टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में मानसून की लगातार बारिश ने जहां धान की खेती करने वाले किसानों को मुस्कुराने का मौका दिया है तो वहीं दूसरी तरफ सब्जी के किसान इस बारिश से बेहद परेशान हैं। दरअसल, लगातार बारिश की वजह से बड़े पैमाने पर रांची के ग्रामीण इलाकों में फूलगोभी, अदरक, नेनुआ, पत्तागोभी, भिंडी समेत दूसरी सब्जियां बर्बाद हो गयी है। कांके प्रखंड के सबसे बड़े सब्जी उत्पादक गांव होचर में करीब 1000 एकड़ में फूलगोभी की फसल बर्बाद हो गई है। लगातार बारिश से पौधे जहां ज्यादातर गल गए हैं वहीं जिन पौधों पर गोभी के जो नए फूल आए थे वह शुरुआती दौर में ही बर्बाद हो गए। यही हाल अदरक का भी है। अदरक की खेती करीब 300 एकड़ में बर्बाद हो चुकी है, लिहाजा किसान इसे समय से पहले ही खेतों से सब्जियां निकालकर बाजार में बेजने की तैयारी में हैं। गांव के सब्जी किसान देवनाथ साहू बताते हैं कि गोभी की फसल बर्बाद होने से उन्हें खासा नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पौधे छोटे थे। उनमें अभी फूल लगना शुरू ही हुआ था लेकिन भारी बारिश की वजह से पूरे पौधे ही नष्ट हो गये। उन्होंने बताया कि अब खेतों में दोबारा हजारों पौधों को फिर लगाना होगा लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं है। करीब 300 एकड़ में लगी अदरक की खेती बीच में ही गल गयी है। लिहाजा अब भरत खेतों में आधे अधूरे अदरक को जमीन से निकालने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि अदरक के एक पौधे में करीब आधा किलो अदरक जमता है लेकिन इस बार पौधे खराब होने के कारण अदरक को कच्चे में ही बीच में निकालना पड़ रहा है। मायूस भरत ने कहा कि इन अदरक को औने पौने दाम में बेचकर निपटाना होगा।