टीम एबीएन, सिमडेगा/रांची। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झारखंड के सिमडेगा में हॉकी झारखंड, टाटा स्टील, जिला प्रशासन सिमडेगा और हॉकी सिमडेगा के द्वारा 27 से 29 अगस्त तक पांचवी सीनियर झारखंड राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2022 का आयोजन किया जायेगा। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह और टाटा स्टील के अधिकारी शिखर सेन, नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर के सहायक खेल प्रशासक चंद्रयानी मजूमदार सोमवार को सिमडेगा पहुंचे। तीनों अधिकारियों का हॉकी सिमडेगा के कार्यालय में बुके देकर स्वागत किया गया। उसके उपरांत सभी मुख्य आयोजन स्थल एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम पहुंचे और खेल स्थल, भोजन स्थल इत्यादि जगहों का जायजा लिया। हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष ने आयोजन की तैयारियों की पूरी जानकारी उन्हें दी। तत्पश्चात हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह सिमडेगा जिला की उपायुक्त आर रोनिटा से मिलकर इस प्रतियोगिता में कितनी टीम और कितने खिलाड़ी भाग लेंगे सहित प्रतियोगिता से संबंधित सारी जानकारी दी। उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रतियोगिता के आयोजन में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा। किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।