद और भैरव ने देश और समाज पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध जो आंदोलन शुरू किया, उसकी चिंगारी आज भी जल रही है। यही संघर्ष आगे चलकर व्यापक जनआंदोलन का रूप बना और देश को नई दिशा मिली।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इतिहास गवाह है कि हर बड़ी क्रांति की शुरुआत कमजोर और शोषित वर्गों से होती है। कहा कि झारखंड वीर सपूतों की धरती है और इन्हीं शहीदों के बलिदान के कारण राज्य को वीरभूमि के रूप में पहचान मिली है। उन्होंने लोगों से शहीदों के आदर्शों पर चलने और न्याय, समानता और स्वाभिमान की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हूल दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध निरंतर संघर्ष की चेतना है। जब-जब दमन और शोषण बढ़ेगा, तब-तब आंदोलन की मशाल जलती रहेगी। उन्होंने कहा कि कई ताकतें इस चिंगारी को बुझाने का प्रयास करती हैं, लेकिन वीर शहीदों के बलिदान से प्रज्वलित यह लौ कभी बुझ नहीं सकती।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी झारखंड और देश के लोग इन शहीदों के आदर्शों को साथ लेकर आगे बढ़ते रहेंग। आदिवासी समाज सहित पूरा राज्य आज हूल दिवस पर अपने वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 16वीं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद का महत्वपूर्ण सम्मेलन जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव एवं अनुप्रिया पटेल सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री उपस्थित हैं।
झारखंड के स्वस्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि अब झारखंड की बारी आने वाली है। पूरे विश्वास के साथ झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने, नयी स्वास्थ्य परियोजनाओं तथा राज्यहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती से परिषद के समक्ष रखूंगा। उन्होंने कहा, झारखंड की आवाज, झारखंड के अधिकार और जनता के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हर मंच पर मजबूती से अपनी बात रखेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse