टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य स्वागत किया गया। सनद रहे कि यह एक परिचय सत्र था, जिसमें विद्यार्थी और उनके अभिभावक विद्यालय के परिवेश, नियमावली, पठन-पाठन की प्रक्रिया, मूल्यांकन आदि प्रणालियों से परिचित हुए। उक्त सत्र के लिए विद्यार्थी एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह लक्षित हुआ। सभी शिक्षक तथा शिक्षिकाओं ने विषयवार अपना परिचय दिया। विद्यार्थी एवं अभिभावकगण ने अपनी उम्मीदों और आकांक्षाओं से शिक्षकों को अवगत करवाया। प्राचार्य एसके मिश्रा ने अपने विद्यार्थियों को स्वर्ग की बगिया के चुनिंदा गुलाब का संबोधन देते हुए कहा कि यहां उन्हें अपने सपनों को साकार करने का संपूर्ण अवसर एवं उचित मार्गदर्शन मिलेगा। शिक्षकों और अभिभावकों के सम्मिलित प्रयास एवं अपनी मेहनत के बल पर ही विद्यार्थी अपनी मंजिÞल तक पहुंच सकेंगे। वे सफलता के सर्वोच्च शिखर को छू सकेंगे। डीएवी विद्यालयों में न केवल शैक्षिक बल्कि शिक्षकेत्तर गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जाता है,जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। प्राचार्य ने अभिभावकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर विद्यालय के इंडक्शन कार्यक्रम में भाग लिया। वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती राजश्री मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यालय की संपूर्ण गतिविधियों से विद्यार्थियों को परिचित करवाया। शांति पाठ के साथ सभा का समापन हुआ।