टीम एबीएन, रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल बरियातू सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2022 में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स तथा आईआईटी एवं नीइलट में क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को बधाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत पदाधिकारी रूद्र प्रताप सिंह थे। वहीं, डीएवी पुन्दाग के प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा विशिष्ट अतिथि थे। सम्मान स्वरूप विद्यार्थियों को पुस्तक और मेमेंटो भेंट किया गया। श्री सिंह ने कहा कि वह विद्यार्थी जरूर सफल होता है जो अपने शिक्षकों का सम्मान करता है, उनकी बातों का अनुसरण करता है। सफलता में गरीबी बाधा नहीं होती, माता-पिता का कम पढ़ा लिखा होना आगे बढ़ने से नहीं रोकता, भाषा मार्ग अवरूद्ध नहीं करती। सफलता की योजना और उसके समन्वय की योजना मन में होती है और इच्छाशक्ति उसे पूर्ण करने में मदद करती है। श्री सिंह ने बच्चों को इको वारियर्स बताया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के उपाय बताए। पेड़ों को सुरक्षा और पोषण प्रदान करना, जरूरत के अनुरूप पानी और बिजली का उपयोग करना, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले चीजों का उपयोग नहीं करना जैसे संकल्प का प्रण दिलवाया। प्राचार्य विनय कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों से कहा कि आप हमेशा आने वाले चुनौतियों के लिए तैयार रहें। आज आपको एकेडमिक के लिए सम्मानित किया गया है। कल जब आप अपने कार्य क्षेत्र में जाएं तो वहां भी अपना और अपने कार्य का मान बढ़ायें। मौके पर कक्षा एक एवं दो के बच्चों ने पेड़ हमारे मित्र पर एक संगीत नाटिका भी प्रस्तुत की।