टीम एबीएन, रांची। भारत गणराज्य के 15वें राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू के निर्वाचित होने पर बारिश के बीच यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ता ढोल बाजों के बीच पटाखे फोड़ एवं मिठाइयां बांटकर सड़कों पर खूब थिरके। लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल भी लगाए।
उत्सव कार्यक्रम में बोलते हुए भाजपा विधायकदल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश के राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू का भारी बहुमत के साथ निर्वाचित होना लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी समुदाय की महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए चुना जाने से देश का आदिवासी समुदाय गौरवान्वित हुआ है। आज भारत के इतिहास का यह स्वर्णिम दिन है।
मरांडी ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई एवम शुभकामनाएं दी। उन्होंने भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एनडीए के नेताओं के प्रति आभार प्रकट किया। मरांडी ने उन सभी का भी आभार प्रकट किया, जिन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा एनडीए के नीति और नियत में अंत्योदय है। सिंह ने कहा कि आजादी के अमृतकाल द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति चुना जाना लोकतंत्र का अमृत है, जो भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अमरत्व प्रदान करेगा।
रांची के विधायक एवं पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने कहा आज फिर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का अंत्योदय साकार हुआ है। आज भारत ही नहीं विश्व के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ा है, जो दुनिया को नई दिशा देगा। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।