मनोरंजन
‘ब्रह्मास्त्र’ का उज्जैन में जबरदस्त विरोध, बिना दर्शन लौटे रणबीर- आलिया
ABN Bureau
•
07 Sep, 2022
विज्ञापन
एबीएन डेस्क। फिल्म ब्रह्मास्त्र की टीम 6 सितंबर को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंची थी, लेकिन वहां आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को हिंदू संगठनों के विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से वो बिना दर्शन किये ही वापस लौट गये। हालांकि, उनके साथ आए फिल्म डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर दर्शन और पूजा की। जैसे ही ब्रह्मास्त्र टीम के पहुंचने की खबर फैली, प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे हुए थे, जहां उन्होंने काफी हंगामा किया। स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। सोशल मीडिया पर इसकी कुछ वीडियो भी सामने आईं हैं। अयान ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर भी शेयर की है। साथ ही एक वीडियो में मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वो अपनी फिल्म के सफल होने की कामना कर रहे हैं। ये सारा विरोध रणबीर कपूर के 10 साल पुराने बयान को लेकर हो रहा है। इस बयान में रणबीर ने कहा था कि उन्हें बीफ पसंद है और वो बीफ लवर हैं। अब उनके इसी पुराने बयान को लेकर उनका विरोध किया जा रहा है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि रणबीर खुद बता चुके हैं कि उन्हें बीफ (गोमांस) पसंद है। ऐसे में बीफ खाने वालों को मंदिर में कैसे प्रवेश दिया जा रहा है, प्रशासन को जवाब देना होगा। बहरहाल, उज्जैन पहुंचे रणबीर, आलिया और अयान मुखर्जी को जब मंदिर में विरोध और हंगामे की खबर मिली, तो वे वापस लौटने लगे। उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह फिल्म के डायरेक्टर अयान के दोस्त भी हैं। लिहाजा, तीनों सीधा उज्जैन कलेक्टर के बंगले पहुंचे। हंगामा शांत होने के बाद सिर्फ अयान ही मंदिर गए और दर्शन किया।
विज्ञापन