झारखंड
अभिनव और अतुल ने बढ़ाया एसआर डीएवी का मान
ABN Bureau
•
25 Sep, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, रांची। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत भारतीय नौसेना के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर पर द इंडियन नेवी क्विज 2022 थिंक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर के होनहार स्कूली विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता विभिन्न चरणों में आयोजित की जा रही है। अब तक दो चरण पूरे कर लिए गए हैं। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के दो विद्यार्थी कक्षा एकादश के अभिनव कुमार प्रसाद और अतुल राज ने उक्त दोनों चरणों में सफलता प्राप्त करके क्वार्टर फाइनल में स्थान प्राप्त कर लिया है, जो विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। अब तीस सितंबर को आयोजित होने वाले अगले राउंड में ये दोनों विद्यार्थी अपनी दावेदारी मजबूती से रखेंगे। अभिनव तथा अतुल के द्वारा अब तक आयोजित दोनों चरणों की प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर आगे बढ़ने की सूचना प्राप्त होते ही विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई। प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने उन्हें एवं उनकी मार्ग निर्देशिका शिक्षिका को बधाई तथा शुभकामना संदेश संप्रेषित किया। उन्होंने भविष्य में होने वाली अगले चरणों की प्रतियोगिताओं के लिए दोनों विद्यार्थियों को योजनाबद्ध तरीके से सतत प्रयत्नशील रहने की सलाह दी। उन्होंने ने कहा कि वर्तमान समय में केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई पूरी कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेना आवश्यक है। इससे उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।ज्ञान बढ़ता है एवं आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।
विज्ञापन