टीम एबीएन, देवघर/रांची। पीएम मोदी के द्वारा 12 जुलाई को देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद आज (30 जुलाई) का दिन देवघर के लोगों के लिए यादगार होने जा रहा है। आज से दिल्ली से देवघर के बीच उड़ान सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इसके बाद हवाई जहाज से देवघर आकर बाबा की पूजा करने का सपना लोगों का पूरा हो जाएगा।
देश की राजधानी दिल्ली से पहली बार इंडिगो की फ्लाइट देवघर हवाई अड्डा पर आज लैंड करेगी। इंडिगो की इस फ्लाइट में सांसद राजीव प्रताप रूडी, सांसद निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन, निरहुआ भी मौजूद होंगे। देवघर में सभी नेताओं के भव्य स्वागत के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त तैयारी की है। इस फ्लाइट के स्वागत के लिए वाटर सैलूट करने की भी तैयारी है। देवघर एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट के पायलट सांसद राजीव प्रताप रूडी होंगे। दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट दोपहर बाद उड़ान भरेगी जो 2 बजकर 45 मिनट पर देवघर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। उसके बाद शाम 3 बजकर 15 मिनट पर पर देवघर से उड़ान भरकर 5 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली में विमान उतरेगी। दिल्ली से सीधी उड़ान सेवा के तहत देवघर पहुंचने वाले सांसद आज शाम बाबा भोले के श्रृंगार पूजा में शामिल होंगे इसके बाद दूसरे दिन यानी कल वे यहां से प्रस्थान कर जाएंगे। माना जा रहा है कि इस विमान सेवा से भगवान शंकर के भक्तों के लिए आसानी हो जाएगी। एक अगस्त को सावन की तीसरी सोमवारी पर दिल्ली से कई यात्रियों के यहां पूजा करने के लिए आने की संभावना जताई जा रही है।