टीम एबीएन, लोहरदगा। भारतीय स्टेट बैंक, लोहरदगा ने किसान संपर्क कार्यक्रम के तहत रात्रि किसान चौपाल का आयोजन आठ जुलाई को सेरेंगहातु गांव में किया। इसमें भारतीय स्टेट बैंक रांची क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय से मुख्य प्रबंधक राजेश चौधरी, लोहरदगा शाखा के मुख्य प्रबंधक कुमार रंजन और अन्य वरिष्ठ बैंक कर्मी स्वयं मौजूद थे। सर्वप्रथम कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत सेरेंगहातू गांव में स्थित जीएल मिशन प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को बैंक की ओर से स्कूल बैग, कॉपी, पेंसिल आदि दिए गए। बैंक की ओर से स्कूल प्रबंधन को एक आलमारी भी दी गई। मौके पर समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए उप महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने पौधरोपण भी किया। इसके बाद स्थानीय डिवाइन स्पार्क पब्लिक स्कूल के हाल में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। मौके पर किसानों को बैंक के विभिन्न ऋण योजनाओं खास कर ऋषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड आदि की जानकारी दी गई। बैंक के अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच विभिन्न जमा योजनाओं, बीमा योजनाओं की भी जानकारी विस्तार में दी। मौके पर उप महाप्रबंधक श्री सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक सदैव ग्राहकोन्मुखी कार्यशैली व सामाजिक दायित्व से सरोकार रखते हुए बैंकिंग सेवा दे रहा है। यह किसान संपर्क कार्यक्रम इसी दिशा में एक पहल है। आप सभी से आग्रह है कि बैंक की विभिन्न योजनाओं का भरपूर लाभ उठावें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण किसानों ने हिस्सा लिया। बैंक द्वारा की गई इस पहल की सराहना की। जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार राम ने इस मौके पर कहा कि एसबीआई लोहरदगा की ओर से किसान चौपाल लगाकर सराहनीय कार्य किया गया है। इस तरह के कार्यक्रम से किसानों का मनोबल बढ़ता है। उन्हें ऋण समेत अन्य बैंक योजनाओं की जानकारी मिलती है। बिचौलियों के लिए कोई स्थान नहीं होता है। मौके पर स्थानीय तोडार पंचायत मुखिया शोभा देवी ओर समिति सदस्य सरफुद्दीन सहित गणमान्य ग्रामीण मौजूद थे।