झारखंड
"सीएम हेमन्त के लिए 1.25 करोड़ की ऑडी" पर पक्ष-विपक्ष आमने- सामने
ABN Bureau
•
25 Sep, 2022
1 Views
विज्ञापन
एबीएन सोशल डेस्क। वो कहते हैं न शौक बड़ी चीज होती है, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी गाड़ियों के प्रति ऐसा शौक जागा है। हर 6 महीने में नई-नई गाड़ियां उनके कारकेड में बदली जाती हैं, वह भी करोड़ों रुपये की कीमत वाली। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कारकेड में बीएमडब्ल्यू कार शामिल हुई थी। वहीं अब सवा करोड़ की लागत वाली ऑडी क्यू सेवेन के लिए विभाग ने स्वीकृति भी दे दी है। यह तमाम आरोप झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने लगाये हैं। बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जिस राज्य की गरीब आदिवासी मूलवासी जनता को दो वक्त का भोजन भी नसीब नहीं होता हो। राज्य का मुख्यमंत्री जो स्वयं को गरीबों का बेटा कहता है, लेकिन उसे गरीब जनता की चिंता से ज्यादा अपने शौक की चिंता है। वह हर 6 महीने में गरीब जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों से महंगी विदेशी कारों को खरीद रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि महंगी गाड़ियों को देखने का शौक रखने वालों को यहां-वहां जाने की जगह मुख्यमंत्री सोरेन की कारकेड को देखना चाहिए। इसमें दुनिया की महंगी विदेशी गाड़ियां शामिल हैं।
वाहनों की खरीद के लिए 4 करोड़ रुपए स्वीकृत : दरअसल, पिछले दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई थी। इसमें प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए सीएम ने राज्य के मंत्रियों के वाहनों की खरीद के लिए 4 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति दी थी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बीएमडब्ल्यू के बजाय ऑडी क्यों सेवेन में चलेंगे। वहीं उनके काफिले में दो नये एंबुलेंस भी शामिल किये जायेंगे। इसके साथ ही राज्य के सभी मंत्रियों के काफिले में नई महिंद्रा बोलेरो एन-4 को शामिल किया जायेगा।
हेमंत सोरेन के काफिले में 25 गाड़ियां शामिल : फिलहाल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले में 25 गाड़ियां शामिल होती हैं। इसमें बीएमडब्ल्यू जीएलएस -400डी 4 मैटिक, लैंड रोवर डिस्कवरी, ईसुजी- डी मैक्स, फॉर्च्यूनर कार शामिल हैं। बता दें कि लगभग 5 माह पूर्व भी 10 करोड़ की लागत से 18 नई गाड़ियां खरीदी गईं थीं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने किया सोरेन का बचाव : वहीं सत्तारूढ़ दल के गठबंधन में शामिल कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लग्जरी कार के शौक का बचाव करते हुए कहा कि देश के पीएम मोदी 13 करोड की महंगी गाड़ियों पर चढ़ रहे हैं। उनके भी काफिले में विदेशी गाड़ियों की अंबार है। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के जनहित के कार्यों से बौखलाई भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है तो बेवजह सीएम पर सवाल खड़े कर रही है। बता दें कि हाल ही में हुए आर्थिक सर्वेक्षण में मुताबिक झारखंड में 46.16 फ़ीसदी लोग अब भी गरीबी रेखा के नीचे हैं। राज्य में जहां 40 फीसदी बच्चे कुपोषण के शिकार हो जाते हैं। ऐसे राज्य में खुद को गरीबों का मसीहा बताने वाले मुख्यमंत्री का चमचमाती करोड़ों रुपयों की कार से चलने का शौक सवाल तो खड़े करता ही है?
विज्ञापन