जमशेदपुर। जमशेदपुर के MGM थाने के दलदली गांव में एक 30 साल की महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। 11 अगस्त की आधी रात को 6 युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, रात 11 बजे महिला शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान अज्ञात 6 लोग महिला को पकड़ उसके घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल में ले गए। वहां बारी-बारी से सभी आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले। महिला ने अज्ञात 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। शुक्रवार को एमजीएम अस्पताल में पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है। पीडि़ता का पति अपनी मां की हत्या के मामले में पिछले 2 साल से जेल में है। वह अपने दो बच्चों के साथ रहती है। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि महिला से गैंगरेप का केस थाना में दर्ज किया गया है। अज्ञात 6 लोगों पर महिला ने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। आरोपियों की पहचान में पुलिस जुटी है।