झारखंड
अमरोहा : अवैध पटाखा फैक्ट्री में भयंकर ब्लास्ट से कई लोग घायल
ABN Bureau
•
24 Sep, 2022
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट हुआ। अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार की रात भयंकर धमाका होने से कई लोग घायल हो गये। इस हादसे में घायल लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल, सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री संचालक मौके से फरार है।
दरअसल, यह अवैध पटाखा फैक्ट्री अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव के पास स्थित है। पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका होने फैक्ट्री के परखच्चे उड़ गये। धमाका इतना भयानक था कि छत उड़ गये और दीवार की धज्जियां उड़ गईं। इस हादसे में दो लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों में फैक्ट्री मालिक का बेटा और एक कर्मचारी है। अस्पताल में इन दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। फैक्ट्री में काम करने वाले कई लोग अभी भी गायब हैं। मलबे में कोई दबा है या नहीं, इसकी भी पुलिस तफ्तीश कर रही है। फिलहाल, पुलिस इस अवैध पटाखा फैक्ट्री पर भी जांच के बाद एक्शन लेने की तैयारी में है।
विज्ञापन