टीम एबीएन, रांची। रविवार की देर शाम रांची एसएसपी किशोर कौशल ने दुर्गा पूजा 2022 को लेकर हाई लेवल मीटिंग की, जहां शहर के तमाम डीएसपी और थानेदार शामिल थे। मीटिंग के दौरान दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने की रणनीति पर चर्चा हुई, जिसमें रांची एसएसपी किशोर कौशल ने थानेदारों के लिए कई निर्देश भी जारी किये। रांची एसएसपी ने दुर्गा पूजा को लेकर सभी थानेदारों को यह निर्देश दिया कि वे सबसे पहले अपने अपने थाना क्षेत्र के हर पंडाल का निरीक्षण खुद जाकर करेंगे। पंडाल में फायर सेफ्टी के क्या-क्या उपाय किये गए हैं, उसकी पूरी जानकारी लेनी है। अगर उसमें कोई कमी नजर आये तो उसे तुरंत दूर करवाना है।
रांची एसएसपी ने बताया कि राजधानी के सभी पूजा पंडालों के बाहर पुलिस की ओर से एक बैनर लगाया जा रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारियों के नंबर अंकित किये जायेंगे। बैनर में पंडाल भ्रमण को लेकर गाइडलाइंस भी लिखे जायेंगे। गाइडलाइंस में कुल 9 प्वाइंट लिखे गये हैं, जो श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए है।
सभी थानेदारों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पूजा समितियों से विसर्जन को लेकर समय निश्चित कर लें। किस पंडाल की मूर्ति का विसर्जन कब होगा यह पहले से ही तय कर लेना है ताकि उस समय सड़क से लेकर तालाब तक उचित सुरक्षा की व्यवस्था की जा सके।
हाल के दिनों में राजधानी रांची के माहौल को खराब करने की लगातार कोशिश की गई है। इसी साल 10 जून को रांची मेन रोड में जबरदस्त हिंसा हुई थी। इसे देखते हुए दुर्गा पूजा को लेकर जिले के सांप्रदायिक तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है। उन लोगों की सूची बनाई जा रही है जो सांप्रदायिक कांडों में संलिप्त रहे हैं। ऐसे कांडों में शामिल लोगों पर पुलिस ने थाना स्तर पर क्या कार्रवाई की है, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूजा के दौरान उत्पात में शामिल तत्वों के बारे में भी सभी थानों से जानकारी ली जा रही है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनपर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। घटना की वजह और उसकी पृष्टभूमि में शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी इकठ्ठा की जा रही है।
दुर्गा पूजा को देखते हुए शहर के वैसे तमाम दागी जिनसे शहर के माहौल खराब होने की गुंजाइश है, उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 107 के तहत नोटिस भी भेजा जा चुका है। जिन पुराने अपराधियों को नोटिस भेजा गया है उनकी संख्या करीब 1200 है।
दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी में 10 दिनों तक 2000 से अधिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। पूरे शहर में 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। इसके जरिए हर गतिविधियों पर पुलिस की नजर होगी। पुलिस की ओर से लगाए गए कैमरों की डीवीआर और लाइव फीड की व्यवस्था कंट्रोल रूम में की गई है। वहीं, पंडाल समितियों की ओर से लगाये गये कैमरों की डीवीआर व लाइव फीड पंडालों में ही होगी। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में ड्रोन कैमरों से भी निगहबानी होगी। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए शक्ति कमांडों और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।