टीम एबीएन, कोडरमा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का राज्य सचिवमंडल दुमका में पेट्रोल छिड़क कर जला दी गई युवती अंकिता की रिम्स में हुई मौत पर गहरे दु:ख का इजहार करता है। पार्टी नेता संजय पासवान ने कहा कि इस जघन्यतम घटना की जितनी भी निंदा की जाये वह कम है। माकपा इस घटना के दोषी अपराधी को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोर सजा दिलाए जाने की मांग करता है। माकपा राज्य सरकार से पीड़िता के परिवार को बिना देर किए उचित मुआवजा देने की भी मांग करता है। हालांकि झारखंड सरकार ने स्पीडी ट्रायल कोर्ट में सुनवाई करने और अंकिता के परिवार को 10 लाख मुआवजा की घोषणा की है। अंकिता के परिवार वालों का यह भी कहना है कि अंकिता के इलाज में भी गंभीरता नहीं बरती गई है जिसके लिए रिम्स प्रशासन जिम्मेदार है। माकपा इस घटना को सांप्रदायिक रंग देकर उत्पात मचाने और एक समुदाय को लक्षित कर कथित हिंदू सांप्रदायिक संगठनों द्वारा नफरत का उन्माद पैदा किए जाने की कोशिश की भी कड़ी भर्त्सना करती है।