टीम एबीएन, रांची। 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद विद्यार्थियों के सपनों को पंख लग जाते हैं एवं वे विभिन्न क्षेत्रों में अपने सुनहरे भविष्य की संभावनाएं तलाशना आरंभ कर देते हैं। फिर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उन्हें मंज़िल तक पहुंचने का रास्ता दिखाती हैं। ऐसी ही एक सम्मानित परीक्षा जेईई मेंस का परिणाम आते ही इसमें सफल विद्यार्थियों की बांछें खिल गईं।
इस परीक्षा में एसआर डीएवी पुंदाग के अनेक विद्यार्थियों ने सफलता के परचम लहराये। इनमें से कुछ विद्यार्थियों ने नब्बे पर्सेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त करके अपने अभिवावकों तथा विद्यालय का नाम रोशन किया। अमित कुमार ने 98.5 पर्सेंटाइल, प्रखर तिवारी ने 94.98 पर्सेंटाइल, अभिनव कुमार झा ने 94.91 पर्सेंटाइल, आयुष राज ने 91.47 पर्सेंटाइल, शनि देव कश्यप ने 90.99 पर्सेंटाइल प्राप्त किए। इन सभी विद्यार्थियों के हौंसले बुलंद हैं। ये सभी दिनांक 28.8.22 को होनेवाली एडवांस्ड परीक्षा के लिए उत्साहित हैं।
प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने इन सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित की हैं।उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। इसका कोई संक्षिप्त मार्ग नहीं होता। विद्यार्थियों ने अपना लक्ष्य निर्धारित कर लिया है। सफलता अवश्य ही उनके कदम चूमेगी।