रांची। झारखंड एडवोकेट वेलफेयर सोसाईटी ने सिविल कोर्ट रांची के अधिवक्ता मनोज झा की तमाड़ में गोली मारकर हत्या किये जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। रांची जिला बार एसोसिएशन परिसर में आज सोसाईटी के अध्यक्ष पीडी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मृतक अधिवक्ता के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा 50 लाख रुपये का मुआवजा एवं एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की गयी। इसके साथ चूंकि अधिवक्ता श्री झा जेवियर संस्था के लीगल एडवाईजर थे इसलिए जेवियर संस्था के द्वारा भी मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाय। बैठक में अधिवक्ता हित में राज्य सरकार से अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने एवं हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की गयी। सोसाईटी के अध्यक्ष पीडी सिंह ने कहा कि यदि हत्यारों की गिरफ्तारी अविलंब नहीं की जाति है तो सोसाईटी का प्रतिनिधिमंडल वरीय आरक्षी अधीक्षक से मिलकर हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग करेगा। बैठक में सोसाईटी के अध्यक्ष पीडी सिंह, उपाध्यक्ष प्रकाश झा, महासचिव भरत महतो, संयुक्त सचिव अजहर अहमद खान,कोषाध्यक्ष राजीव रंजन ठाकुर, मीडिया प्रभारी मृत्युंजय प्रसाद, कार्यकारिणी सदस्य रेखा वर्मा, सतेन्द्र सिंह समेत सोसाईटी के कई सदस्य उपस्थित थे।