झारखंड
पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता पर मनातू बीडीओ ने करवाया एफआईआर
ABN Bureau
•
07 Sep, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, पलामू/रांची। जिले के मनातू थाना में पांकी से भाजपा विधायक डॉ शशि भूषण मेहता समेत 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर सुनील प्रकाश के आवेदन के आधार पर की गई है। मनातू कांड संख्या 23/22 में विधायक एवं अन्य पर मारपीट करने समेत कई आरोप लगे हैं। एफआईआर में 353, 66ई आईटी एक्ट भी लगाया गया है।
मनातू बीडीओ सुनील प्रकाश ने बताया कि उन्होंने अपने सहयोगी के माध्यम से आवेदन दिया था जबकि अन्य कर्मचारियों ने थाना को अलग से आवेदन दिया था। इस विषय में अधिक जानकारी नहीं है पुलिस को जो उचित लगे वह कदम उठा रही है। इधर, पूरे मामले में विधायक डॉक्टर शशिभूषण मेहता का पक्ष नहीं मिल पाया है। दरअसल, कुछ दिनों पहले पलामू के मनातू प्रखंड कार्यालय में विधायक डॉ शशिभूषण मेहता प्रखंड प्रमुख के कार्यालय का उद्घाटन करने गए थे। बीडीओ मौके पर मौजूद नहीं थे।
बाद में विधायक डॉ शशि भूषण मेहता बीडीओ के सरकारी आवास में गये थे। उस दौरान विधायक ने बीडीओ पर कार्यालय अवधि में शराब पीने का आरोप लगाया था। पूरे मामले को लेकर विधायक धरना पर बैठ गए थे। बाद में सरकारी कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए थे। वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पूरा मामला शांत हो गया था। करीब डेढ़ महीने बाद पूरे मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे मामले में जानकारी के अनुसार थाना को दोबारा आवेदन दिया गया है जिसके बाद एफआईआर हुई है।
विज्ञापन