टीम एबीएन, मेदिनीनगर, (पलामू)। आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज एवं विश्वविद्यालय भवन के अवशेष कार्य एवं बुनियादी सुविधाएं बहाल करने संबंधित कार्यों में तेजी लाते हुए पूर्ण करने का निदेश दिया। आयुक्त ने पाया कि नीलांबर- पीतांबर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। आयुक्त ने जुलाई के अंत तक अवशेष कार्यो को पूर्ण करते हुए उद्घाटन की प्रक्रिया करने एवं प्रशासनिक भवन में अन्य संसाधनों को व्यवस्थित करने का निदेश दिया। वहीं पुस्तकालय ब्लॉक का कार्य भी 90% पूरा हो चुका है। वहीं कुलपति आवास (वीसी विला) का कार्य भी अंतिम चरण में है। समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने पाया कि रास्ता को लेकर स्थानीय लोगों की जो समस्याएं थी, उसे दूर कर लिया गया है। आयुक्त ने भवन निर्माण निगम के अभियंता को निदेश दिया है कि कुलपति से समन्वय स्थापित कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विभाग से आवंटन की मांग करने की बातें कहीं। आयुक्त ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में निर्बाध बिजली व्यवस्था हेतु बिजली कनेक्शन के लिए विधिवत रिक्कूजेश भेजने का निदेश प्राचार्य को दिया। वहीं सब स्टेशन निर्माण के लिए कॉलेज को एस्टीमेट एवं दस्तावेज देने का निदेश दिया। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि कॉलेज परिसर में इंटक वेल का निर्माण किया गया है। साथ ही मोटर भी लगा दिया गया है। ट्रांसफार्मर भी लगाए गए हैं। आयुक्त ने चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में मॉडल महाविद्यालय के निर्माण कार्य में वन भूमि संबंधित समस्या का निदान के लिए अपने सचिव को वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को बुलाकर दोनों के बीच समन्वय कराते हुए समस्या का समाधान कराने का निदेश दिया। बैठक में आयुक्त जटाशंकर चौधरी के अलावा आयुक्त के सचिव अनिल कुमार, प्रति कुलपति डॉ दीप नारायण यादव, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज के संबंधित प्राध्यापक एवं प्रचार्य के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।