टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोस्ट वांटेड क्रिमिनल सोनू शर्मा को पुलिस ने चतरा के हंटरगंज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी द्वारा 27 जनवरी को मोरहाबादी मैदान में कालू लामा की हत्या का आरोप था। मामले में पूर्व में 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सोनू शर्मा फरार चल रहा था।
वर्चस्व की जंग में कालू लामा की हत्या करने वाले शार्प शूटर सोनू शर्मा को पुलिस ने आखिरकार चतरा के हंटरगंज इलाके से दबोच लिया। आरोपी को रांची पुलिस 8 माह से तलाश रही थी। इस दरम्यान आरोपी लगातार अपना लोकेशन भी बदल रहा था। जिस कारण पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो पा रही थी, लेकिन आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चतरा का हंटरगंज आने वाला है जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार सोनू शर्मा शराब का शौकीन था और यही शौक उसकी गिरफ्तारी की वजह बनी। सोनू बिहार के गया में था और वह वहां से अपनी शराब की तलब को मिटाने के लिए हंटरगंज पहुंचा था, जिसकी जानकारी पुलिस को मिली और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सोनू शर्मा के खिलाफ रांची के लालपुर थाने में 2 मामले, बरियातू थाने में 4 मामले, अरगोड़ा, गोंदा और कोतवाली थाने में 1- 1 मामले दर्ज हैं। वह आर्म्स एक्ट, रंगदारी और हत्या के मामले में आरोपी है। बता दें कि सोनू शर्मा लगातार स्पूफ कॉल के जरिए व्यवसाइयों को धमकी देता था और उनसे रंगदारी मंगाता था।