टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली में बड़े वकीलों के संपर्क में हैं। हेमंत सोरेन, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल से कानूनी परामर्श ले रहे हैं। ऐसी खबर है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर अयोग्य करार देने की सिफारिश संबंधी चुनाव आयोग के पत्र को राज्यपाल द्वारा सार्वजनिक नहीं किए जाने के खिलाफ याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि इसको लेकर हेमंत सोरेन सुप्रीम कोर्ट की शरण में जा सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली दौरे को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है। कई तरह की अटकलें बताई जा रही हैं। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने हेमंत सोरेन का निजी दिल्ली दौरा बताते हुए कहा है कि वे शुक्रवार को रांची लौट आयेंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली में राज्यपाल के फैसले के इंतजार के बीच सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई की ओर बढ़ने के लिए विधि विशेषज्ञों से राय लेकर कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं।