टीम एबीएन, कोडरमा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाकघरों में कपड़े का बना तिरंगा की खरीदारी जोरों पर है। जिले के सभी डाकघरों में अगले दो-तीन दिनों में राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री शुरू हो जायेगी। मात्र "25 में ग्राहक कपड़े का राष्ट्रीय ध्वज खरीद सकेंगे। इधर, गुरुवार को झुमरीतिलैया के मुख्य डाकघर में झारखंड प्रदेश जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष सह कोडरमा जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष शालिनी गुप्ता अपने शुभचिंतकों के साथ झंडा की खरीदारी की। उन्होंने कहा कि सभी को हर घर में तिरंगा फहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हर घर और प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने की अपील की है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर तिरंगा अमृत महोत्सव गौरव की बात है। फक्र है कि भारत ही नहीं विदेशों में भी प्रधानमंत्री के आह्वान पर लोग तिरंगा लेकर जश्न मानाने की तैयारी कर रहे हैं। 13 से 15 अगस्त तक जात-पात महजब को भूल कर राष्ट्रीय पर्व मनाएं। देश का सम्मान शहीदों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मौके पर डाक निरीक्षक दिवाकर कुमार ने बताया कि आजादी के 75 वर्ष पर जिले के मुख्य डाक घर झुमरी तिलैया 11 उप डाकघर 100 शाखा डाकघर में झंडे की बिक्री होंगी। उन्होंने बताया कि धनबाद और जमशेदपुर से 20,000 झंडे प्राप्त होंगे और विभिन्न डाकघरों से बेचे जायेंगे। झंडे की लंबाई 30 इंच और चौड़ाई 20 इंच है। आमजनों से इस अभियान में जुड़ने की अपील की। मौके पर पोस्टमास्टर ओपीएन घोलप, मंटू वर्मा, दिगंबर ठाकुर, सेवा शिक्षक नारायण वर्णवाल, शशि सलूजा, रामप्रसाद साव, आकाश सेठ, अमर गुप्ता, सुशील अग्रवाल, पोखराज गुप्ता, सुभाष मोदी, ईशा कुमारी, अस्मिता मोदी आदि उपस्थित थे ।