टीम एबीएन, रांची। हजारीबाग, चतरा और रांची के बॉर्डर इलाके में आतंक का पर्याय रहे उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के एरिया कमांडर दिनेश जी को पुलिस ने दबोच लिया है। रांची के एसएसपी किशोर कौशल को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने बुढ़मू इलाके से दबोचा है। छापेमारी के दौरान हजारीबाग जिले की पुलिस भी शामिल थी। सूचना के अनुसार दिनेश जी के साथ उसके तीन अन्य साथी भी पकड़े गये हैं। पूरे मामले को लेकर पुलिस आज खुलासा करेगी। गौरतलब है कि दिनेश उर्फ रवि, हाल के दिनों में रांची के बुढ़मू, खलारी, चतरा के पिपरवार और हजारीबाग जिले के केरेडारी और सीमाना इलाके में सक्रिय था। इलाके में लगातार लेवी वसूली के लिए कोयला व्यवसायियों और ठेकेदारों को धमकी दे रहा था। इसके पीछे रांची के अलावा चतरा और हजारीबाग जिले की पुलिस भी लगी थी।
बीते चार फरवरी को दिनेश के दस्ते ने बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित साड़म गांव में लेवी नहीं देने पर तालाब निर्माण में लगे हाइवा और पोकलेन को फूंक दिया था। इसके अलावा रांची जिले के बुढ़मू, चतरा जिले के पिपरवार और हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में इसका दस्ता सक्रिय है।