टीम एबीएन, रांची। राजधानी के मेन रोड स्थित मल्लाह टोली हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई और मंदिर के आसपास के स्थान को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। रांची के सीनियर एसपी किशोर कौशल ने खुद मोर्चा संभाला और सीसीटीवी फुटेज खंगाल मूर्ति खंडित करने वाले आरोपी को भी धर दबोचा। बताया जा रहा है कि मूर्ति खंडित करने वाला आरोपी मानसिक रोगी है, हालांकि इसकी जांच की जा रही है।
प्रतिमा को तोड़े जाने की खबर इलाके में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मंदिर के सामने भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय हिंदू संगठन भी मौके पर जुट गये। हनुमान की मूर्ति खंडित किये जाने को लेकर सोशल मीडिया में भी लगातार फोटो जारी किये गये हैं। हालांकि पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया है। स्थानीय हिंदू संगठनों के नेताओं को भी प्रशासन की तरफ से यह भरोसा दिलाया गया है कि दोपहर तक खंडित मूर्ति को बदल कर नई मूर्ति स्थापित कर लिया जायेगा। आगामी पर्व त्योहारों को देखते हुए आपसी सौहार्द्र बनाये रखना बेहद जरूरी है। वहीं दूसरी तरफ इलाके में तनाव देखते हुए रांची के सीनियर एसपी किशोर कौशल ने मंदिर के आसपास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। कोतवाली डीएसपी, सिटी डीएसपी को मामले पर नजर रखने की हिदायत दी गई है।