टीम एबीएन, रांची। शनिवार को अपराह्न 5 बजे विश्व हिंदू परिषद प्रांत कार्यालय, हरमू रोड रांची में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की एक विशेष बैठक की गई। बैठक में विशेष रूप से विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री व सामाजिक समरसता केंद्रीय प्रमुख देव जी रावत उपस्थित थे। देव जी रावत ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा अस्पृश्यता एक मानसिक, सामाजिक विकृति है, जिसे कानून से समाप्त नहीं किया जा सकता है और न ही राजनैतिक अधिकारों को प्रदान कर इसे मिटाया जा सकता है। इसके लिए समूचे हिंदू समाज को हिंदू धर्म के मानवतावादी, समतावादी एवं एकात्मवादी तत्व दर्शन को समाज जीवन के व्यवहारिक धरातल पर अपने से ही प्रारंभ कर जीवन व्यवहार में लाना वर्तमान समय में अत्यंत महत्व का कार्य है। उन्होंने कहा विश्व हिंदू परिषद के सामाजिक समरसता विभाग के द्वारा देशभर में कई वर्षों से निरंतर विविध कार्यक्रम व आंदोलन के माध्यम से समरस समाज निर्माण का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा हिंदू चिंतन ही विश्व हितार्थ चिंतन है। इसी चिंतन के कारण हीं भारतवर्ष सदैव विश्व गुरु के रूप में प्रतिस्थापित रहा है। कालांतर में इस्लामिक अक्रांताओं के आक्रमण के कारण समाज के अंदर कई कुप्रथाओं का जन्म हुआ है। जिस समाज में कण-कण में भगवान का वास देखा, वह समाज कभी भी विघटनकारी नहीं रहेगा। किंतु दुर्भाग्यवश संभ्रांत क्षत्रिय कुल के योद्धाओं ने इस्लामिक अक्रांताओं के हाथों पराजय के बाद उन्हें कई प्रकार के प्रताड़नाओं से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा आज के कहे जाने वाले तथाकथित निम्न समाज के गोत्रों को देखने से पता चलता है कि वह क्षत्रिय अथवा उच्च कुल के जनमानस के गोत्रों से मिलता जुलता है। उन्होंने कहा डॉ अंबेडकर ने स्पष्ट किया है कि चौथी-पांचवी शताब्दी तक किसी प्रकार का समाज में कोई छुआछूत की भावना नहीं थी। उन्होंने कहा समाज को समृद्ध बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद आत्मनिर्भर समाज बनाने के लिए सेवा प्रकल्प के माध्यम से कौशल विकास का कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिससे सैकड़ों सनातन परंपरा से जुड़े परिवार आज सबलता की ओर बढ़ रहा है। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू, प्रांत सहमंत्री रंगनाथ महतो, बजरंग दल के प्रांत संयोजक दीपक ठाकुर, सामाजिक समरसता के प्रांत प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र, सामाजिक समरसता प्रांत अध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद सिंह, सत्संग प्रांत प्रमुख गणेश शंकर विद्यार्थी सहीत सभी जिला एवं विभाग संगठन मंत्री उपस्थित थे। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद, झारखंड के प्रांत मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।