झारखंड
भारत में हिंदी पत्रकारिता का भविष्य बेहतर : धीरज साहू
ABN Bureau
•
04 Sep, 2022
•
7 मिनट में पढ़ें
3 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, लोहरदगा/रांची।
पत्रकारिता के नये माध्यम आने से पत्रकारिता की दशा और दिशा दोनों बेहतर हो रही है। उक्त बातें झारखंड से राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहीं। वह रविवार को लोहरदगा के होटल रेड रॉक में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकारिता का भविष्य और दिशा विषयक कार्यशाला को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। धीरज साहू ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने हिंदी पत्रकारिता में नौकरियों के ढेरों अवसर उपलब्ध कराये हैं। सोशल मीडिया के बढ़ते दायरों के कारण अब हर व्यक्ति पत्रकार है। सोशल मीडिया पर तो हिंदी में ही ज्यादा लिखा-पढ़ा जा रहा है। इसके अलावा अख़बार, न्यूज़ वेबसाइट्स और टीवी सभी में हिंदी भाषा पर ही जोर है। ऐसे में हिंदी पत्रकारिता का भविष्य बहुत उज्जवल है। इस कार्यशाला का आयोजन लोहरदगा जिला पत्रकार संघ के सौजन्य और झारखंड राज्य जर्नलिस्ट्स यूनियन के तत्वावधान में आयोजित किया था। पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि आप पत्रकारों पर आज के समय में सच को लोगों तक पहुंचाने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। आप पत्रकार ही जनता की असली आवाज हैं। कार्यशाला में मुख्य वक्ता जेएसजेयू के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव शर्मा, पूर्वी जोन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक मुखर्जी, महासचिव एनके मुरलीधर, उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, राजीव कुकरेजा थे। कार्यशाला में राज्य सभा सांसद धीरज साहू ने दीपक मुखर्जी को जेएसजेयू के पूर्वी जोन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्हें शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया। सांसद श्री साहू को जेएसजेयू ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर दीपक मुखर्जी ने कहा कि सांसद धीरज साहू ने सदैव पार्टी लाइन से उठ कर प्रत्येक तबके की मदद की है। इन्होंने कभी किसी जरूरतमंद को निराश नहीं किया है। कार्यशाला में महासचिव एनके मुरलीधर ने पत्रकारों को सदैव आजीविका के लिये अन्य साधनों को तैयार कर ईमानदारी से पत्रकारिता की सलाह दी। अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि पत्रकार एकजुट होकर रहें, तो पत्रकारिता और पत्रकार पर कोई संकट नहीं आयेगा।उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने आधुनिक पत्रकारिता में तकनीकी दक्षता और न्यू मीडिया की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा ने कहा कि किसी भी खबर की प्रामाणिकता पर परिश्रम करके ही प्रकाशित करना चाहिए।
जेएसजेयू के पूर्वी जोन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक मुखर्जी ने कहा कि पहले और आज की पत्रकारिता में बदलाव आया है, पर मूल चीजें और हमारी जिम्मेदारी वैसी ही हैं। हमें अपने काम से अपनी विश्वसनीयता बनाये रखनी होती है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव, अवनी कुमार, अरविंद पाठक, संजय कुमार साहू, रवि कुमार प्रजापति, गफ्फार अंसारी, वसीम अकरम, ओम प्रकाश साहू, अंगद प्रसाद गुप्ता, विनोद रविदास, रामप्रसाद पाल, रोहित कुमार, रवि कुमार, सत्यकाम, राहुल कौशल, आलोक कुमार, कृष्ण कुमार मिश्रा, सोनू कुमार, दानिश रजा, नूतन कच्छप, देव कुमार सिंह, किनेश कुमार साहू, अमर गोस्वामी, बबलू उरांव, अख्तर अंसारी उपस्थित थे। कार्यशाला के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन ओमप्रकाश साहू ने किया। मौके पर रांची, लोहरदगा और गुमला के पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन