मेहनत का कोई विकल्प नहीं, पढ़ाई में ईमानदारीपूर्वक परिश्रम करें विद्यार्थी : पलामू आयुक्त
ABN Bureau• 16 Sep, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, पलामू/ रांची। मेहनत का कोई दूसरा विकल्प नहीं होता। विद्यार्थी अपनी लगन के साथ पढ़ाई में इमानदारी पूर्वक परिश्रम करें और एक-दूसरे विघार्थियों के साथ संवाद स्थापित करें। समूह में बैठकर पढ़ाई करने से बेहतर परिणाम आएंगे। शिक्षक भी विघार्थियों को समूह में पढ़ाई एवं एक-दूसरे से सकारात्मक संवाद स्थापित कराने के लिए विघार्थियों को प्रेरित करें। यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, लेस्लीगंज में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बोल रहे थे। समारोह के तहत मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं एक विद्यार्थी को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों में हमेशा सीखने की जिज्ञासा होनी चाहिए। जिन बातों को वे नहीं जानते हैं, उसके संबंध में शिक्षक से जानकारी प्राप्त कर ज्ञानवर्धन करें। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि अभिभावक शिक्षकों को माहौल दें, ताकि विघालयों में वे बेहतर शैक्षणिक माहौल दें सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक एक दूसरे के साथ समन्वय एवं सहयोगात्मक भावना से कार्य करें। इससे शैक्षणिक स्तर में सुधार होगा और सरकारी विद्यालयों के प्रति लोगों का अच्छा इंप्रेशन बनेगा। स्कूलों की शिक्षा समिति को सक्रियता से शैक्षणिक माहौल पर ध्यान रखनी चाहिए। उनकी मदद से स्थानीय स्तर पर गुणवान युवा एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को विघालय से जोड़ने का कार्य करें। शिक्षण कार्य में उनके सहयोग एवं उनकी क्षमता उपयोग से सरकारी विद्यालयों में और बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार होगा। इससे उनका भी ज्ञानसंवर्धन होता रहेगा। उन्होंने मोबाइल एवं अन्य तकनीकी उपकरणों के दुरुपयोग से विद्यार्थियों को बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उपकरण के दुरुपयोग से अपना नुकसान होता है। इसलिए इसकी रचनात्मक उपयोग होनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे बच्चों की प्रतिभा एवं उनकी क्षमता को पहचाने और उनकी रूचि के अनुसार कैरियर चुनाव में मदद करें। उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए अपनी कमजोरियों को पहचानकर उस अनुरूप तैयारी करने पर बल दिया। उन्होंने हमेशा सफल होने के प्रयास पर बल दिया। साथ ही शिक्षकों को विद्यालय एवं शैक्षणिक व्यवस्था की आॅनरशीप रखते हुए शैक्षणिक वातावरण की बातें कही।
प्रतिभा सम्मान समारोह में गिरीवर प्लस टू उच्च विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक चंद्रबली चौबे सहित अन्य शिक्षकों ने संबोधित किया। संचालन अंबरिश पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य अमरेश कुमार सिंह ने किया। मौके पर विजय प्रकाश, गिरीवर प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य नीरज द्विवेदी, चैनपुर प्लस टू उच्च विद्यालय के आरपी शर्मा, अविनाश पांडेय, सत्येंद्र कुमार, अजय कुमार, अरशद हुसैन, विशाल कुमार, प्रतिभा कुमारी सहित अन्य शिक्षक- शिक्षिका, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।