बेड़ो। रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर शनिवार की अहले सुबह लगभग 5.30 बजे केशा मोड़ और कॉलेज गेट के समीप बेड़ो पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 20 से अधिक गौवंशीय पशुओं को ट्रक समेत जब्त कर लिया है। वहीं चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ट्रक पर सवार तस्कर भागने में सफल रहे। बेड़ो के थाना प्रभारी मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि जैसे ही ट्रक को रोका गया सभी उतरकर भागने लगे। सभी पशु भूखे थे। जैसे ही उन्हें थाना परिसर लाया गया सभी घास खाने टूट पड़े। बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ की ओर ट्रक जा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि गोवंश पशुओं की तस्करी के अधिनियम के तहत बेड़ो थाना में मामला दर्ज किया जाएगा। गौवंशीय पशुओं को स्थानीय मुखिया सुशांति भगत की देखरेख में किसानों को अस्थायी रूप से सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी प्रक्रिया कानून के दायरे में की जाएगी। ज्ञात हो कि तीन दिन पहले गत गुरुवार को बेड़ो पुलिस ने पैदल जानवरों को तस्करी के लिए ले जाए जा रहे नौ पशुओं को बरामद किया था। पशुओं की तस्करी करते हुए खुलेआम बंद ट्रकों और पैदल मांडर तथा लापुंग होते हुए रांची और खूंटी जिले के सीमावर्ती इलाके से होकर तस्करी किए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। पशु तस्कर पूरी योजनाबद्ध तरीके से गोवंशीय पशुओं को छत्तीसगढ़ से बांग्लादेश तक तस्करी कर पहुंचाने का काम एक बार फिर शुरू कर दिये हैं।