टीम एबीएन, चाईबासा/रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने जानकारी दी है कि विभागीय सचिव ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को बच्चों का जाति प्रमाण पत्र प्राथमिकता के तौर पर बनाने निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि उक्त के आलोक में आगामी 31 अगस्त तक सभी क्षेत्रों के बच्चों का कास्ट सर्टिफिकेट का आवेदन प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से किया जाना है। उपायुक्त ने बताया कि जारी निर्देश के तहत जिले के सभी अंचलाधिकारी को अपने-अपने प्रखंड क्षेत्र के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीआरपी, सीआरपी, मानकी-मुंडा, वीएलई के साथ ही राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि उपर्युक्त सभी के सामंजस्य से बच्चों का जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र बनवाया जायेगा, ताकि जब भी सरकार की कोई योजनाएं का शुभारंभ हो तो उसके लिए विशेष तौर पर जाति प्रमाण पत्र बनाने की आवश्यकता नहीं रहे। उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त करने हेतु 31 अगस्त तक का तिथि निर्धारित किया गया है तदुपरांत 15 सितंबर तक जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया जाना है।